बॉलीवुड के ही-मैन का वो अनछुआ पहलू, जिसे बहुत कम लोग जानते है | Dharmendra Untold Story

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Dharmendra Untold Story: पर्दे पर जब वे आते थे, तो उनकी आवाज़ और अंदाज़ में एक तूफ़ान होता था। दुनिया उन्हें बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ के रूप में जानती थी। लेकिन उस मज़बूत कद-काठी के पीछे एक बेहद नरम और संवेदनशील दिल धड़कता था। क्या आप जानते हैं कि परदे का यह एक्शन हीरो असल ज़िंदगी में एक बेहतरीन शायर था? जी हाँ, जिस आवाज़ से विलेन काँपते थे, उसी आवाज़ में वे उर्दू की बेहद नाज़ुक नज़्में और शेर लिखा करते थे। आइए इस लेख के जरिए जानते हैं धर्मेंद्र के उस अनछुए पहलू के बारे में, जो उन्हें सबसे अलग बनाता था।

और पढ़ें: स्टारडम और हंसी के पीछे छुपा एक गहरा दर्द, Salman Khan की जिंदगी का वो सच

Dharmendra का उर्दू से लगाव

धर्मेंद्र (Dharmendra ) का उर्दू ज़बान से यह रिश्ता किसी शौक की वजह से नहीं, बल्कि बचपन से जुड़ा था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई उर्दू मीडियम से की थी। वे हमेशा कहते थे कि उनके दिल के जज़्बात और एहसास जिस खूबसूरती से उर्दू में बयां होते हैं, वैसे किसी और भाषा में नहीं हो सकते। उर्दू के प्रति अपना सम्मान ज़ाहिर करते हुए उन्होंने एक बार लिखा था कि… ‘एहसानमंद हूं ज़बान-ए-उर्दू तेरा, तेरी ज़बां में बयान-ए-एहसास से दिल आ गया।’

मीना कुमारी की संगत  का असर

फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद उनके अंदर छिपे इस शायर को असली दिशा मिली मशहूर एक्ट्रेस मीना कुमारी की संगत में। मीना कुमारी खुद एक बेहतरीन शायरा थीं। उनके साथ काम करते हुए और उनकी महफ़िलों में बैठकर धर्मेंद्र (Dharmendra ) की उर्दू समझ और लेखन में गज़ब का निखार आया। धीरे-धीरे शायरी उनके जीवन का अहम हिस्सा बन गई। वे अपनी डायरी में अक्सर अपने मन की बातें नज़्मों के रूप में उतारने लगे।

उर्दू में लिखी ऑटोबायोग्राफी

धर्मेंद्र (Dharmendra ) की शायरी में बनावट नहीं, बल्कि ज़िंदगी की सच्चाई झलकती थी। वे इंसानियत, नेकी, मोहब्बत और अपने गांव की मिट्टी से जुड़ाव पर लिखा करते थे। उर्दू से उन्हें इतना प्यार था कि उन्होंने अपनी आत्मकथा यानी ऑटोबायोग्राफी भी उर्दू में ही लिखने का फैसला किया था।

कुछ दिल को छू जाने वाली शायरी

जीवन के आखिरी वर्षों में वे अपने लोनावला फार्महाउस की शांति में बैठकर अक्सर अपनी खुद की लिखी नज़्में अपने चाहने वालों को सुनाया करते थे। इंसानियत पर लिखी उनकी ये पंक्तियां आज भी दिल को छू जाती हैं—उन्होंने लिखा था कि…होती है तारीफ अहमियत की, मगर कद्र इंसानियत की होती है। तरजीह न दे ओहदे को इंसानियत पर, बंदे पर खुदा की जब नज़र होती है।’

इन पंक्तियों के ज़रिए धर्मेंद्र जी ने कितनी बड़ी बात कह दी। उनका मानना था कि दुनिया में किसी इंसान के पद या रुतबे की तारीफ तो हो सकती है, लेकिन असली सम्मान हमेशा उसकी इंसानियत का ही होता है। इसलिए कभी भी अपने ऊंचे पद या ताकत को इंसानियत से ऊपर नहीं रखना चाहिए, क्योंकि ऊपर वाला भी हर इंसान के कर्मों को देख रहा होता है।

वे अक्सर अपने चाहने वालों को ज़िंदगी का फलसफा अपनी शायरी में सुनाया करते थे। ज़िंदगी की सच्चाई बयां करते हुए उन्होंने लिखा था कि… ‘सब कुछ पाकर भी हासिल-ए-ज़िंदगी कुछ भी नहीं, कमबख्त जान क्यों जाती है जाते हुए।’ यानी इंसान उम्र भर दौलत और शोहरत तो कमा लेता है, लेकिन इस दुनिया से विदा लेते समय सब कुछ यहीं रह जाता है।

24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में जब धर्मेंद्र (Dharmendra ) जी ने इस दुनिया को अलविदा कहा, तो भारतीय सिनेमा ने न केवल एक महानायक खोया, बल्कि एक बेहद नेकदिल और जज़्बाती शायर को भी खो दिया। पर्दे पर उनकी अदाकारी और कागज़ पर उतरे उनके ये शब्द हमेशा हमारी यादों में ज़िंदा रहेंगे।

वैसे, क्या आपने धर्मेंद्र (Dharmendra ) जी की शायरी पढ़ी है? और अगर पढ़ी है, तो आपको धर्मेंद्र जी की कौन सी फिल्म या शायरी सबसे ज़्यादा पसंद है, हमें कमेंट करके ज़रूर बताएं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds