उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां डिलिवरी बॉय के दलित होने पर उसे पीटा गया है। निचली जाति से होने के कारण उसको प्रताड़ित किया गया। जिसके बाद ऑर्डर किया खाना भी उससे लेने से मना कर दिया।
दरअसल, लखनऊ में एक डिलिवरी बॉय को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पहले फूड डिलिवरी शख्स से उसकी जाति के बारे में पूछा गया। जाति बताने के बाद खाना लेने से साफ मना कर दिया गया और कहा कि हम दलित से खाना नहीं लेंगे। जब डिलिवरी बॉय विनीत ने उनसे ऑर्डर कैंसिल करने को कहा तो आरोपियों ने उसके मुंह पर तंबाकू थूक दिया। इन सबके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा तो उन लोगों ने डिलिवरी बॉय की बाइक छीन ली और उसे भगा-भगाकर पीटा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार देर रात डिलिवरी बॉय विनीत कुमार रावत सेक्टर-एच में अजय सिंह के नाम पर डिलिवरी लेकर पहुंचा। तभी ऑर्डर रिसीव करने आया व्यक्ति डिलिवरी बॉय से नाम पूछने लगा। नाम बताने पर ऑर्डर लेने से मना कर दिया और अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसके साथ बर्बरता की और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
डिलिवरी बॉय ने किसी तरह से अपनी जान बचाकर पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने पहले डिलिवरी बॉय को उसकी बाइक भी वापस करवाई। उसके बाद इस मामले में अजय सिंह और अभय सिंह के साथ दर्जन भर लोगों के खिलाफ एससी-एसटी ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया है। अब उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












































