Passport Fee Hike 2026: अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को रिन्यू कराने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने करीब 14 साल बाद पासपोर्ट फीस में बड़ा बदलाव किया है। विदेश मंत्रालय ने नई शुल्क सूची जारी कर दी है, जो 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। नई व्यवस्था के तहत सामान्य (नॉर्मल) और तत्काल दोनों श्रेणियों में पासपोर्ट बनवाना पहले की तुलना में महंगा हो जाएगा।
यह नई फीस उस स्पष्टीकरण के एक दिन बाद जारी की गई है, जिसमें सरकार ने कहा था कि पासपोर्ट मुख्य रूप से एक यात्रा दस्तावेज (Travel Document) है, न कि भारतीय नागरिकता का प्रमाण।
और पढ़ें: कमर्शियल LPG यूजर्स के लिए खुशखबरी! सरकार ने खत्म की बड़ी पाबंदी| LPG Rule Change
36 और 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस बढ़ी| Passport Fee Hike 2026
नई दरों के अनुसार, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए 36 पेज का नया पासपोर्ट या उसका री-इश्यू अब सामान्य श्रेणी में 1,500 रुपये की जगह 2,500 रुपये में बनेगा। वहीं तत्काल सेवा के तहत इसकी फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। इसी तरह 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए भी शुल्क बढ़ाया गया है। अब सामान्य श्रेणी में इसकी फीस 2,000 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हो गई है, जबकि तत्काल सेवा के लिए 4,000 रुपये की जगह 6,000 रुपये चुकाने होंगे।
खोया या खराब हुआ पासपोर्ट बदलवाना भी होगा महंगा
अगर किसी का पासपोर्ट खो गया है या खराब हो गया है, तो उसे बदलवाने के लिए अब पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। 36 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट की फीस सामान्य श्रेणी में 5,000 रुपये और तत्काल श्रेणी में 7,500 रुपये तय की गई है। वहीं 60 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में 6,000 रुपये और तत्काल सेवा के तहत 8,500 रुपये का शुल्क देना होगा।
नाबालिगों की फीस में भी बदलाव
18 वर्ष से कम उम्र के आवेदकों के लिए भी नई फीस लागू होगी। इस श्रेणी में 36 पेज का नया या री-इश्यू पासपोर्ट सामान्य योजना के तहत 1,750 रुपये और तत्काल योजना में 4,250 रुपये में मिलेगा। अगर किसी नाबालिग का पासपोर्ट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो उसका रिप्लेसमेंट सामान्य श्रेणी में 4,250 रुपये और तत्काल श्रेणी में 6,750 रुपये में जारी किया जाएगा।
अन्य सेवाओं की फीस भी बदली
विदेश मंत्रालय ने केवल पासपोर्ट ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी कई अन्य सेवाओं की फीस में भी बदलाव किया है। नई व्यवस्था के अनुसार, भारत में पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC), सरेंडर सर्टिफिकेट, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन और अन्य संबंधित प्रमाणपत्रों के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा। विदेश में इन सेवाओं के लिए 40 अमेरिकी डॉलर तय किए गए हैं।
इसके अलावा, भारत में इमरजेंसी सर्टिफिकेट पहले की तरह मुफ्त जारी किया जाएगा, जबकि विदेश में इसके लिए 15 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लगेगा। वहीं सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी (Certificate of Identity) के लिए भारत में 1,000 रुपये और विदेश में 50 अमेरिकी डॉलर देने होंगे।
2012 के बाद पहली बार हुआ बड़ा बदलाव
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत यह नई शुल्क व्यवस्था लागू की है। इससे पहले वर्ष 2012 में पासपोर्ट फीस में बदलाव किया गया था। उस समय 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तत्काल सेवा की फीस 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये की गई थी।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2026 या उसके बाद जमा किए गए सभी पासपोर्ट आवेदनों पर नई फीस लागू होगी। ऐसे में जिन लोगों की जल्द पासपोर्ट बनवाने की योजना है, उन्हें नई दरों के अनुसार आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।
































