Kuku Kohli Cinematic Journey: बॉलीवुड ने 90 के दशक के सिनेमा का एक चमकता सितारा खो दिया है। अजय देवगन की वो आइकॉनिक बाइक वाली एंट्री तो आपको याद ही होगी? ‘फूल और कांटे’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म से बॉलीवुड को अजय देवगन जैसा सुपरस्टार देने वाले दिग्गज निर्देशक कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि कुकू कोहली ने अपने करियर की शुरुआत कैसे की और कैसे 90 के दशक में हिंदी सिनेमा को कई बेहतरीन कमर्शियल फिल्में दीं।
बतौर Assistant Director किया काम
कुकू कोहली (Kuku Kohli) ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत सीधे डायरेक्टर के तौर पर नहीं की, बल्कि भारतीय सिनेमा के ‘शोमैन’ कहे जाने वाले राज कपूर के सहायक (Assistant Director) के रूप में की थी।
उन्होंने राज कपूर की आइकॉनिक फिल्मों जैसे ‘बॉबी’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ और ‘प्रेम रोग’ के सेट पर रहकर डायरेक्शन की बारीकियां सीखीं। इसके अलावा, उन्होंने सनी देओल की पहली फिल्म ‘बेताब’ में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया था।
पहली फिल्म से ही तोड़े रिकॉर्ड
लंबे इंतजार और मेहनत के बाद 1991 में उन्होंने फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बतौर डायरेक्टर शुरुआत की। इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया, बल्कि अजय देवगन को रातों-रात स्टार बना दिया। दो चलती बाइकों पर पैर रखकर अजय देवगन की एंट्री आज भी बॉलीवुड के इतिहास के सबसे आइकॉनिक सीन्स में से एक है।
इसके बाद कुकू कोहली (Kuku Kohli) ने 90 के दशक में कई और हिट फिल्में दीं, जिनमें शामिल हैं: अक्षय कुमार और अजय देवगन की ‘सुहाग’, अजय देवगन और तब्बू की ‘हकीकत’, इसके अलावा ‘कोहराम’, गोविंदा की ‘अनाड़ी नंबर 1’ और साल 2002 में आई ‘ये दिल आशिकाना’।
Kuku Kohli ने इस एक्ट्रेस से की दूसरी शादी
अगर बात कुकू कोहली (Kuku Kohli) की निजी जिंदगी की करें, तो वो बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति थे। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘कोहराम’ के सेट पर हुई थी, जिसके बाद 1990 में उन्होंने शादी कर ली थी। कुकू जी के अचानक चले जाने से पूरी इंडस्ट्री सदमे में है। उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सुपरस्टार अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है।
अजय देवगन ने लिखा, ‘कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं, कुकू जी मेरे लिए उनमें से एक थे। आपकी आत्मा को शांति मिले।’सिनेमा जगत में कुकू कोहली के इस योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। कुकू कोहली की फिल्मों में से आपकी सबसे पसंदीदा फिल्म कौन सी है? हमें कमेंट बॉक्स में ज़रूर बताएं।













































