ज्ञानेश इट्स डन ब्रो…आकाशवाणी भवन में 9 घंटे का हाई-वोल्टेज ड्रामा, हिरासत के बाद देर रात छूटे राहुल और प्रियंका गांधी| Rahul Priyanka police custody

Nandani | Nedrick News New Delhi Published: 07 अक्टूबर 2026, 08:54 PM Updated: 07 अक्टूबर 2026, 08:54 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Rahul Priyanka police custody: नई दिल्ली की सड़कों पर मंगलवार को सुबह 11 बजे से लेकर देर रात तक जबरदस्त सियासी घमासान देखने को मिला। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेदों को लेकर ‘इंडिया’ (INDIA) ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर कूच किया। इस दौरान संसद मार्ग पर जबरदस्त टकराव की स्थिति बनी रही। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत रात करीब आठ बजे हुआ, जब दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के परिसर में धरना दे रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया।

हालांकि, कुछ ही घंटों बाद दोनों नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन से रिहा कर दिया गया, जिसके बाद वे अपनी निजी गाड़ियों से रवाना हो गए।

और पढ़ें: CEC को सस्पेंड कर दिया तो चुनाव कौन कराएगा? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ PIL पर सुप्रीम कोर्ट सख्त| CEC Gyanesh Kumar PIL

बैरिकेड पर राहुल, हाथ में तख्ती और अचानक बदला प्लान| Rahul Priyanka police custody

प्रदर्शन की शुरुआत संसद मार्ग से हुई, जहां राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी, जया बच्चन, महुआ मोइत्रा और डेरेक ओ’ब्रायन जैसे दिग्गज नेता मार्च कर रहे थे। भीड़ इतनी थी कि पूरी पार्लियामेंट स्ट्रीट पर आवाजाही ठप हो गई। राहुल गांधी के हाथ में एक तख्ती थी, जिस पर लिखा था, “ज्ञानेश इट्स डन ब्रो”। जब पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर मार्च रोका, तो राहुल गांधी नीति आयोग के दफ्तर के पास बैरिकेड पर चढ़ गए और हाथों में तिरंगा लहराया।

तभी पुलिस ने विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाना शुरू किया। सब कुछ पुलिस के प्लान के मुताबिक लग रहा था, लेकिन दोपहर करीब 12:20 बजे माहौल अचानक पलट गया। राहुल गांधी ने बस में बैठी प्रियंका गांधी से कुछ बात की और अचानक तेजी से आकाशवाणी भवन के रिसेप्शन गेट (गेट नंबर 3) की ओर बढ़ गए। सुरक्षाकर्मियों के रोकने के बावजूद वे अंदर दाखिल हो गए। कुछ ही मिनटों बाद प्रियंका गांधी भी बस से उतरकर अंदर पहुंच गईं।

बरगद के पेड़ के नीचे धरना, रोल, चिप्स और मॉस्किटो क्रीम

दोनों नेता आकाशवाणी भवन के गेट नंबर 4 के पास एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे जमीन पर बैठ गए। देखते ही देखते वहां गद्दे और मैट बिछा दिए गए। अंदर मौजूद आकाशवाणी कर्मचारियों में सेल्फी लेने की होड़ मच गई, तो कुछ लोग छत से यह नजारा देखने लगे। थोड़ी ही देर में केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, चरणजीत सिंह चन्नी, महुआ मोइत्रा और जॉन ब्रिटास भी वहां पहुंच गए।

दोपहर से रात तक चले इस धरने के दौरान खान-पान का दौर भी चला। कार्यकर्ताओं ने पास की दुकानों से आलू के चिप्स, भुजिया, चॉकलेट, पानी की बोतलें और डाइट कोक मंगवाई। दोपहर के खाने में मशहूर ‘खान चाचा’ के रोल्स मंगाए गए। शाम ढलते ही मच्छरों से बचने के लिए अंदर क्रीम भी पहुंचाई गई। राहुल गांधी लगातार बरगद के नीचे डटे रहे, जबकि प्रियंका गांधी बाहर पुलिस अफसरों से बातचीत करती रहीं।

‘यह देश के साथ गद्दारी है’

दोपहर करीब ढाई बजे राहुल गांधी ने ग्रिल के बीच से मीडिया से बात करते हुए सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मुझे परवाह नहीं कि बीजेपी क्या बोलती है। मैं यहां लोकतंत्र की रक्षा के लिए खड़ा हूं। देश के साथ जो किया जा रहा है, वह खुली गद्दारी है। चाहे पीएम मोदी हों, अमित शाह हों या कोई और, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने साफ किया कि जब तक चुनाव आयोग विपक्ष के सभी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से मिलने का समय तय नहीं करता, वे वहां से नहीं हटेंगे।

चुनाव आयोग की सफाई और रात का एक्शन

उधर, चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा कि मंगलवार शाम चार बजे तक विपक्ष की ओर से औपचारिक बैठक की कोई मांग नहीं मिली थी। चार बजे दिल्ली पुलिस के जरिए सूचना मिली कि राहुल गांधी के नेतृत्व में एक दल ज्ञापन देना चाहता है। आयोग ने कहा कि मुलाकात दोनों पक्षों की सहमति से तय वक्त पर ही संभव है। रात करीब 8 बजे दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आकाशवाणी भवन के भीतर कार्रवाई शुरू की। पहले दीपेंद्र हुड्डा, पवन खेड़ा, चन्नी और टीएमसी सांसदों को बसों में भरा गया। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया। पुलिस जब राहुल को बस में ले गई, तो वे खिड़की से बाहर झांकते नजर आए। आखिरकार किंग्सवे कैंप ले जाए जाने के कुछ देर बाद पुलिस ने सभी को रिहा कर दिया।

और पढ़ें: अपने ही देश में दूसरे दर्जे का नागरिक बनाना मंजूर नहीं: सुप्रीम कोर्ट जज ने मताधिकार छीनने वाली प्रक्रिया को बताया मनमाना| Voter list SIR controversy

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds