Karnataka cab meter mandatory: कर्नाटक में ऐप आधारित कैब सेवाओं के जरिए सफर करने वाले यात्रियों को मनमाने किराये से राहत देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में ओला (Ola), ऊबर (Uber) और नम्मा यात्री (Namma Yatri) जैसी कंपनियों से जुड़ी गाड़ियों में भी ऑटो रिक्शा की तरह ‘फिजिकल मीटर’ लगाना अनिवार्य होगा। राज्य के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश ने यह अहम ऐलान करते हुए स्पष्ट किया है कि नए नियमों के लागू होने के बाद कोई भी टैक्सी या ऑटो रिक्शा बिना मीटर के सड़कों पर नहीं चल सकेगा। एयरपोर्ट पर चलने वाली टैक्सियों को भी इस नए नियम के दायरे में लाया जा रहा है।
नए साल तक लागू हो सकते हैं नियम, उल्लंघन पर जब्त होगी गाड़ी| Karnataka cab meter mandatory
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि इस संबंध में परिवहन विभाग नियमों का मसौदा (ड्राफ्ट) तैयार कर रहा है और जल्द ही सरकार की तरफ से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए हैं कि नए साल तक ये नियम पूरी तरह लागू हो सकते हैं। प्रशासन की ओर से सख्त चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ उन्हें जब्त भी किया जा सकता है।
केवल मोबाइल ऐप में मीटर दिखाने से नहीं चलेगा काम
मंत्री बायरथी सुरेश ने दो टूक कहा कि हर कैब और टैक्सी में अलग से फिजिकल मीटर लगवाना जरूरी होगा और यात्रियों को मीटर में दिखने वाले किराये के हिसाब से ही भुगतान करना होगा। कैब कंपनियां केवल अपने मोबाइल ऐप में डिजिटल मीटर की सुविधा दिखाकर नियमों से बच नहीं सकेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस नई व्यवस्था के तहत मोबाइल फोन या ऐप के जरिए दिखाए जाने वाले किराये के भुगतान की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग पहले ही प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराये की दरें तय कर चुका है। ऐसे में फिजिकल मीटर लगने के बाद कैब संचालक पीक आवर्स या किसी अन्य बहाने से यात्रियों से मनमाना किराया नहीं वसूल पाएंगे।
दूसरे राज्यों की टैक्सियों को भी मानना होगा यह नियम
परिवहन मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस महत्वपूर्ण फैसले से जुड़ी फाइल पर अपने हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह नियम कर्नाटक की सीमा में चलने वाली हर टैक्सी पर समान रूप से लागू होगा। इसमें दूसरे राज्यों से आकर कर्नाटक में सेवाएं देने वाले टैक्सी ऑपरेटर भी शामिल हैं उन्हें भी अपनी गाड़ियों में अनिवार्य रूप से मीटर लगवाना होगा और उसी के मुताबिक किराया लेना होगा।
बायरथी सुरेश के मुताबिक, यह कदम कर्नाटक के स्थानीय टैक्सी ड्राइवरों और ऑपरेटरों की मांग पर ही उठाया गया है। ज्यादातर ड्राइवर इस फैसले से पूरी तरह सहमत हैं और अन्य ऑपरेटरों ने भी जल्द मीटर लगवाने का भरोसा दिया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य कैब सेवाओं में हो रही मनमानी वसूली पर लगाम लगाना और यात्रियों से तय सरकारी दरों पर ही किराया लेना सुनिश्चित करना है।













































