Vietnam Speedboat Accident: दक्षिणी वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की जान चली गई। समुद्र में घूमने निकले भारतीय पर्यटकों से भरी स्पीडबोट अचानक पलट गई, जिससे खुशियों भरा सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। अधिकारियों के मुताबिक, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर समेत कुल 36 लोग सवार थे। हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद भारतीय दूतावास ने गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
किनारे से महज 400 मीटर पहले पलटी नाव| Vietnam Speedboat Accident
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की ओर लौट रही थी। इसी दौरान किनारे से करीब 400 मीटर पहले अचानक नाव पलट गई। उस समय समुद्र में मौसम बेहद खराब था और ऊंची लहरें उठ रही थीं। खराब मौसम के कारण राहत और बचाव अभियान चलाने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद प्रशासन ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की। फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है और स्थानीय प्रशासन इसकी जांच कर रहा है।
A speedboat carrying 32 Indian tourists and 4 crew members capsized near Phu Quoc Island in southern Vietnam. According to reports, 15 Indian tourists died and 21 people were rescued. Rescue operations involved nearby boats, border guards, the navy, and coast guard, and an… pic.twitter.com/7Ze6E6PVvT
— Kushal Jaiswal (@kushaljaiswal1) July 11, 2026
स्थानीय लोगों ने दिखाई इंसानियत की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग सबसे पहले मदद के लिए आगे आए। घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि समुद्र में नाव उलटी पड़ी है और बचावकर्मी लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। जैसे ही घायलों को किनारे लाया गया, वहां मौजूद वियतनामी नागरिक उनकी जान बचाने के लिए पूरी ताकत से कोशिश करने लगे।
कई लोग बेसुध पड़े पर्यटकों को सीपीआर (CPR) देते दिखाई दिए, जबकि कुछ लोग माउथ-टू-माउथ रेस्पिरेशन के जरिए उनकी सांसें वापस लाने का प्रयास करते रहे। कोई पानी के छींटे मार रहा था तो कोई हाथ-पैर की मालिश कर रहा था। उस वक्त वहां न भाषा का फर्क था, न देश की सीमा और न ही किसी तरह का भेदभाव, सिर्फ इंसानियत नजर आ रही थी। स्थानीय लोगों की इसी तत्परता की बदौलत 21 लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया बयान
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार शाम जारी बयान में कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद घटना हुई है। दूतावास ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और खोज एवं बचाव अभियान की निगरानी की जा रही है। साथ ही घटना से प्रभावित सभी परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों की मदद और जानकारी के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय कॉन्सुलेट जनरल में बनाए गए कंट्रोल रूम से +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं हनोई स्थित कंट्रोल रूम के लिए +84 91 308 9165 नंबर जारी किया गया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर भी कहा कि वह हादसे से जुड़े किसी भी सवाल और सहायता के लिए हर समय उपलब्ध है।
In a tragic incident, a boat carrying several Indian tourists has capsized near Phu Quoc Island in Vietnam a few hours ago.
Exact details of the incident are being ascertained as search and rescue operations by local authorities are ongoing.
In order to provide information…
— India in Vietnam (@AmbHanoi) July 11, 2026
As per information received from official sources, the following 32 Indian tourists were onboard the boat which capsized near Phu Quoc Island in Vietnam a few hours ago.
We are ascertaining further details of casualties and would update soon.@cghcm pic.twitter.com/geddttdpWB
— India in Vietnam (@AmbHanoi) July 11, 2026
लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर हुआ हादसा
फु क्वोक, थाईलैंड की खाड़ी में स्थित वियतनाम का सबसे लोकप्रिय बीच डेस्टिनेशन माना जाता है। यहां का होन मे रुट द्वीप फु क्वोक से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और अपनी सफेद रेत, साफ समुद्री पानी तथा खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। हर साल लाखों लोग यहां छुट्टियां मनाने पहुंचते हैं। लेकिन इस बार यही खूबसूरत पर्यटन स्थल भारतीय पर्यटकों के लिए दर्दनाक याद बन गया। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर हैं, जिससे यह पता चल सके कि आखिर इस भीषण हादसे के पीछे क्या कारण था।





























