India UN AI warning: युद्ध और वैश्विक संघर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक डिजिटल तकनीक की बढ़ती दखलअंदाजी के बीच भारत ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के मंच से दुनिया को बेहद स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है। भारत ने आगाह किया है कि युद्ध के मैदान में नई तकनीक का बेकाबू या गैर-जिम्मेदाराना इस्तेमाल पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। भारत ने पुरजोर अपील की है कि नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल में इंसानी सोच, निगरानी और जवाबदेही को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए।
मंगलवार को लातविया की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक उच्च-स्तरीय खुली बहस में भारत का पक्ष रखते हुए स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक ने युद्ध लड़ने के तौर-तरीकों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के पूरे माहौल को बदलकर रख दिया है।
‘तेजी से बदलते दौर में टकराव का हल’: भारत ने रखे चार अहम सूत्र| India UN AI warning
इस बहस की थीम ‘तेजी से बदलते टेक्नोलॉजिकल बदलाव के दौर में टकराव का हल’ पर बोलते हुए राजदूत पर्वतनेनी ने चार मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया, जिन पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर काम करना चाहिए:
- इंसान पर केंद्रित हो तकनीक (Human-Centric Approach): भारतीय राजदूत ने कहा कि टेक्नोलॉजी इंसानी लक्ष्यों को हासिल करने का एक जरिया मात्र है, वह अपने आप में कोई मंजिल नहीं बन सकती। युद्ध या तनाव के हालात में AI आधारित टूल्स, सैटेलाइट इमेजरी और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल संकट का पहले से अंदाजा लगाने, शांति सैनिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों की रक्षा करने के लिए होना चाहिए।
- जिम्मेदारी और इंसानी निगरानी अनिवार्य: जानलेवा ऑटोनॉमस वेपन सिस्टम (बिना इंसान के चलने वाले हथियार) पर गंभीर कानूनी और नैतिक सवाल उठाते हुए भारत ने कहा कि हथियारों के संचालन में अंतिम फैसला और निगरानी हमेशा इंसान के हाथ में होनी चाहिए और जिम्मेदारी भी इंसान की ही तय होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत कन्वेंशन ऑन सर्टेन कन्वेंशनल वेपन्स (CCW) के ढांचे के भीतर इन चिंताओं को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है।
- आतंकियों के हाथ में AI सबसे बड़ा खतरा: पर्वतनेनी ने चेतावनी दी कि आतंकवादी समूहों और नॉन-स्टेट एक्टर्स द्वारा AI के गलत इस्तेमाल का खतरा बिल्कुल वास्तविक है। अधूरे या जानबूझकर बदले गए डेटा के जरिए AI फैसला लेने की क्षमता को कमजोर कर सकता है। इस दौरान उन्होंने भारत के मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आईटी एक्ट का जिक्र करते हुए बताया कि भारत ने साइबर हमलों और डेटा छेड़छाड़ से निपटने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है।
- ग्लोबल साउथ के साथ न हो तकनीकी भेदभाव: भारत ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि एक्सपोर्ट कंट्रोल और लाइसेंसिंग की आड़ में विकासशील देशों यानी ‘ग्लोबल साउथ’ को तकनीक से वंचित रखने और सिर्फ एक उपभोक्ता बनाकर छोड़ देने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। साथ ही उन्होंने चेताया कि AI सिस्टम जेंडर, भाषा और सामाजिक-आर्थिक आधार पर भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं, इसलिए इंसानों को महज ‘डेटा पॉइंट’ या ‘कच्चा माल’ समझना बंद होना चाहिए।
UNSC में सुधार और ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ का जिक्र
राजदूत पर्वतनेनी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी और अस्थायी दोनों श्रेणियों में जल्द विस्तार और सुधार की वकालत भी की। इसके अलावा उन्होंने इसी साल फरवरी में भारत की मेजबानी में हुए ‘AI इम्पैक्ट समिट’ का जिक्र करते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ के किसी देश द्वारा आयोजित यह अपनी तरह का पहला सम्मेलन था। इसमें 90 से अधिक देशों ने ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ का समर्थन किया था, जिसका मकसद AI संसाधनों तक सबकी पहुंच बनाना और भरोसेमंद सिस्टम तैयार करना है।
अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने साफ कहा कि तकनीक का अंतिम लक्ष्य इंसानियत की सेवा और स्थायी शांति होना चाहिए यह इंसानी फैसले लेने में मदद तो कर सकती है, लेकिन कभी उसकी जगह नहीं ले सकती।













































