New Jersey Viral Video: विदेशों में रहने वाले भारतीय अक्सर अपने देश के स्वाद, त्योहारों और देसी बाजारों को याद करते हैं। लेकिन अमेरिका के न्यू जर्सी से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर अलग ही वजह से चर्चा में है। यहां एक नए भारतीय ग्रोसरी स्टोर के उद्घाटन के दौरान डिस्काउंट पर मिल रही सब्जियां और फल खरीदने के लिए इतनी भीड़ उमड़ पड़ी कि हालात अफरा-तफरी जैसे हो गए। अब इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
करीब दो मिनट का यह वीडियो कंटेंट क्रिएटर अनिपाल पटेल (@mondayswithmohan) ने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में स्टोर के अंदर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं। कई जगहों पर ग्राहक फल और सब्जियां लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते नजर आते हैं। वीडियो में कुछ लोग प्लास्टिक बैग भरने की जल्दी में धक्का-मुक्की करते भी दिखाई देते हैं। भीड़ में बुजुर्ग लोग भी मौजूद थे। इस दौरान वीडियो के बैकग्राउंड में मौजूद कुछ लोगों को बार-बार “Oh my God” कहते हुए भी सुना जा सकता है।
और पढ़ें: पत्नी को रोज दर्द में नहीं देख पाया पति, 2 साल की मेहनत से बना डाला एस्केलेटर| Viral News
4 डॉलर की बचत पर किया मजाक|New Jersey Viral Video
वीडियो पोस्ट करते समय अनिपाल पटेल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि अगर लोग सब्जियों पर लगभग 4 डॉलर (करीब 330 रुपये) बचाने की बजाय जीवनसाथी ढूंढ़ने में इतनी मेहनत करें, तो शायद ज्यादा फायदा हो। उन्होंने लोगों से ऐसे झगड़ों से दूर रहने और वास्तविक लोगों से मिलने की बात भी कही। यह कैप्शन भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और हजारों लोगों ने इस पर अपनी राय रखी।
https://www.instagram.com/reel/DaUKh2Usqbu/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
वीडियो पर बंटे लोगों के विचार
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने कहा कि इस दृश्य ने उन्हें भारत की पारंपरिक सब्जी मंडियों की याद दिला दी। वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने इस तरह की भीड़ और अव्यवस्था की आलोचना की। एक यूजर ने लिखा कि केवल देश बदल लेने से लोगों की आदतें नहीं बदल जातीं। उनके मुताबिक, चाहे कोई कितना भी पढ़-लिख जाए या आर्थिक रूप से सफल हो जाए, व्यवहार में अनुशासन भी उतना ही जरूरी है। एक अन्य यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यही वजह है कि कई बार विदेशों में भारतीयों की छवि प्रभावित होती है। उनका कहना था कि यही लोग अमेरिका के दूसरे स्थानीय स्टोर्स में शायद इस तरह का व्यवहार नहीं करते।
भारत से भी आए जवाब
इस पूरे मामले का एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा कि भारत में रहने वाले कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना की तुलना भारत से किए जाने पर आपत्ति जताई। कई लोगों ने कहा कि भारत अब पहले जैसा नहीं रहा। मेट्रो शहरों से लेकर छोटे शहरों तक ऑनलाइन ग्रोसरी सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। एक यूजर ने लिखा कि अब लोग Blinkit, Instamart, Zepto और BigBasket जैसे प्लेटफॉर्म से घर बैठे सब्जियां और किराने का सामान मंगवा रहे हैं। उनका कहना था कि आज देश के कई सुपरमार्केट और यहां तक कि ग्रामीण बाजार भी पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यवस्थित हैं।
सोशल मीडिया पर जारी है चर्चा
यह वीडियो केवल एक स्टोर की भीड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय, पब्लिक बिहेवियर और बदलते भारत के बारे में भी बहस छेड़ दी। कुछ लोगों ने इसे एक आम भीड़ वाली सिचुएशन बताया, जबकि दूसरों ने पब्लिक जगहों पर डिसिप्लिन और जिम्मेदार बिहेवियर की जरूरत पर जोर दिया।






























