Faridabad COO murder CCTV: फरीदाबाद के पॉश इलाके सेक्टर-21C में धनतेरस की शाम यानी 6 नवंबर को हुए सनसनीखेज हत्याकांड में अब तीन नए और दिल दहला देने वाले सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आए हैं। वियतनाम की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) 45 वर्षीय परमजीत धनखड़ की हत्या के इन वीडियो में आरोपी पड़ोसी मोहन शर्मा उर्फ मोनू की पूरी हैवानियत और वारदात का एक-एक पल कैद हुआ है। फुटेज देखने से साफ पता चलता है कि आरोपी ने इस खूनी खेल की पूरी प्लानिंग पहले से कर रखी थी। उसने भागने के लिए अपनी XUV कार को पहले ही स्टार्ट हालत में गेट के बाहर खड़ा कर दिया था और पार्किंग के बहाने परमजीत को नीचे बुलाकर उनके बेटे और बुजुर्ग मां के सामने गोलियों से भून डाला।
CCTV में कैद आखिरी 3 मिनट की खौफनाक बातचीत| Faridabad COO murder CCTV
वीडियो फुटेज में आरोपी मोहन शर्मा और परमजीत के बीच हुई तीखी बहस और फायरिंग का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है, जो रोंगटे खड़े कर देता है:
- आरोपी मोहन शर्मा: “धनखड़ साहब, भाई साहब, जरा नीचे आएंगे। गाड़ी लगानी है यार एक बार।” (आवाज सुनकर परमजीत और उनका 18 साल का बेटा शौर्य फ्लैट से नीचे आते हैं।)
- आरोपी मोहन शर्मा: “भैया, आप विधवा समझते हो, विधवा क्या होती है?”
- परमजीत: “काम बताओ।”
- आरोपी (गुस्से में): “मैंने आपसे एक बात पूछी है, विधवा क्या होती है?”
- परमजीत: “आप काम तो बताओ, क्या हो गया?”
- आरोपी: “आपने मुझे उस दिन दोस्तों से पिटवा दिया।”
- परमजीत: “मैंने आपको किसी से नहीं पिटवाया, हम बिल्कुल शांति से बैठे थे। आप अपनी बात करो।”
- आरोपी: “मुझे आपसे कोई बात ही नहीं करनी है।”
- परमजीत: “जब बात नहीं करनी है तो बात ही खत्म हो गई।” (इतना कहते ही आरोपी पैंट की जेब से पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है।)
- परमजीत की मां (चिल्लाते हुए): “तूने ये क्या कर दिया?” (वे मदद के लिए घरवालों को बुलाती हैं, तभी आरोपी फिर 4 गोलियां दागता है।)
- आरोपी (भागते समय): “दिवाली मुबारक हो विधवाओं, सबको मार दूंगा।”
गोली लगने के बाद भी आरोपी से भिड़ गए थे परमजीत
फुटेज के मुताबिक, वारदात से ठीक पहले आरोपी मोहन शर्मा सोसायटी के बाहर से नाचते हुए अपने थर्ड फ्लोर वाले फ्लैट में गया था। महज 5 मिनट बाद वह जेब में पिस्टल और एक्स्ट्रा मैगजीन रखकर नीचे उतरा और बेल बजाकर परमजीत को बुलाया। परमजीत ने बातचीत से मामला शांत करने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोपी ने अचानक गोलियां चला दीं।
गोलियां लगने के बावजूद परमजीत ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने लपककर मोहन को दबोच लिया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद जान बचाने के लिए वे मेन गेट की तरफ भागे। हाथापाई और फायरिंग में आरोपी की पिस्टल की मैगजीन खाली हो गई थी। उसने तुरंत दूसरी मैगजीन लोड की और शोर सुनकर बाहर आईं परमजीत की बुजुर्ग मां के सामने मेन गेट पर फिर से उन पर 4 गोलियां दाग दीं।
अनखीर चौकी के बाहर हुई पिटाई का बदला, लग्जरी कारों का शौकीन है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले अनखीर पुलिस चौकी के बाहर परमजीत के दोस्तों ने मोहन शर्मा के साथ मारपीट की थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। स्क्रैप कारोबारी मोहन शर्मा महंगी विदेशी गाड़ियों का शौकीन है और उसके पास बिना नंबर प्लेट की करोड़ों की लैम्बोर्गिनी, मर्सडीज बेंज GLS और बीएमडब्ल्यू (BMW) समेत 5 लग्जरी कारें हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पहले से स्टार्ट खड़ी XUV कार में बैठकर फरार हो गया, जबकि उसका परिवार BMW कार से भाग निकला।
XUV और खून से सनी टी-शर्ट बरामद, परिवार को मिली सुरक्षा
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एनसीआर इलाके से वारदात में इस्तेमाल की गई XUV गाड़ी और उसकी खून से सनी टी-शर्ट बरामद कर ली गई है। इस भयानक घटना के बाद से परमजीत का परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया करा दी है और उनके घर के बाहर आधुनिक हथियारों से लैस दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, आरोपी के फ्लैट पर फिलहाल ताला लटका हुआ है।













































