Fake ED officer Mathura: प्रवर्तन निदेशालय (ED) का फर्जी अधिकारी बनकर शहर में अपना रसूख जमाने वाले नटवरलाल सचिन शर्मा के इरादे सिर्फ अधिकारियों पर रौब झाड़ने तक सीमित नहीं थे, बल्कि वह एक बहुत बड़े आर्थिक घोटाले की जमीन तैयार कर रहा था। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जो खुलासे किए उसने जांच अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। सचिन शर्मा की नजर बैंक अधिकारियों से सांठगांठ कर करीब 150 से 200 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लोन पास कराने और फिर खुद को दिवालिया घोषित कर पूरी रकम डकारने पर थी।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी सचिन शर्मा ने खुद को ईडी का बड़ा अफसर बताकर शहर के प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में गहरी पैठ बना ली थी। वह सरकारी महकमों में अपना रुतबा दिखाकर लोगों को झांसे में लेता था, लेकिन इसके पीछे उसका असली मकसद करोड़ों का आर्थिक साम्राज्य खड़ा करना था।
बैंक अधिकारियों से दोस्ती और 200 करोड़ के लोन का प्लान| Fake ED officer Mathura
पूछताछ में सामने आया है कि सचिन का कई बैंक अफसरों के साथ उठना-बैठना था। वह बैंकिंग सेक्टर में अपनी इसी कथित पहुंच और प्रभाव का इस्तेमाल करने की फिराक में जुटा था। उसकी योजना किसी बड़े प्रोजेक्ट या साइट को दिखाकर बैंक से 150 से 200 करोड़ रुपये तक का लोन मंजूर कराने की थी। शातिर ने लोन हड़पने का ऐसा दांव सोचा था कि कानून के शिकंजे से भी बच जाए। उसने तय कर रखा था कि जैसे ही लोन की भारी रकम उसके हाथ लगेगी, वह खुद को दिवालिया घोषित कर देगा। इस तरह बैंक की रकम चुकाने से बच जाएगा और पूरी दौलत उसके पास रह जाएगी।
व्यापारियों से ठगी और बिल्डर के फ्लैट पर कब्जा
जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पहले ही कई व्यापारियों को डरा-धमकाकर और प्रभाव में लेकर लाखों रुपये की चपत लगा चुका है। उसने गोवर्धन चौराहे के पास एक बिल्डर को भी ईडी अधिकारी का रौब दिखाकर झांसे में लिया और उसके यहां किराए पर फ्लैट ले रखा था, जहां वह ठाठ-बाट से रहता था।
सीओ प्रवीण कुमार तिवारी के मुताबिक, फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि उसकी यह 200 करोड़ वाली योजना किस स्तर तक पहुंच चुकी थी और इस खेल में कौन-कौन से बैंक अधिकारी व अन्य लोग उसके मददगार बने हुए थे। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ ही ठगी के कई और बड़े मामले सामने आ सकते हैं।













































