Assam Kaziranga road accident: असम के काजीरंगा के पास हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार दोपहर गोलाघाट जिले के रंगाजन इलाके में एक तेज रफ्तार यात्री ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
27 सीटों वाले वाहन में ठूंसे गए थे करीब 45 यात्री| Assam Kaziranga road accident
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हुआ। यात्री ट्रैवलर (नंबर AS 02 AC 6690) बोकाखाट से नगांव की तरफ जा रहा था, जबकि कंटेनर ट्रक अपर असम की ओर बढ़ रहा था। पुलिस जांच में ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस ट्रैवलर की बैठने की क्षमता महज 27 यात्रियों की थी, उसमें करीब 45 लोग सवार होने की आशंका जताई जा रही है।
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) स्वप्ननील डेका ने बताया कि सूचना मिलते ही तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नौ एंबुलेंस लगाई गईं। घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को बोकाखाट, गोलाघाट और जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
ट्रैवलर का चौंकाने वाला रिकॉर्ड: पहले भी कट चुके हैं 12 चालान
परिवहन विभाग के रिकॉर्ड खंगालने पर हादसे का शिकार हुए ट्रैवलर की लापरवाही की लंबी फेहरिस्त सामने आई है। गोलाघाट जिला परिवहन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस गाड़ी पर पहले भी तेज रफ्तार के कई चालान कट चुके हैं। बीते 3 मार्च को जोरहाट में 102 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने पर इस पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगा था। वाहन पर कुल 12 चालान (38,500 रुपये) दर्ज थे, जो जमा हो चुके हैं, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अभी भी बकाया है।
कई कॉलेज स्टूडेंट्स की गई जान, 14 मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे ने कई परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों में कई कॉलेज छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं, जो अपनी क्लास खत्म कर घर लौट रहे थे। प्रशासन ने अब तक 14 मृतकों की पहचान कर ली है। इनमें ड्राइवर अब्दुल मजीद, हेल्पर सुभाष, 12 वर्षीय अनुराग गोआला, ज्योति माझी, दर्पणा माझी, राशिद अली, हाफिजा खातून, फरहाना यास्मीन, केआर लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपाली रोंगफार शामिल हैं। अन्य मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।
PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान, शनिवार को घटनास्थल जाएंगे CM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है।
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि घायलों का बेहतर इलाज सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा मौके पर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, मंत्री रानोज पेगू भी रवाना हो रहे हैं और मुख्यमंत्री खुद शनिवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक के डैशकैम का एक फुटेज भी सामने आया है, जिसमें यात्री वाहन तेज रफ्तार में अपनी लेन छोड़कर दूसरी तरफ जाता दिख रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह आधिकारिक तौर पर साफ हो पाएगी।












































