25 साल तक दुनिया की कोई ताकत नहीं…- विधानसभा में जमकर गरजे सीएम योगी, सपा को निशाने पर लिया

vickynedrick@gmail.com | Nedrick News Published: 18 दिसम्बर 2021, 05:30 AM Updated: 18 दिसम्बर 2021, 05:30 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 17वीं विधानसभा को संबोधित किया। यूपी चुनाव होने से पहले ये विधानसभा का आखिरी सत्र था। अब यूपी विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। विधासभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी पार्टियों को निशाने पर लिया। खासतौर पर वो समाजवादी पार्टी को इस दौरान जमकर घेरते नजर आए।

‘समाजवाद रेड अलर्ट है और इससे…’

सीएम योगी ने कहा कि देश को ना ही साम्यवाद चाहिए और ना समाजवाद चाहिए। देश को सिर्फ राम राज्‍य चाहिए। आज के युग का जो सबसे बड़ा अंधविश्वास है, वो समाजवाद है और इसके कई बहुरुपिया ब्रांड हैं। मुख्यमंत्री आगे बोले कि परिवारवादी समाजवाद, माफियावादी समाजवाद, अराजकतावादी समाजवाद, दंगावादी समाजवाद, आतंकवादी समाजवाद, ये सभी बहुरुपिये ब्रांड हैं। राज्य की जनता भी अब ये बात मान चुकी है कि समाजवाद रेड अलर्ट है, जिससे मुक्ति मिलनी ही चाहिए। 

सीएम योगी ने कहा कि यूपी को राम राज्य ही चाहिए। राम राज्य का मतलब जो सार्वकालिक, सार्वदेशिक है और सार्वभौमिक है और काल परिस्थिति से प्रभावित शाश्वत है, वही राम राज्‍य है। इस दौरान सीएम ने नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष समाजवादी थे, लेकिन वो परिवारवादियों के चक्कर में पड़ गए और इसकी वजह से उनकी छवि खराब हुई। 

‘लोहिया के सपने को पूरा किया’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में आगे कहा कि लोहिया ने कहा था कि जो सरकार देश में, देश के गरीबों के लिए शौचालय का निर्माण करेगी। जो सरकार उनके घर में चूल्हा जलाने का काम करेगी, उसको आने वाले 25 साल तक दुनिया की कोई ताकत हटा नहीं सकती। लोहिया ने 60 साल पहले ये सपना देखा था, जिसे मोदी सरकार ने पूरा कर दिखाया। आज हर गरीब के पास शौचालय, रसोई गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और बिजली का मुफ्त कनेक्शन है। 

सीएम ने आगे समाजवादी पार्टी पर माफिया को संरक्षण देने का भी  आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने खनिज माफिया को संरक्षण दिया। वहीं उन माफियाओं को हमारी सरकार ने जेल भिजवाया। सीएम ने आगे दावा किया कि अब पानी के लिए बुंदेलखंड को नहीं तरसेगा। युवाओं को पलायन नहीं करना होगा क्योंकि यहां रोजगार का आधार एक्सप्रेस वे बन गया। विकास की एक नई आभा के साथ बुदेलखंड आगे बढ़ रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश का विकास किया जा रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे खोला गया है। 

वहीं इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने कहा कि बीजेपी ने सिर्फ एक ही चीज में महारत हासिल की हुई है, वो है झूठ, झूठ और झूठ। उन्होंने आगे कहा कि मैं जब तक जिऊंगा तब तक समाजवादी पार्टी में अखिलेश के साथ ही रहूंगा।

vickynedrick@gmail.com

vickynedrick@gmail.com https://nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds