Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की 5 बड़ी और मुख्य खबरों में पहली खबर ट्रोनिका सिटी के खानपुर जप्ती गांव से, जहाँ शराब और दहेज के ₹1 लाख न लाने पर ससुराल वालों ने एक महिला पर चाकू से किया जानलेवा हमला। दूसरी खबर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन! दिल्ली-एनसीआर में चलती कार के भीतर ‘अल्ट्रासाउंड ऑन व्हील्स’ चलाकर अवैध लिंग जांच और गर्भपात करने वाले हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़, अस्पताल संचालक समेत 4 गिरफ्तार।
तीसरी खबर कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सुचारू यातायात के लिए आगामी 6 अगस्त से लागू होगा महा-डायवर्जन; सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगे 4000 पुलिसकर्मी। चौथी खबर खाकी हुई दागदार! विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में, लोनी एसीपी कार्यालय में तैनात सिपाही ने दूसरी महिला से अवैध संबंध का विरोध करने पर अपनी ही पत्नी पर किया कातिलाना हमला।
और पांचवीं खबर एनएच-9 स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में भीषण गर्मी के बीच 18 घंटे का भारी बिजली संकट, अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट के चलते निवासियों ने डीजी बैकअप के सहारे काटी पूरी रात। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: 10.99 लाख में Hyundai Creta Electric? हुंडई के इस नए प्लान ने उड़ाए सबके होश!
शराब के लिए मायके से नहीं लाई पैसे, तो ससुरालियों ने चाकू से गोदा
गाजियाबाद की पहली खबर ट्रोनिका सिटी से जहां खानपुर जप्ती गांव से घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, बता दें कि मायके से शराब पीने के लिए एक लाख रुपए न लाने पर उसको उसके ससुराल वालों ने चाकु से गोद दिया। पीड़ित ने अपने पति, ससुर और देवर के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। 2 जुलाई की रात को जब महिला ने पैसे लाने से मना किया, तो नशे में धुत पति और ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की।
जब उन्होंने चाकू से हमला किया, तो बीच-बचाव में महिला के हाथ में किरपान (धारदार वस्तु) लग गई। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की गई। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर अपने बच्चों के साथ अपनी बहन के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी रात 11 बजे पहुंच गए और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।
अगले दिन जब महिला वापस लौटी, तो आरोपियों ने उसके छोटे बेटे को डंडे से मारा और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पीड़िता की तहरीर पर दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
कार में लिंग बताकर अवैध गर्भपात कराने का गोरखधंधा (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर स्वास्थ्य विभाग से जहां भ्रूण का लिंग बताकर अवैध गर्भपात कराने का गोरखधंधा चल रहा था। गाजियाबाद और नोएडा पुलिस के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग ने एक बेहद चौंकाने वाले ‘अल्ट्रासाउंड ऑन व्हील्स’ (चलती कार में लिंग जांच) गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में घूम-घूम कर कार के भीतर ही अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात का गोरखधंधा चला रहा था।
टीम ने जाल बिछाकर आरोपियों को नोएडा के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास उस समय दबोचा, जब वे कार में एक गर्भवती महिला की जांच करने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की कार (UP14 FL 9355) से चीन निर्मित (China-made) पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, 20,000 नकद और लिंग जांच में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। यह गैंग गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर 8,000 से 10,000 लेकर चलती कार में ही गर्भ में ‘बेटा या बेटी’ होने की अवैध जांच करता था।
यदि जांच के बाद महिला या उसके परिजन गर्भपात कराने की इच्छा जताते, तो यह गिरोह मोटी रकम लेकर उन्हें एक साठ-गांठ वाले नर्सिंग होम में भेज देता था, जहाँ झोलाछाप डॉक्टरों से अवैध गर्भपात कराया जाता था। पुलिस ने इस मामले में अस्पताल संचालक समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन की है, बता दें कि आगामी सावन शिवरात्रि 11 अगस्त, 2026 को है जिसके मद्देनजर सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए 6 अगस्त से चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। करोड़ों कांवड़ियों के गुजरने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं यातायात) राजकरन नैय्यर ने इस वर्ष की रणनीति साझा की है, जिसके तहत कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा के लिए 4000 से अधिक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था में मदद के लिए 1500 वालंटियर (यातायात पुलिस मित्र) तैनात किए जाएंगे। पूरे मार्ग की सुरक्षा के लिए 150 बीट, 50 अस्थायी चौकियां, कंट्रोल रूम और ड्रोन कैमरों का जाल बिछाया जा रहा है। पहली बार इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को केवल सामान्य वाहनों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। जबकि श्रद्धालु मेरठ रोड और गंगनहर कांवड़ मार्ग से गुजरेंगे। यात्रा के दौरान 12 फीट से ऊंचे डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही रूट पर पड़ने वाले होटलों और रेस्टोरेंट पर क्यूआर (QR) कोड लगाए जा रहे हैं।
खाकी दागदार, अवैध संबंध छिपाने के लिए उठाया खौफनाक कदम? (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर खाकी को दागदार करने वाली है। विजयनगर थाना क्षेत्र में यूपी पुलिस के एक सिपाही द्वारा अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने की कोशिश का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपी सिपाही वर्तमान में लोनी एसीपी (ACP) कार्यालय में तैनात है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य आरोपी परवेज आलम है, जो यूपी पुलिस में सिपाही है और मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना का रहने वाला है। वह वर्तमान में गाजियाबाद के प्रताप विहार में रह रहा था।
पीड़िता के पिता कासिम अली के अनुसार, उनकी बेटी की शादी साल 2012 में परवेज से हुई थी। पिछले 3-4 सालों से सिपाही के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध चल रहे थे, जिसका पत्नी लगातार विरोध करती थी। इसी बात को लेकर 26 जून को दोनों के बीच भारी विवाद हुआ।
आरोप है कि सिपाही ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा और जान से मारने की नीयत से उस पर जानलेवा हमला किया। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके होश में आने और पूरी आपबीती बताने के बाद पिता ने पुलिस को तहरीर दी।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर गाजियाबाद के विजयनगर थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विभाग अपने ही महकमे के इस सिपाही के खिलाफ सख्त कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
बिजली संकट से परेशान जनता (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवीं खबर बिजली संकट से परेशान जनता की है। एनएच-9 (NH-9) स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक्स टाउनशिप में रहने वाले लोग भीषण गर्मी के बीच लगातार 18 घंटे के लंबे बिजली संकट से जूझे, जिसके कारण उन्हें पूरी रात डीजल जनरेटर (DG) के सहारे काटनी पड़ी।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, एनएच-9 पर स्थित लैंडक्राफ्ट गोल्फ लिंक्स टाउनशिप, जहाँ सैकड़ों परिवार रहते हैं। टाउनशिप में शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बिजली गुल हुई, जो अगले दिन रविवार को दोपहर करीब 11:30 बजे जाकर बहाल हो सकी। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, टाउनशिप को बिजली सप्लाई देने वाले 33 केवी (KV) के भूमिगत (Underground) केबल में ब्रेकडाउन यानी खराबी आ गई थी।
अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट कहाँ हुआ है, इसे खोजने में ही डिस्कॉम (PVVNL) की टीम को कई घंटे लग गए, जिसके कारण मरम्मत कार्य में इतनी देरी हुई। इस 18 घंटे के लंबे पावर कट के दौरान टाउनशिप के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी की सप्लाई ठप हो गई और लोगों को पूरी रात सिर्फ डीजी (DG) बैकअप के भरोसे उमस और गर्मी में गुजारनी पड़ी।






























