Jaipur Tinder murder case: कल्पना कीजिए, एक ऐसा कैदी जिसे अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। नियमों के मुताबिक जिसे सलाखों के पीछे होना चाहिए, वह न सिर्फ जेल से गायब होता है, बल्कि चुपचाप फ्लाइट पकड़कर 5 दिनों के लिए थाईलैंड की सैर पर निकल जाता है। और सबसे हैरानी की बात? पीछे से जेल के रजिस्टर में उसकी रोज़ हाजिरी भी लगती रही! आखिर कैसे एक हत्या के दोषी ने पूरे जेल सिस्टम की आंखों में धूल झोंकी, और एक छोटी सी गलती ने कैसे इस पूरे खेल को बेनकाब कर दिया? आइए जानते हैं कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल फर्जीवाड़े की पोल खुली कैसे।
यह चौंकाने वाला मामला राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की नरसिंहपुरा बिरानी खुली जेल (Open Prison) से सामने आया है। जयपुर के चर्चित 2018 के ‘टिंडर हत्याकांड’ (Tinder murder case) यानी दुष्यंत शर्मा मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी दीक्षांत कामरा बिना किसी अनुमति के 5 दिनों के लिए थाईलैंड घूम आया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान जेल के रिकॉर्ड में उसकी नियमित हाजिरी दर्ज होती रही।
क्या था चर्चित Tinder murder case?
मई 2018 के चर्चित जयपुर टिंडर हत्याकांड में, मुख्य आरोपी प्रिया सेठ ने डेटिंग ऐप ‘टिंडर’ पर दोस्ती के बाद 28 वर्षीय युवक दुष्यंत शर्मा को करोड़पति समझकर हनी-ट्रैप में फंसाया था। प्रिया ने अपना कर्ज उतारने के लिए बॉयफ्रेंड दीक्षांत कामरा और दोस्त लक्ष्य वालिया के साथ मिलकर दुष्यंत को अपने फ्लैट पर बंधक बनाया और उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी, जिसमें से 3 लाख रुपये उन्हें मिल भी गए।
लेकिन जब आरोपियों को पता चला कि दुष्यंत कोई अमीर कारोबारी नहीं बल्कि एक सामान्य नौकरीपेशा युवक है, तो पुलिस में पकड़े जाने के डर से तीनों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए चेहरे को क्षत-विक्षत कर शव को सूटकेस में भरकर आमेर की पहाड़ियों के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने 48 घंटे में इस गुत्थी को सुलझाते हुए तीनों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद 24 नवंबर 2023 को जयपुर की एक अदालत ने प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई।
ऐसे खुली थाईलैंड ट्रिप की पूरी पोल
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 2026 की शुरुआत में एक महिला द्वारा जेल महानिदेशक (DG Prisons) से की गई शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। एक रूटीन रोल-कॉल और तलाशी अभियान के दौरान दीक्षांत की कार से करीब 40 ग्राम अफीम के साथ-साथ उसका पासपोर्ट बरामद हुआ।
जब पुलिस ने बरामद पासपोर्ट की जांच की, तो उसमें इमिग्रेशन की मुहरें मिलीं। इससे साफ हो गया कि वह 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 के बीच 5 दिनों के लिए थाईलैंड की यात्रा करके लौटा है। जांच में यह बड़ी प्रशासनिक चूक भी सामने आई कि 2018 में गिरफ्तारी और 2023 में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बावजूद उसका पासपोर्ट जब्त या रद्द नहीं किया गया था।
ये कमाल की कहानी है।
कुछ दिन पहले एक लड़का लक्ज़री कार में नशा ले जाते हुए धरा गया। पुलिस उसे थाने लाई और चालीस ग्राम अफीम बरामदगी दिखाकर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया। यहां तक सब सामान्य था लेकिन इसके बाद पड़ताल शुरू हुई। मालूम पड़ा कि दीक्षांत नाम का ये लड़का अक्टूबर 2026 में थाईलैंड ट्रिप मार आया है। अब थाईलैंड तो बहुत लोग जाते हैं तो दीक्षांत बाबू ने ऐसा क्या कारनामा कर दिया कि राजस्थान पुलिस हैरान थी?
——कारनामा ये था कि जिन पांच दिनों में दीक्षांत कामरा थाईलैंड घूम रहा था उसे उन दिनों में श्रीगंगानगर जेल में कैद होना चाहिए था। ये जेल भी स्पेशल है.. खुली जेल है। खुली जेल नियम, 1972 के तहत इस जेल में दीवारें, सलाखें या ताले नहीं होते। यहां कैदी परिवार के साथ रह सकते हैं। खुद खाना बनाते हैं और सामान्य घरेलू जीवन जीते हैं। दिन में वो खेती, मजदूरी, व्यापार या नौकरी करने परिसर से बाहर निकल सकते हैं। कमाई अपने बैंक खातों में रखके परिवार का भरणपोषण कर सकते हैं।
हां, ये कड़ा नियम ज़रूर है कि सुबह और शाम हाज़िरी देनी पड़ती है। और ये सारी सुविधा इसलिए ताकि जेल में अच्छा आचरण कर चुके वो कैदी समाज में लौटने के लिए तैयार रहें जिनकी कैद का एक तिहाई हिस्सा रेगुलर जेल में पूरा हो गया हो।
——लेकिन कुछ लोग कुत्ते की पूंछ होते हैं। उन्हीं में एक निकला ये लड़का दीक्षांत कामरा। दीक्षांत मॉडलिंग का शौक रखता था। चूंकि लाइफ स्टाइल हेवी था इसलिए 21 लाख के कर्ज़ में आ गया था। इसे उतारने का उसके पास एक आइडिया था। किसी पैसे वाले को किडनैप करके फिरौती वसूलना और फिर मर्डर।
2018 में ये प्लान सिर्फ प्लान नहीं रहा। उसने अपनी गर्लफ्रेंड और एक दोस्त के साथ इसे हकीकत में बदला। गर्लफ्रेंड भी अव्वल दर्जे की फ्रॉड थी। टीचर्स और प्रोफेसर्स के परिवार से आनेवाली प्रिया सेठ नाम की इन मोहतरमा ने पहले केवल अय्याशी के लिए एस्कॉर्ट सर्विस चलाई थी। इस बार टिंडर पर जयपुर के लड़के दुष्यंत से दोस्ती करके संबंध बनाए और रेप केस की धमकी देकर दस लाख रुपए मांगे। दुष्यंत ने इंप्रेशन जमाने के लिए खुद को दिल्ली का करोड़पति विवान कोहली बताया था। यही झूठ उसे भारी पड़ा क्योंकि प्रिया और दीक्षांत ने इसे सच मान लिया। हालांकि प्रिया को बाद में पता चला कि वो बस ऊंची ऊंची बातें करता था लेकिन अब देर हो चुकी थी।
चूंकि दीक्षांत और प्रिया ने पहले से तय कर रखा था कि किसी ना किसी को किडनैप करके पैसा लेंगे और फिर मर्डर कर देंगे। ऐसा वो खुद एक यूट्यूब वीडियो में खुलकर बता रही है जिसका लिंक कमेंट बॉक्स में लगाऊंगा तो आगे कहानी ये है कि इन लोगों ने दुष्यंत को अपने फ्लैट में बुला लिया। इसके बाद दुष्यंत को टॉर्चर किया, फिर घर फोन कराया और फिरौती में दस लाख मांगे। दुष्यंत के पिता ने रोते – गिड़गिड़ाते किसी तरह तीन लाख भेजे भी लेकिन इन्होंने उसे पैसे मिलने के भी पहले मार डाला। कोई पहचान ना ले इसलिए चाकुओं से उसका चेहरा गोदकर एक सूटकेस में भर के आमेर की झाड़ियों में फेंक दिया। दुष्यंत के दो भाई भी थे लेकिन वो भी उसके पहले दुनिया से जा चुके थे, वो अब इकलौता बेटा था।
राजस्थान पुलिस को केस खोलने में देर नहीं लगी। इन तीन हत्यारों तक पहुंच भी गई। 2023 में तीनों को उम्रकैद मिली। इसके बाद वो राजस्थान पुलिस द्वारा चलाई जा रही खुली जेल में पहुंच गए जिसके बारे में मैंने ऊपर बताया। आगे हुआ ये कि मेरी आखिरी जानकारी के मुताबिक प्रिया सेठ को जेल में प्यार हो गया। प्यार जिससे हुआ वो हनुमान प्रसाद भी हत्या के मामले में उम्रकैदी है। अब दोनों ने कोर्ट से परोल लेकर ब्याह रचा लिया है।
——दूसरा रहा दीक्षांत। तो उसने हैक निकाल लिया। मई 2026 से खुली जेल में पहुंचा। वहीं उसने हाज़िरी लेनेवाले को पटा लिया। हापूराम नाम के प्रहरी ने पूरी ईमानदारी से बेईमानी का परिचय दिया। जिन दिनों में दीक्षांत मौज काटने विदेश यात्रा कर रहा था हापूराम उसकी हाज़िरी भर के ऊपर बता रहा था कि सब ठीक चल रहा है। वो तो थाईलैंड से लौटकर भी दीक्षांत शहर में घूमता पकड़ा गया वरना किसे पता है कि ये अक्सर ऐसे ही मज़े लेता रहता हो और खुली जेल का मज़ाक बना रखा हो। अभी भी वो जयपुर में रह रहा था।
——-अब सवाल आपसे है। सारे मानवाधिकार एक तरफ। अपराधी को सुधार का मौका भी ठीक। खुली जेल की आकर्षक योजना भी अच्छी लेकिन आपको लगता है कि हंसते मुस्कुराते अपने अपराध की स्कीम बताती प्रिया सेठ या किसी के इकलौते लड़के को मार कर सूटकेस में भर देनेवाला दीक्षांत किसी छूट के हकदार थे? क्या इतने जघन्य अपराध करनेवाले ये उदारता डिज़र्व करते हैं? क्या वाकई जिसका बेटा गया आप मानते हैं उसे इंसाफ मिला?
— Nitin Thakur (@thenitinnotes) November 10, 2026
क्या जेल प्रहरी की मिलीभगत
खुली जेल में कैदियों को दिन में बाहर काम करने और शाम को वापस लौटने की छूट होती है। दीक्षांत की विदेश यात्रा के दौरान जेल प्रहरी हापुराम ने उसकी गैरहाजिरी छिपाने के लिए रजिस्टर में रोज़ सुबह-शाम उसकी फर्जी उपस्थिति दर्ज की और अधिकारियों को गुमराह करने के लिए उसकी पुरानी फोटो का इस्तेमाल किया।
पोल खुलने के बाद जेल विभाग ने आरोपी प्रहरी हापुराम को तुरंत निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। कैदी दीक्षांत कामरा और प्रहरी हापुराम दोनों के खिलाफ साजिश रचने और जेल नियमों के उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा, अफीम मिलने के मामले में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। फ़िलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इस विदेशी ट्रिप को अंजाम देने में जेल के अन्य अधिकारियों या बाहरी लोगों की क्या भूमिका रही है।











































