Madhubala: हिंदी सिनेमा के गोल्डन ऐरा की जब भी बात होती है, एक नाम सबसे पहले ज़हन में आता है—मधुबाला। ‘वीनस ऑफ… इंडियन सिनेमा’ कही जाने वाली इस अदाकारा का सफर जितना शानदार था, उतना ही दर्दनाक भी। वैलेंटाइन डे पर जिसका जन्म हुआ, उसकी अपनी जिंदगी प्यार और दर्द की एक अधूरी कहानी बनकर रह गई।
भारतीय सिनेमा की सबसे खूबसूरत मुस्कान, जिसने महज 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। और किस्मत का खेल देखिए, जिस अभिनेत्री ने अपनी पूरी जिंदगी ब्लैक-एंड-व्हाइट पर्दे पर राज किया, उनकी पहली पूरी रंगीन फिल्म उनकी मौत के दो साल बाद रिलीज हुई। आइए जानते हैं उस एक्ट्रेस के जीवन के अनछुए पहलुओं को जिनकी असल जिंदगी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी।
और पढ़ें: अर्श से फर्श पर कैसे पहुंचे Sharad Kapoor? Josh फिल्म के विलेन की Untold Story
Madhubala को जब मिला पहला ब्रेक
मधुबाला (Madhubala ) का यह सफर जितना चमकीला दिखता है, इसकी शुरुआत उतनी ही अंधेरी और तंग गलियों से हुई थी। 14 फरवरी 1933 को दिल्ली के एक गरीब पठान परिवार में जन्मी इस बच्ची का असली नाम मुमताज जहां बेगम देहलवी था। वे अपने माता-पिता की 11 संतानों में से पांचवीं थीं।
लेकिन किस्मत का अजीब खेल देखिए, मुमताज के पैदा होते ही उनके पिता अताउल्लाह खान की नौकरी छूट गई। तीन बहन-भाइयों की बचपन में ही मौत हो गई। पाई-पाई को मोहताज यह परिवार किस्मत आजमाने मुंबई आ गया। यहाँ महज 9 साल की नन्हीं मुमताज को अपने परिवार का पेट पालने के लिए बॉम्बे टॉकीज के चक्कर काटने पड़े। साल 1942 में उन्हें फिल्म ‘बसंत’ में एक बाल कलाकार के रूप में पहला मौका मिला। इस फिल्म में उनके हुनर और मासूमियत ने उस दौर की मशहूर एक्ट्रेस देविका रानी का ध्यान खींचा।
एक धमाके से तबाह हुआ घर
अभी यह छोटी सी बच्ची अपने पैरों पर खड़ी हो ही रही थी कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के बंदरगाह (Bombay Docks) पर एक भयानक धमाका हुआ। इस विस्फोट ने मुंबई के एक बड़े हिस्से को हिलाकर रख दिया और इसी की चपेट में आकर मुमताज का घर भी पूरी तरह स्वाहा हो गया। खुदा का शुक्र था कि उस वक्त पूरा परिवार एक सिनेमाघर में फिल्म देख रहा था, जिससे सबकी जान तो बच गई, पर वे एक बार फिर सड़क पर आ गए।
लेकिन इस घने अंधेरे के ठीक बाद मुमताज की किस्मत का सबसे चमकीला सूरज उगने वाला था। फिल्म ‘बसंत’ में उनके काम से प्रभावित बॉम्बे टॉकीज की मालकिन देविका रानी ने इस बच्ची के भीतर छिपे जादू को पहचान लिया था। उन्होंने इस बच्ची को एक नया, नाम दिया—’मधुबाला'(Madhubala ) ।
सुपरस्टारडम की शुरुआत
वक्त का पहिया घूमा और देखते ही देखते यह नन्हीं बच्ची एक बेहतरीन अदाकारा के रूप में ढलने लगी। साल 1947 में, महज 14 साल की उम्र में मधुबाला को बतौर लीड एक्ट्रेस अपना पहला बड़ा ब्रेक मिला फिल्म ‘नील कमल’ में, जहाँ उनके अपोजिट थे राज कपूर। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर कोई बहुत बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन पर्दे पर आते ही मधुबाला के चेहरे के नूर और उनकी कमाल की अदाकारी ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया। इसके ठीक दो साल बाद, 1949 में आई हॉरर-सस्पेंस फिल्म ‘महल’ ने 16 साल की मधुबाला को रातों-रात भारतीय सिनेमा का सुपरस्टार बना दिया।
दिलीप कुमार से हुई मुलाकात
शोहरत की इन बुलंदियों पर पहुंचने के बाद अब मधुबाला के जीवन में उस खूबसूरत एहसास की एंट्री होने वाली थी, जिसने उन्हें असीम खुशियाँ भी दीं और कभी न मिटने वाले ज़ख्म भी। यह साल 1951 था, जब फिल्म ‘तराना’ के सेट पर उनकी मुलाकात दिलीप कुमार से हुई। दोनों के बीच प्यार का सिलसिला शुरू हुआ, जो करीब सात सालों तक चला।
दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन साल 1957 में आई फिल्म ‘नया दौर’ के दौरान एक कानूनी विवाद की वजह से दोनों के रिश्तों में ऐसी दरार आई, जिसने इस अमर प्रेम कहानी का हमेशा के लिए अंत कर दिया। दिलीप कुमार के आत्मसम्मान और मधुबाला (Madhubala ) के पिता की जिद के बीच यह रिश्ता टूट गया।
कहते हैं कि फिल्म ‘मुग़ल-ए-आज़म’ (1960) के मशहूर गाने ‘प्यार किया तो डरना क्या’ की शूटिंग के वक्त, पर्दे पर जो प्यार और तड़प दिख रही थी, वो असल में इन दोनों के टूटे हुए दिलों का असली दर्द था। दोनों ने बात करना तक बंद कर दिया था, लेकिन फिर भी उन्होंने इतिहास की सबसे महान प्रेम कहानी को पर्दे पर उतार दिया।
किशोर कुमार ने थामा हाथ
इस अधूरी मोहब्बत ने मधुबाला (Madhubala ) को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया, और यहीं से उनकी जिंदगी में दर्द का एक नया और आख़िरी अध्याय शुरू हुआ। साल 1954 में ही दुनिया के सामने एक खौफनाक सच आ चुका था कि मधुबाला के दिल में छेद था। इस अकेलेपन और बीमारी के बीच, साल 1960 में किशोर कुमार ने उन्हें सहारा दिया और दोनों ने शादी कर ली। लेकिन डॉक्टरों ने साफ़ कह दिया था कि मधुबाला के पास जीने के लिए बहुत कम वक्त है।
पूरी दुनिया को अपनी मुस्कान से दीवाना बनाने वाली ‘वीनस’ अपनी ज़िंदगी के आख़िरी नौ साल एक बंद कमरे में, बिस्तर पर लेटे-लेटे अकेलेपन से लड़ते हुए गुज़ारने को मजबूर हो गई। आखिरकार, 23 फरवरी 1969 को, अपने 36वें जन्मदिन के ठीक नौ दिन बाद, इस महान अदाकारा ने हमेशा के लिए अपनी आँखें मूंद लीं। मौत के बाद उनका अकेलापन तो खत्म हो गया, लेकिन हिंदी सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा खालीपन छोड़ गया जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। उनकी मौत के दो साल बाद यानी 1971 में उनकी आखिरी और पहली कलर फिल्म ‘ज्वाला’ रिलीज हुई, जिसे देखने के लिए वो खुद मौजूद नहीं थीं।
ये थी मधुबाला (Madhubala ) की लाइफ की वो कहानी जो किसी ट्रैजेडी से कम नहीं। तो आपको मधुबाला की कौन सी फिल्म या उनका कौन सा अंदाज सबसे ज्यादा पसंद है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।













































