Karbi Anglong world record: असम के पहाड़ी जिले कार्बी आंगलोंग ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का परचम दुनिया भर में लहरा दिया है। मंगलवार को 75वें कार्बी आंगलोंग दिवस के खास मौके पर जिले के दिफू स्थित केएएसए (KASA) स्टेडियम में एक ऐसा ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला, जो हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। यहां अलग-अलग जनजातियों और समुदायों से जुड़े 15,000 से अधिक नर्तकों ने एक साथ पारंपरिक कार्बी लोक नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति देकर ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ (Guinness World Record) अपने नाम कर लिया है।
एक ही लय पर थिरके 15 हजार कदम, स्टेडियम में बिखरे संस्कृति के रंग| Karbi Anglong world record
कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (KAAC) के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलिराम रोंगहांग की पहल पर आयोजित इस भव्य समारोह में हजारों कलाकारों ने गजब की लयबद्धता के साथ नृत्य किया। पारंपरिक संगीत की धुनों और रंग-बिरंगी स्थानीय पोशाकों में सजे 15,000 प्रतिभागियों जब एक साथ थिरके, तो पूरा केएएसए स्टेडियम जीवंत हो उठा। यह सामूहिक प्रदर्शन 75वें कार्बी आंगलोंग दिवस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहा, जिसने इस पहाड़ी क्षेत्र की लोक कलाओं और संस्कृति को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।
A moment of immense pride for Karbi Anglong!
15,000 dancers coming together in harmony to create a Guinness World Record is a magnificent celebration of the region’s rich cultural heritage, unity and vibrant traditions. https://t.co/K7vR6kljQk— Pabitra Margherita (@PmargheritaBJP) November 17, 2026
विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा और तुलिराम रोंगहांग ने जताया गर्व
इस शानदार उपलब्धि की जानकारी देते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि कार्बी आंगलोंग के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है और 15,000 नर्तकों का एक साथ आकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और जीवंत परंपराओं का एक शानदार उत्सव है।
वहीं, केएएसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलिराम रोंगहांग ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस सफलता को पूरे कार्बी आंगलोंग के लोगों के लिए गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक प्रस्तुति जिले के इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। रोंगहांग ने इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जुटे सभी कलाकारों, आयोजकों और स्थानीय नागरिकों को दिल से बधाई दी।
वैश्विक पटल पर मजबूत होगी असम की मूल परंपराओं की पहचान
इस भव्य कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न जनजातियों और समुदायों के लोगों ने बिना किसी भेदभाव के एक साथ हिस्सा लिया। इतनी बड़ी तादाद में नर्तकों का एक मंच पर जुटना यह दर्शाता है कि स्थानीय समुदाय अपनी पारंपरिक कलाओं और जड़ों को सहेजने के लिए कितने उत्साहित हैं। उम्मीद की जा रही है कि विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली यह अनूठी प्रस्तुति वैश्विक सांस्कृतिक मंच पर कार्बी संस्कृति और असम की मूल परंपराओं की पहचान को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।













































