Bhupesh Baghel son ED: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की कानूनी मुश्किलें और बढ़ती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य के कथित 2,883 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य बघेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जांच एजेंसी ने दुर्ग जिले में चैतन्य से जुड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘विट्ठल ग्रीन्स’ के 355 प्लॉट प्रोविजनल तौर पर अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 61 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद भूपेश बघेल ने ईडी की मंशा और टाइमिंग पर तीखे सवाल खड़े करते हुए इसे उन्हें बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
मेन गेट पर चस्पा किया नोटिस, 385 में से 355 प्लॉट पर कार्रवाई| Bhupesh Baghel son ED
जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम शनिवार, 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे दुर्ग जिले स्थित ‘विट्ठल ग्रीन्स’ कॉलोनी पहुंची। अधिकारियों ने कॉलोनी के मुख्य द्वार पर प्रोविजनल अटैचमेंट (अस्थायी कुर्की) का आदेश चस्पा कर दिया और जब्त की गई संपत्तियों का ब्योरा देने वाला एक बड़ा सूचना बोर्ड भी वहां लगा दिया।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बेचे जा चुके थे, इसलिए खरीदारों के हितों को देखते हुए उन्हें इस कार्रवाई से अलग रखा गया। इनके अलावा शेष बचे सभी 355 प्लॉट जिनमें एक कमर्शियल प्लॉट भी शामिल है एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। ईडी का आरोप है कि इन संपत्तियों की खरीद में कथित अवैध शराब कारोबार से जुटाई गई काली कमाई यानी ‘क्रिमिनल इनकम’ का इस्तेमाल किया गया था।
क्या है 2,883 करोड़ रुपये का कथित शराब घोटाला?
यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ में साल 2019 से 2023 के बीच हुए कथित 2,883 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच का हिस्सा है। गौरतलब है कि यही वह दौर था जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री की कुर्सी पर थे। जांच एजेंसी का दावा है कि इस दौरान प्रदेश में संगठित तरीके से अवैध शराब का कारोबार चलाया गया और उससे हुई अवैध कमाई को रियल एस्टेट व अन्य संपत्तियों में खपाया गया। हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोप अभी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं और अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।
भूपेश बघेल का पलटवार- ‘सुर्खियां बटोरने और बदनाम करने की कोशिश’
ईडी की इस छापेमारी और जब्ती के अगले दिन यानी रविवार, 15 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एजेंसी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी किसी ठोस जांच के बजाय केवल खबरें बनवाने और उनकी छवि खराब करने के मकसद से काम कर रही है।
बघेल ने तंज कसते हुए कहा, “ईडी के पास कोई काम-धंधा नहीं बचा है, उन्होंने सिर्फ खबर चलाने के लिए नोटिस चिपका दिया है। वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को यह दिखाना चाहते हैं कि वे बहुत सक्रिय हैं। कोर्ट ने पहले ही प्रॉपर्टी सीज करने की बात कही थी, जिसके खिलाफ हम ट्रिब्यूनल गए हैं और वहां सुनवाई होनी है। लेकिन अपनी सक्रियता दिखाने के लिए उन्होंने जल्दबाजी में यह कार्रवाई कर दी। यह सिर्फ मुझे बदनाम करने की एक कोशिश है।”












































