Mahoba News: बेटी की डोली से पहले उठी अर्थी, कर्ज और बर्बाद फसल ने छीन ली किसान पिता की जिंदगी

Nandani | Nedrick News Uttar Pradesh Published: 15 फ़रवरी 2026, 01:58 PM Updated: 15 फ़रवरी 2026, 01:59 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। श्रीनगर थाना क्षेत्र के ज्योरैया गांव में जहां कुछ दिन पहले तक शादी की तैयारियों की हलचल थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। एक मजबूर पिता ने अपनी बेटी की शादी से महज 11 दिन पहले खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक किसान की पहचान 50 वर्षीय कृष्णपाल सिंह बुंदेला के रूप में हुई है। उनकी 19 साल की बेटी तनीशा की शादी 24 फरवरी को तय थी। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को कार्ड भी बांटे जा चुके थे। घर में शादी की बातें हो रही थीं, लेकिन इन खुशियों के बीच कृष्णपाल के मन में एक गहरी चिंता घर कर गई थी बेटी की शादी का खर्च आखिर कैसे पूरा होगा?

और पढ़ें: UP Naagin Controversy: उत्तर प्रदेश में इच्छाधारी नागिन का ड्रामा, युवती ने शादी से बचने के लिए रचा फिल्मी प्लान

दो बीघा जमीन और बढ़ता कर्ज (Mahoba News)

परिवार की आर्थिक हालत पहले से ही कमजोर थी। कृष्णपाल के पास सिर्फ दो बीघा जमीन थी, जिससे परिवार का गुजारा चलता था। पिछले सीजन की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। इस बार उन्होंने कुछ खेत बटाई पर लेकर चने की फसल बोई थी, लेकिन वह भी खराब होने लगी। खेती से उम्मीद टूटती जा रही थी।

इसके साथ ही साहूकारों का पुराना कर्ज सिर पर था। दो साल पहले बड़ी बेटी सालनी की शादी भी उन्होंने कर्ज लेकर की थी। उस समय जैसे-तैसे इंतजाम हो गया था, लेकिन इस बार हालात और भी मुश्किल थे। घर में दूसरी बेटी की शादी सामने थी और जेब लगभग खाली।

मृतक के बड़े भाई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि कृष्णपाल कई दिनों से बेहद तनाव में थे। उन्हें यह डर सता रहा था कि अगर शादी ठीक से न हो पाई तो समाज में क्या जवाब देंगे। कर्ज चुकाने का दबाव और शादी की तैयारियों का बोझ उन्हें अंदर ही अंदर तोड़ रहा था।

खेत में मिला शव, परिवार में कोहराम

बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव में आकर कृष्णपाल अपने खेत पर गए और वहां एक पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। जब देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उनका शव खेत में लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। जिस घर में शहनाई बजनी थी, वहां अब रोने की आवाजें गूंज रही हैं।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कृष्णपाल अपने पीछे तीन बेटियां और दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं। 19 साल की तनीशा, जिसकी डोली कुछ ही दिनों में उठनी थी, अपने पिता की अर्थी देखकर बेसुध हो गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अब हालात ऐसे हैं कि परिवार के सामने न सिर्फ शादी का सवाल है, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों का संकट भी खड़ा हो गया है। मृतक के भाई विक्रम सिंह बुंदेला और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार आगे आए, ताकि बेटी की शादी संपन्न हो सके और बच्चों को सहारा मिल सके।

और पढ़ें: Prayagraj News: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर नाबालिग शोषण के गंभीर आरोप, कोर्ट में शुरू हुई बहस

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds