Nagpur crime news: नागपुर के इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और डर का फायदा उठाकर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो शातिर आरोपियों ने एक 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धार्मिक बातों में उलझाकर लाखों रुपये के सोने के गहने और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने महिला को परिवार पर संकट आने का डर दिखाया और पूजा के नाम पर पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मेडिकल रोड निवासी सुजाता भगवानलाल अग्रवाल के साथ हुई। बताया जा रहा है कि सुजाता सुबह मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे महिला को अपनी बातों में फंसाने लगे।
‘मां जगदंबा आपसे नाराज हैं’, डर दिखाकर बनाया भरोसा| Nagpur crime news
आरोपियों ने बुजुर्ग महिला से कहा कि मां जगदंबा उनसे नाराज हैं और उनके परिवार पर कोई बड़ा संकट आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि एक विशेष पूजा के जरिए इस परेशानी को टाला जा सकता है। धार्मिक आस्था से जुड़ी बातों के कारण महिला उनकी बातों पर विश्वास कर बैठीं। इसके बाद आरोपियों ने एक पीले रंग की थैली महिला को दी और कहा कि पूजा की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह अपनी सोने की चेन, कंगन और अन्य गहने उसमें रख दें। इतना ही नहीं, उन्होंने महिला से उनका मोबाइल फोन भी थैली में रखने के लिए कहा। ठगों ने महिला को यह भी हिदायत दी कि वह 51 कदम तक आगे जाएं और पीछे मुड़कर न देखें, तभी पूजा सफल होगी और संकट दूर हो जाएगा।
51 कदम चलते ही गायब हो गए आरोपी
महिला ने आरोपियों की बात मान ली और गहनों से भरी थैली उनके बताए तरीके से रख दी। जैसे ही वह आगे बढ़ीं, दोनों आरोपी मौका देखकर जेवरात और मोबाइल लेकर वहां से फरार हो गए। कुछ दूरी जाने के बाद जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों युवक गायब थे। इसके बाद उन्हें समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
इसके बाद सुजाता अग्रवाल तुरंत इमामवाड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई वारदात, चार आरोपी होने का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस वारदात में सिर्फ दो लोग नहीं, बल्कि कुल चार आरोपी शामिल थे। CCTV फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हुए थे। इमामवाड़ा थाना प्रभारी जयवंत पाटिल ने बताया कि आरोपियों की भाषा हिंदी थी। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को शक है कि आरोपी मध्य प्रदेश या उत्तर प्रदेश के रहने वाले हो सकते हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें काम कर रही हैं। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की बुजुर्गों से अपील, अंधविश्वास से रहें सावधान
पुलिस ने लोगों, खासकर बुजुर्ग नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें। अधिकारियों का कहना है कि ठग अक्सर धार्मिक भावनाओं और डर का सहारा लेकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। पुलिस ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति पूजा, संकट या चमत्कार के नाम पर कोई सामान मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं और इसकी जानकारी पुलिस को दें। फिलहाल नागपुर पुलिस CCTV और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
और पढ़ें: घोर कलयुग…सरकारी नौकरी और करोड़ों की जमीन के लालच में बेटी ने की मां की हत्या! Jaipur murder case
































