जब सुरों ने लिखी बगावत की कहानी: आशा भोसले — संघर्ष से सुपरस्टारडम तक का सफर | Asha Bhosle news

Nandani | Nedrick News Mumbai Published: 12 अप्रैल 2026, 05:13 PM Updated: 12 अप्रैल 2026, 05:36 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Asha Bhosle news: भारतीय संगीत जगत में जब भी महान आवाज़ों का ज़िक्र होगा, आशा भोसले का नाम हमेशा सबसे खास जगह पर लिया जाएगा। वह सिर्फ एक प्लेबैक सिंगर नहीं थीं, बल्कि एक ऐसा एहसास थीं, जिसकी गूंज पीढ़ियों तक सुनाई देती रही। आज भले ही उनका शरीर हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनकी आवाज़ हमेशा हवा में तैरती रहेगी दूर तक, देर तक और शायद हमेशा के लिए।

‘नया दौर’ से लेकर ‘तीसरी मंज़िल’, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘उमराव जान’, ‘इजाज़त’ और ‘रंगीला’ तक… वक्त बदलता गया, सिनेमा बदलता गया, लेकिन आशा भोसले की आवाज़ की ताजगी कभी कम नहीं हुई। उनकी गायकी में एक अजब सा जादू था कभी शरारत, कभी दर्द, कभी गहराई और कभी बेफिक्र अंदाज़।

और पढ़ें: 16 की उम्र में माइक से डरकर शुरू हुआ Asha Bhosle का सफर लता की छाया तोड़कर बनीं 11 हजार गानों की क्वीन

संघर्ष से भरी शुरुआत, विरासत में मिला संगीत | Asha Bhosle news

आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को एक ऐसे परिवार में हुआ, जहां संगीत सांसों में बसता था। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर शास्त्रीय गायक और रंगमंच के बड़े नाम थे। घर में बचपन से ही सुरों का माहौल था। लेकिन जब वह महज़ नौ साल की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया। इस एक घटना ने पूरे परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया। पुणे से कोल्हापुर और फिर मुंबई तक का सफर आसान नहीं था। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारी उठाई। इसी संघर्ष के बीच आशा भी धीरे-धीरे संगीत की दुनिया में उतर आईं।

‘नंबर दो’ की छाया से बाहर निकलने की जिद

आशा भोसले की जिंदगी का सबसे बड़ा सच यह रहा कि उन्हें लंबे समय तक ‘नंबर दो’ के तौर पर देखा गया। वजह थीं उनकी ही बहन लता मंगेशकर, जो उस दौर में प्लेबैक सिंगिंग की सबसे बड़ी आवाज़ बन चुकी थीं।

उस समय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लता का ऐसा दबदबा था कि बड़े संगीतकार नौशाद, शंकर-जयकिशन, एसडी बर्मन सबकी पहली पसंद वही थीं। ऐसे में आशा के लिए अपनी अलग पहचान बनाना लगभग नामुमकिन जैसा था।

शुरुआती दौर में उन्हें बी-ग्रेड फिल्मों में गाने मिले। कई बार तो उन्हें तभी मौका मिलता, जब बाकी बड़ी गायिकाएं उपलब्ध नहीं होती थीं। फिल्म इतिहासकार राजू भारतन के मुताबिक, “एक वक्त ऐसा था जब आशा का नाम विकल्पों की सूची में भी नहीं होता था।”

लेकिन यही वह दौर था, जिसने आशा को मजबूत बनाया। उन्होंने हर छोटे-बड़े मौके को स्वीकार किया और खुद को साबित करने की ठान ली।

निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव

महज 16 साल की उम्र में उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर गणपतराव भोसले से शादी कर ली। यह रिश्ता उनके लिए मुश्किलों भरा साबित हुआ। पारिवारिक तनाव और रिश्तों में खटास ने उनके करियर को भी प्रभावित किया। खुद आशा भोसले ने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि इस शादी के कारण उनका और लता मंगेशकर का रिश्ता भी लंबे समय तक खराब रहा।

ओ.पी. नैयर और एस.डी. बर्मन ने बदली किस्मत

आशा भोसले के करियर का असली मोड़ तब आया, जब संगीतकार ओ.पी. नैयर ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। फिल्म ‘नया दौर’ के गीत ‘उड़े जब-जब जुल्फें तेरी’ और ‘मांग के साथ तुम्हारा’ने उन्हें नई पहचान दी। इसके बाद एस.डी. बर्मन के साथ काम करने का मौका मिला। उस समय लता और बर्मन के बीच मतभेद चल रहे थे, जिसका फायदा आशा को मिला। ‘हाल कैसा है जनाब का’, ‘छोड़ दो आंचल’, ‘दीवाना मस्ताना हुआ दिल’ जैसे गीतों ने उन्हें एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया।

पंचम के साथ बनी यादगार जोड़ी

आशा भोसले के करियर का सबसे चमकदार अध्याय रहा आर.डी. बर्मन यानी पंचम के साथ उनका साथ। ‘तीसरी मंज़िल’ से शुरू हुई यह साझेदारी संगीत के इतिहास में अमर हो गई। ‘ओ हसीना जुल्फों वाली’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’ जैसे गानों ने उन्हें एक नई, बोल्ड और मॉडर्न आवाज़ के रूप में स्थापित किया। पंचम के संगीत में जहां पश्चिमी धुनों का असर था, वहीं आशा की आवाज़ ने उसे एक नई पहचान दी।

‘उमराव जान’ से बदली छवि

अगर किसी एक फिल्म ने आशा भोसले की गायकी को एक नई ऊंचाई दी, तो वह थी ‘उमराव जान’। संगीतकार खय्याम ने उन्हें एक अलग अंदाज़ में गाने की चुनौती दी। ‘दिल चीज़ क्या है’, ‘इन आंखों की मस्ती के’ जैसे गीतों ने यह साबित कर दिया कि आशा सिर्फ चुलबुले गानों की आवाज़ नहीं, बल्कि गहराई और ठहराव की भी मिसाल हैं।

हर दौर में बनी रहीं प्रासंगिक

समय के साथ संगीत बदलता गया, लेकिन आशा भोसले ने खुद को हर दौर में ढाल लिया। ए.आर. रहमान के साथ ‘रंगीला’ जैसी फिल्मों में उन्होंने फिर साबित किया कि उनकी आवाज़ पर उम्र का असर नहीं पड़ता। जहां कई पुराने गायक नए दौर से दूरी बना लेते थे, वहीं आशा ने रीमिक्स और नए प्रयोगों को खुले दिल से अपनाया।

एक ऐसा सफर, जो हमेशा याद रहेगा

आशा भोसले का जीवन सिर्फ सफलता की कहानी नहीं था, बल्कि संघर्ष, जिद और खुद को साबित करने की मिसाल भी था। अपनी ही बहन की बड़ी छाया से बाहर निकलकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

और पढ़ें: टॉर्चर के कारण छोड़ा पति का घर, बेटी ने की खुदकुशी —  रुला देगी आशा भोसले की दर्दनाक कहानी | Asha Bhosle Biography

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds