Madhu Sapre: 90 के दशक में जब मॉडलिंग की दुनिया में सादगी और मर्यादा का दौर था, तब साल 1995 में एक सुपरमॉडल ने अपनी बोल्डनेस से सभी रुढ़ियों को तोड़ दिया था। मिलिंद सोमन के साथ उनका वो विवादित अजगर वाला फोटोशूट आज भी भारतीय एडवर्टाइजिंग इतिहास का सबसे बड़ा विवाद माना जाता है। हम बात कर रहे हैं मधु सप्रे की, जो कभी देश की टॉप मॉडल थीं, लेकिन फिर अचानक उन्होंने ग्लैमर की दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। आखिर क्या थी इसके पीछे की असली वजह? इस वजह को जानने के लिए हमें मधु सप्रे के उस दौर में जाना होगा जब उनका स्टारडम आसमान छू रहा था।
और पढ़ें: Prabhas की ‘फौजी’ तोड़ेगी बाहुबली के सारे रिकॉर्ड? फर्स्ट-लुक के बाद बड़ा खुलासा!
Madhu Sapre का बोल्ड फोटोशूट
मधु सप्रे (Madhu Sapre) ने साल 1992 में फेमिना मिस इंडिया का ताज जीता और मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में सेकंड रनर-अप रहकर देश का नाम रोशन किया। साल 1995 में मधु ने अपने बॉयफ्रेंड और मशहूर मॉडल मिलिंद सोमन (Milind Soman) के साथ ‘टफ शूज’ (Tuff Shoes) के लिए एक बेहद बोल्ड फोटोशूट करवाया। इस ब्लैक-एंड-व्हाइट विज्ञापन में दोनों ने पैरों में सिर्फ जूते पहने थे, और उनके शरीरों को केवल एक विशाल अजगर (Python) ने ढक रखा था।
90 के दशक के भारतीय समाज के लिए यह बहुत बड़ा शॉक था। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने इसे ‘भारतीय संस्कृति पर हमला’ बताकर सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिए। मुंबई पुलिस ने दोनों मॉडल्स, विज्ञापन एजेंसी और पब्लिशर्स पर अश्लीलता (Obscenity) और वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट (अजगर के अवैध इस्तेमाल) के तहत केस दर्ज किया। यह कानूनी लड़ाई पूरे 14 साल चली, जिसके बाद साल 2009 में जाकर दोनों कोर्ट से बरी हुए।
इटली के बिजनेसमै से रचाई शादी
14 साल लंबे इस विवादित कोर्ट केस ने मधु सप्रे को अंदर से झकझोर कर रख दिया था, लेकिन यह उनके ग्लैमर वर्ल्ड से दूर होने की इकलौती वजह नहीं थी। इसके पीछे उनके निजी जीवन का एक बड़ा फैसला और फिल्मों में असफलता भी शामिल थी।
अदालती चक्करों के बीच मधु (Madhu Sapre) की जिंदगी में प्यार ने दस्तक दी। उन्हें इटली के बिजनेसमैन गियान मारिया एमेंडेटोरी (Gian Maria Emendatori) से प्यार हुआ और साल 2001 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद मधु भारत छोड़कर हमेशा के लिए इटली के शहर ‘रिशोने’ में बस गईं।
ग्लैमर की चकाचौंध को कह दिया अलविदा
हालांकि, शादी से पहले उन्होंने एक बॉलीवुड फिल्म साइन की थी, जो काफी देरी के बाद साल 2003 में ‘बूम’ (Boom) नाम से रिलीज हुई। अमिताभ बच्चन और कैटरीना कैफ स्टारर इस फिल्म से मधु को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई। इसके बाद मधु ने पूरी तरह ग्लैमर की चकाचौंध को अलविदा कह दिया और इटली में अपने परिवार को ही अपनी पहली प्राथमिकता बना लिया। साल 2012 में उन्होंने बेटी इंदिरा को जन्म दिया और आज वह एक शांत समंदर किनारे अपनी पर्सनल लाइफ में खुश हैं।
तो यह थी कहानी 90 के दशक की उस सुपरमॉडल की, जिसने रूढ़ियों को तोड़ा भी और उसकी भारी कीमत भी चुकाई। उन्होंने अपने करियर के पीक पर आकर चकाचौंध को छोड़कर एक आम और शांत जिंदगी को चुना। लेकिन एक सवाल आज भी खड़ा होता है—अगर मधु सप्रे उस कानूनी विवाद में न फंसी होतीं और उनकी फिल्म ‘बूम’ हिट हो जाती, तो क्या वो आज बॉलीवुड की सबसे बड़ी सुपरस्टार्स में से एक होतीं?































