Aasthakunj Park gangrape case: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आस्थाकुंज पार्क में जन्मदिन मनाने निकली 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस ने अपनी जांच पूरी कर ली है। वारदात के करीब 60 दिन बाद पुलिस ने साकेत कोर्ट में 450 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस आरोपपत्र में तीनों आरोपियों आसिफ, हेमंत और मुकेश (जिसे साथी ‘दीपू’ कहकर बुलाते थे) को नामजद किया गया है। पुलिस ने इस मामले को पुख्ता बनाने के लिए पीड़िता और उसकी सहेली समेत कुल 55 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।
जन्मदिन पर मंदिर दर्शन के बाद पार्क गई थी पीड़िता| Aasthakunj Park gangrape case
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि यह दरिंदगी पीड़िता के जन्मदिन वाले दिन हुई। पुलिस को दी गई शिकायत और FIR में दर्ज बयान के मुताबिक, 22 सितंबर को लड़की का जन्मदिन था। वह अपनी एक सहेली के साथ शाम करीब 4:55 बजे कालकाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी। करीब 7 बजे मंदिर से बाहर निकलने के बाद दोनों ने चिप्स और पानी की बोतल खरीदी और गेट नंबर-7 से आस्थाकुंज पार्क के अंदर चली गईं। थोड़ी देर पार्क में रुकने के बाद उनका इस्कॉन मंदिर जाने का प्लान था।
बेंच पर बैठते ही दरिंदों ने बोला धावा, छीने मोबाइल फोन
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब वे दोनों एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रही थीं, तभी 30 से 35 साल की उम्र के तीन युवक पीछे से आए। आरोप है कि युवकों ने पहले उसकी सहेली को दबोच लिया, उसे थप्पड़ मारा और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद दो आरोपियों ने पीड़िता को झाड़ियों की तरफ चलने को कहा। जब घबराई हुई लड़की ने अपनी मां से बात कराने की मिन्नतें कीं, तो एक आरोपी ने दूसरे से कहा, “आसिफ भाई बंदूक निकालो।”
गले पर चाकू और बंदूक की नोक पर की हैवानियत
पीड़िता ने अपने बयान में आसिफ की पहचान बैंगनी रंग की शर्ट पहने एक मजबूत कद-काठी वाले शख्स के तौर पर की। आरोप है कि आसिफ ने काली बंदूक निकाली और फिर तीनों ने चाकू दिखाकर पीड़िता को पार्क के अंधेरे हिस्से में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां आसिफ ने कथित तौर पर उसके गले पर चाकू रखकर दुष्कर्म किया, जबकि हेमंत को उसकी सहेली पर नजर रखने के लिए वहां तैनात किया गया।
इसके बाद आसिफ ने हेमंत को फोन करके कहा कि वह ‘दीपू’ (मुकेश) को लेकर आ रहा है। फिर हेमंत पीड़िता को दूसरी जगह ले गया और वहां भी गर्दन पर चाकू अड़ाकर उसके साथ हैवानियत की गई। पीड़िता के मुताबिक, बाकी दोनों आरोपी तीसरे युवक मुकेश को ‘दीपू’ कहकर पुकार रहे थे।
CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन बने अहम सबूत
दिल्ली पुलिस ने अपनी 450 पन्नों की चार्जशीट में तकनीकी साक्ष्यों की एक मजबूत कड़ी पेश की है। इसमें तीनों आरोपियों के मोबाइल लोकेशन डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को शामिल किया गया है। इसके अलावा, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटाई गई है, जिसमें आरोपी वारदात वाले इलाके के इर्द-गिर्द घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। चश्मदीद सहेली का बयान भी इस केस में बेहद अहम माना जा रहा है।
BNS और POCSO एक्ट की सख्त धाराओं में तय हुए आरोप
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) (नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म), धारा 61(2) (आपराधिक साजिश), धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप लगाए हैं। साथ ही, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट की धारा 6 और 17 भी जोड़ी गई हैं। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब अदालत में इस मामले का ट्रायल आगे बढ़ेगा।













































