Varun Batchigari Girlfriend Murder: अमेरिका में एक 20 साल के भारतीय छात्र पर अपनी 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की हत्या करने और वारदात के बाद देश से भागने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी की पहचान वरुण बाचीगारी के तौर पर हुई है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी अमेरिका से निकलकर जर्मनी पहुंच गया था, जहां FBI की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब इस मामले में जांच आगे बढ़ रही है।
F-1 वीजा पर अमेरिका पहुंचा था आरोपी| Varun Batchigari Girlfriend Murder
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, फेडरल लॉ एनफोर्समेंट के सूत्रों ने बताया कि 20 वर्षीय वरुण बाचीगारी भारतीय नागरिक है। वह 8 जनवरी 2024 को F-1 स्टूडेंट वीजा पर लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जरिए अमेरिका पहुंचा था। आरोपी की ओर से पोस्ट किए गए एक YouTube वीडियो के मुताबिक, उसने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में बिजनेस एनालिटिक्स की पढ़ाई की थी। हालांकि, कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार बाद में एक झगड़े के चलते उसे कॉलेज से निकाल दिया गया था। उस पर घरेलू हिंसा और यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोप भी होने की बात सामने आई है।
KOLD की रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला ने जांचकर्ताओं को बताया था कि हैलोवीन पार्टी के दौरान बाचीगारी ने उसका यौन उत्पीड़न किया था। हालांकि, उस समय उसने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
गर्लफ्रेंड की हत्या का आरोप
आरोप है कि 6 अगस्त को टक्सन में यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के पास बाचीगारी ने अपनी 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड जुलिसा रूबी सालाज़ार की उसके अपार्टमेंट में गला घोंटकर हत्या कर दी। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, हत्या के आसपास ही बाचीगारी की नौकरी भी चली गई थी। इसके बाद वह आर्थिक परेशानी में था और किराया चुकाने के साथ-साथ अपने वीजा स्टेटस को लेकर भी तनाव में था।
जब सालाज़ार के परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने वेलफेयर चेक टीम से संपर्क किया। टीम शाम करीब 4 बजे उसके अपार्टमेंट पहुंची। KOLD के मुताबिक, सालाज़ार वहां फर्श पर मृत मिली। उसके गले में कंबल लिपटा हुआ था और गर्दन पर गला घोंटने और खरोंच के निशान थे।
रूममेट ने बताई रिश्ते में तनाव की बात
सालाज़ार की एक रूममेट ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह बाचीगारी से ब्रेकअप करने वाली थी। रूममेट के मुताबिक, बाचीगारी पहले भी उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न कर चुका था और उसके हिंसक व्यवहार के इतिहास के कारण सालाज़ार उससे डरती थी। एक अन्य रूममेट ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने 5 अगस्त को सालाज़ार के कमरे से काफी तेज चीखने की आवाज सुनी थी। यह आवाज कई मिनट तक आती रही। इसके बाद उसने सालाज़ार को मैसेज करके पूछा कि क्या वह ठीक है। जवाब में सालाज़ार ने कहा था कि वह ठीक है और दोनों के बीच सिर्फ बहस हुई थी।
हत्या के बाद अमेरिका से भागने का आरोप
जांच के मुताबिक, कथित हत्या के बाद बाचीगारी ने कथित तौर पर सालाज़ार का बैंक कार्ड इस्तेमाल किया और टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने के लिए फ्लाइट ली। वहां से वह ह्यूस्टन गया और फिर जर्मनी की फ्लाइट पकड़ ली। आरोप है कि उसका मकसद वहां से भारत पहुंचना था।
हालांकि, वह अमेरिका से काफी दूर निकल चुका था, लेकिन जांच एजेंसियां उसके पीछे लगी रहीं। FBI के टक्सन ऑफिस और बर्लिन स्थित FBI के लीगल अताशे ऑफिस की मदद से बाचीगारी को जर्मनी में गिरफ्तार कर लिया गया। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि 19 वर्षीय जुलिसा रूबी सालाज़ार की मौत के पीछे वास्तव में क्या हुआ था।






































