85 लाख की ठगी से लेकर इंटरव्यू देने निकले युवक का मर्डर तक | Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 28 May 2026, 06:42 AM | Updated: 28 May 2026, 06:45 AM

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद से पांच ऐसी बड़ी खबरें सामने आई हैं, जिन्होंने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है। पहली बड़ी खबर बागपत से गाजियाबाद इंटरव्यू देने आए पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की लोनी में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां मारकर निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी। दूसरी बड़ी खबर शेयर बाजार में 500% बंपर मुनाफे का लालच और फर्जी SEBI लाइसेंस का मायाजाल, गाजियाबाद के बड़े कारोबारी से 85 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी।

वहीं तीसरी बड़ी खबर इंदिरापुरम के गौर चौराहे पर स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में धधकी भीषण आग, रेस्टोरेंट में सिलेंडर ब्लास्ट होने से बाजार में मची भारी अफरा-तफरी। चौथी बड़ी खबर सिहानी गेट के पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का आरोप, ऑपरेशन से पहले इंजेक्शन लगते ही मरीज ने तोड़ा दम, परिजनों का भारी हंगामा।

पांचवीं बड़ी खबर मोदीनगर के बकवा गांव में हैरान करने वाली वारदात, शिव मंदिर में हुई चोरी की पुलिस से शिकायत करना युवक को पड़ा भारी, दबंगों ने चाचा-भतीजे को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते है।

और पढ़ें: गाना बर्बाद या ब्लॉकबस्टर रीमेक? Chunari Chunari का नया वर्जन बना सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग की वजह!

इंटरव्यू देने निकले युवक की दिन दहाड़े हत्या

उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होने का सपना देखने वाला बागपत का विकास गुरुवार सुबह खुश होकर घर से इंटरव्यू देने निकला था। उसे क्या पता था कि गाजियाबाद के लोनी इलाके में मौत उसका इंतजार कर रही है। यहां बेखौफ बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए विकास को सरेराह घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र (DLF अंकुर विहार) में बाइक सवार बदमाशों ने बागपत के रहने वाले एक युवक की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान बागपत के घिटोरा गांव निवासी 35 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। विकास पुलिस भर्ती की तैयारी के साथ-साथ एक निजी काम भी करता था।

परिजनों के मुताबिक, विकास गुरुवार सुबह अपनी बाइक से एक इंटरव्यू और काम के सिलसिले में घर से निकला था। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के अनुसार, जब वह डीएलएफ अंकुर विहार कॉलोनी के पास पहुंचा, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। विकास को 4 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रूट का सुराग लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस विकास के प्रोफाइल, उसके दोस्तों और किसी पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

व्हाट्सएप ग्रुप्स बना ठगी का नया जरिया (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से अगली खबर साइबर क्राइम से जुड़ी है, जहां साइबर अपराधियों ने अब सीधे सेबी (SEBI) के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को ठगना शुरू कर दिया है। अगर आप भी व्हाट्सएप ग्रुप्स पर मिलने वाले ‘स्टॉक मार्केट टिप्स’ के भरोसे निवेश कर रहे हैं, तो रुक जाइए।

गाजियाबाद में एक बिजनेसमैन को शेयर बाजार में भारी-भरकम 500% रिटर्न का लालच देकर साइबर ठगों ने करीब 85 लाख रुपये का चूना लगा दिया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने सेबी का नकली लाइसेंस तक दिखाया था। अब पुलिस इन डिजिटल डकैतों की तलाश में जुटी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजियाबाद में शेयर बाजार में निवेश पर 500 प्रतिशत के बंपर मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी से 85.38 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने इस पूरी वारदात को अंजाम देने के लिए फर्जी सेबी (SEBI) लाइसेंस और सोशल मीडिया ग्रुप्स का सहारा लिया।

दैनिक जागरण के अनुसार, पहले तो साइबर जालसाजों ने पीड़ित कारोबारी को शेयर बाजार की ट्रेडिंग और टिप्स से जुड़े एक व्हाट्सएप (WhatsApp) ग्रुप में जोड़ा। पीड़ितों के मन में कोई शक न रहे, इसलिए ठगों ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) का एक नकली और फर्जी लाइसेंस दिखाया। ठगों ने कारोबारी को एक विशेष ट्रेडिंग स्कीम के तहत निवेश करने पर 500 प्रतिशत तक का भारी-भरकम मुनाफा कमाने का सपना दिखाया।

ग्रुप में बाकी सदस्यों (जो कि खुद ठगों के साथी या फर्जी अकाउंट थे) के स्क्रीनशॉट और कथित मुनाफे को देखकर कारोबारी उनके जाल में फंस गया। झांसे में आकर कारोबारी ने आरोपियों के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 85.38 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब कारोबारी ने अपना मुनाफा और निवेश की गई मूल रकम निकालनी (Withdraw) चाही, तो ठगों ने और पैसों की मांग की या तरह-तरह के टैक्स का बहाना बनाकर टालमटोल शुरू कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर गाजियाबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उन बैंक खातों की डिटेल्स खंगाल रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे, ताकि रकम को होल्ड (Freeze) कराया जा सके। ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए फर्जी व्हाट्सएप नंबरों और तकनीकी सुरागों (IP Address) के जरिए अपराधियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इंदिरापुरम में  लगी भीषण आग

गाजियाबाद से तीसरी खबर इंदिरापुरम से है, जहां अभयखंड-2 स्थित गौर चौराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिसर की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में अभयखंड-2 स्थित गौर चौराहे पर बने एक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स (Commercial Complex) में अचानक भीषण आग लग गई। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दिन के समय परिसर में लोगों और ग्राहकों की मौजूदगी के कारण आग की लपटें उठते ही वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

अमर उजाला और वन इंडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,  कॉम्प्लेक्स में मौजूद एक रेस्टोरेंट या खाने-पीने की दुकान से आग की शुरुआत हुई थी। आग लगने के कुछ ही देर बाद वहां जोरदार सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिसने आग को और ज्यादा भड़का दिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भारी बल के साथ मौके पर पहुंचीं।

दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कॉम्प्लेक्स में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। आग के कारण कॉम्प्लेक्स की कुछ दुकानों और उनमें रखे व्यावसायिक सामान को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।

डॉक्टरों की लापरवाही ने ली जान! (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद से चौथी खबर डॉक्टरों की लापरवाही से जुड़ी है, जहां गाजियाबाद के सिहानी गेट क्षेत्र स्थित पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में डॉक्टरों की कथित लापरवाही के कारण एक फैक्टरी कर्मचारी की मौत हो गई। पेशाब की नली में गांठ के ऑपरेशन के लिए भर्ती हुए मरीज को रात में एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके तुरंत बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो गया, जिससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर बवाल काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद में सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने और इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

दैनिक जागरण के मुताबिक, मृतक की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो एक फैक्टरी कर्मचारी थे। उन्हें पेशाब में खून आने की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में डॉक्टरों ने पेशाब की नली में गांठ बताई थी और उसका ऑपरेशन होना तय था।

परिजनों का आरोप है कि रात में अस्पताल के एक कर्मचारी ने विपिन को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। विपिन की मौत होने के बाद काफी देर तक कोई जिम्मेदार डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचा और परिजन लगातार फोन करते रहे। वहीं, जिस कर्मचारी ने इंजेक्शन लगाया था, वह भी अस्पताल से गायब हो गया।

मरीज की अचानक मौत से गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों की लापरवाही के खिलाफ अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

चोरी की शिकायत करना ही एक युवक को पड़ा भारी

गाजियाबाद से पांचवी खबर हैरान कर देने वाली है, जहां मंदिर में चोरी की शिकायत करना ही एक युवक को भारी पड़ गया। गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के बकवा गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक शिव मंदिर में हुई चोरी की शिकायत पुलिस से करने पर भड़के आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके चाचा को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मीडिया द्वारा मिला जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र के बकवा गांव की है। गांव के शिव मंदिर में कुछ दिनों पहले चोरी की एक वारदात हुई थी। गांव के ही रहने वाले शुभम नाम के युवक ने हिम्मत दिखाकर इस चोरी की शिकायत मोदीनगर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुभम की शिकायत के आधार पर कुछ स्थानीय संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपी पक्ष शुभम से रंजिश रखने लगा।

बताया जा रहा है कि जब शुभम और उसके चाचा नरेश अपने खेत से काम खत्म करके घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में चाचा-भतीजे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Top 5 Ghaziabad News जो कानून-व्यवस्था से लेकर साइबर सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही तक कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं। चाहे वह लोनी में युवक की दिनदहाड़े हत्या हो, या फिर सीधे सेबी (SEBI) के नाम पर 85 लाख की ठगी, ये घटनाएं हमें सतर्क रहने की चेतावनी देती हैं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds