China flood news: चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बनने लगे, जिसके बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। बीजिंग नगर बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के मुताबिक, सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पूरे शहर में भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश शहर के बाहरी इलाके पिंगगू जिले के एक बाजार क्षेत्र में हुई, जहां 164 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। शुक्रवार शाम 5 बजे तक बीजिंग में 36,279 परिवारों के कुल 95,657 लोगों को एहतियात के तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा चुका था। अधिकारियों का कहना है कि मौसम विभाग की चेतावनियों के बाद बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि किसी भी बड़े नुकसान से बचा जा सके।
जलाशयों पर नजर, लोगों को घरों में रहने की सलाह| China flood news
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, बीजिंग के सभी बड़े और मध्यम आकार के जलाशय फिलहाल अपनी निर्धारित अधिकतम सीमा से नीचे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार शाम और रात के समय कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने शनिवार तक बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी हर चेतावनी पर नजर बनाए रखें।
टाइफून ‘मायसक’ और ‘बावी’ ने बढ़ाई चीन की चिंता
बीजिंग में बारिश की स्थिति के बीच चीन के कई अन्य हिस्सों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जल संसाधन मंत्रालय ने पहले ही बाढ़ नियंत्रण और आपातकालीन राहत व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इसकी वजह टाइफून ‘मायसक’ और ‘बावी’ के कारण कई नदी क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका थी।
इस साल के 10वें टाइफून ‘मायसक’ के प्रभाव से दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग ऑटोनॉमस रीजन में भारी बारिश हुई, जिससे पर्ल नदी क्षेत्र के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों ने खतरे की स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया है।
कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी
बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए गुआंग्शी प्रशासन ने मंगलवार को सबसे ऊंचे स्तर का रेड अलर्ट जारी किया था। इसके बाद पड़ोसी ग्वांगडोंग प्रांत ने भी बाढ़ को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया। वहीं, सुपर टाइफून ‘बावी’ के शुक्रवार से चीन के पूर्वी तट की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि इसका असर करीब एक हफ्ते तक देश के छह प्रमुख नदी क्षेत्रों पर पड़ सकता है। इससे बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ने की आशंका है।
सुरक्षा इंतजामों पर जोर, निगरानी बढ़ाई गई
जल संसाधन मंत्रालय ने संबंधित विभागों को गुआंग्शी सहित प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि बाढ़ की निगरानी, समय पर चेतावनी जारी करने की व्यवस्था, जलाशयों की सुरक्षा और नदी क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में अचानक आने वाली बाढ़, छोटी-बड़ी नदियों के बढ़ते जलस्तर और तटबंधों की मजबूती की जांच करने को भी कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि लगातार बदलते मौसम को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल बीजिंग और अन्य प्रभावित इलाकों में हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भारी बारिश से होने वाले नुकसान को कम करना है।
































