Purnia love tragedy: पूर्णिया में एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीने का फैसला किया और परिवार की मर्जी के खिलाफ अररिया से निकलकर पूर्णिया पहुंच गए। यहां पूर्णिया जंक्शन पर युवक ने 19 वर्षीय प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी की। दोनों ने रात स्टेशन पर ही बिताई। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। मंदिर में दर्शन के लिए निकली नवविवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान अररिया नगर थाना क्षेत्र के बटरबाड़ी निवासी नरेश यादव की 19 वर्षीय बेटी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मनीषा बीए पार्ट-1 की छात्रा थी। उसका प्रेम संबंध अररिया के पलासी थाना क्षेत्र निवासी दिलखुश कुमार से था। दिलखुश इंटरमीडिएट का छात्र बताया जा रहा है और उम्र में भी कम है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी कहानी| Purnia love tragedy
बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले मनीषा और दिलखुश की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आ गए। करीब एक साल तक चले इस रिश्ते के दौरान दोनों ने साथ जिंदगी बिताने के सपने देखने शुरू कर दिए।
इसी बीच मनीषा के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। मनीषा इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थी। इसके बाद दोनों ने घर छोड़कर साथ रहने का फैसला किया और अररिया से निकलकर पूर्णिया पहुंच गए।
स्टेशन पर शादी, रात भी वहीं गुजारी
पूर्णिया पहुंचने के बाद दोनों ने स्टेशन परिसर में ही शादी करने का फैसला किया। दिलखुश ने मनीषा की मांग में सिंदूर भर दिया और दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी मानकर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया। शादी के बाद दोनों ने रात पूर्णिया जंक्शन पर ही गुजारी। अगले दिन सोमवार शाम दोनों रामबाग की तरफ से पैदल सिटी काली मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज धूप के बीच मनीषा को अचानक चक्कर आने लगा। उसने असहज महसूस होने की बात कही और कुछ ही देर में उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई।
दिलखुश घबरा गया। उसने मनीषा को सड़क किनारे बैठाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मनीषा की जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलने पर जीएमसीएच टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत को लेकर पुलिस कई पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मनीषा के भाई के मुताबिक, उसके घर से चले जाने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इंस्टाग्राम पर शादी का स्टेटस देखने के बाद वे युवक के परिजनों के पास भी पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां से उन्हें भगा दिया गया। बाद में देर शाम युवक के दोस्तों ने मनीषा की मौत की जानकारी परिवार को दी।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में पुलिस अररिया से दोनों के निकलने, पूर्णिया पहुंचने, स्टेशन पर हुई शादी और इसके बाद मनीषा की अचानक तबीयत बिगड़ने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।














































