अमेरिका में 4 दिन से लगातार धोखा दे रही टेक्नोलॉजी: यूनाइटेड एयरलाइंस का नेटवर्क और बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं ठप| US tech outage news

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

US tech outage news: अमेरिका में बीते चार दिनों के भीतर तकनीकी गड़बड़ियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को पूरे देश का एयर ट्रैफिक सिस्टम ठप होने से हजारों उड़ानें प्रभावित होने के बाद, अब सोमवार को एक बार फिर बड़ी तकनीकी खामी सामने आई है। सोमवार को अमेरिका की तीसरी सबसे बड़ी विमानन कंपनी ‘यूनाइटेड एयरलाइंस’ का नेटवर्क अचानक बैठ गया, वहीं देश के कई दिग्गज बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं भी प्रभावित रहीं। हालांकि राहत की बात यह है कि एयरलाइन की समस्या को कुछ देर बाद ठीक कर लिया गया और सोमवार रात तक हवाई यातायात लगभग सामान्य हो गया।

और पढ़ें: बिना पायलट भी उड़ेगा और 19 यात्री भी ले जाएगा! चीन के पहले इलेक्ट्रिक कमर्शियल विमान का सफल ट्रायल| China electric aircraft CE-25A

सॉफ्टवेयर बग से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित, चेस ने साइबर हमले से किया इनकार| US tech outage news

सोमवार को अमेरिकी बैंकिंग सेक्टर को बड़ा झटका लगा। जेपी मॉर्गन चेस (JPMorgan Chase) के सिस्टम में आए एक सॉफ्टवेयर बग की वजह से देश के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल ऐप इस्तेमाल करने में भारी दिक्कतें आईं। हजारों यूजर्स ने शिकायत की कि वे अपने बैंक अकाउंट लॉग-इन नहीं कर पा रहे हैं। इस परेशानी का असर बैंक ऑफ अमेरिका, जेपी मॉर्गन, वेल्स फार्गो, चेस और जेले (Zelle) जैसे प्रमुख बैंकिंग प्लेटफॉर्म के ग्राहकों पर पड़ा। हालांकि, चेस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह केवल एक सॉफ्टवेयर बग था, न कि कोई साइबर अटैक।

इससे पहले गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक (Microsoft Outlook) की सेवाएं भी बड़े पैमाने पर बाधित हुई थीं, जिसे शनिवार तक जाकर पूरी तरह बहाल किया जा सका था।

यूनाइटेड एयरलाइंस के पायलटों को नहीं मिला टेकऑफ डेटा

सोमवार दोपहर को यूनाइटेड एयरलाइंस ने ‘व्यापक सिस्टम आउटेज’ की घोषणा की। तकनीकी खराबी इतनी गंभीर थी कि एयरलाइन के पायलटों को विमान उड़ाने (टेकऑफ) के लिए जरूरी डेटा ही नहीं मिल पा रहा था, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कंपनी ने तकनीकी खामी की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर यात्रियों से माफी भी मांगी। शुरुआती दौर में यह साफ नहीं हो पाया था कि इस गड़बड़ी का असर किन-किन अन्य एयरलाइंस पर पड़ा है, लेकिन कुछ ही देर बाद कंपनी ने जानकारी दी कि खराबी को दूर कर लिया गया है और सिस्टम फिर से सुचारू रूप से काम कर रहा है।

शुक्रवार को एक छोटे से राउटर ने थाम दी थीं पूरे अमेरिका की उड़ानें

इससे ठीक पहले शुक्रवार, 13 नवंबर को अमेरिका में ‘एयर इमरजेंसी’ जैसे हालात बन गए थे। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) को दोपहर 3 बजकर 54 मिनट पर पूरे देश में ‘ग्राउंड स्टॉप’ का आदेश जारी करना पड़ा था, जिसके चलते करीब साढ़े 4 घंटे तक पूरे अमेरिका में कोई भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। 11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद यह अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप था।

जांच में सामने आया कि इस बड़े संकट के पीछे एक छोटा सा राउटर जिम्मेदार था। दरअसल, FAA के ठेकेदार L3Harris द्वारा अर्कांसस के एल डोराडो में पुराने कॉपर वायर की जगह फाइबर-ऑप्टिक केबल बिछाई जा रही थी। इसी दौरान लगाया गया एक नया राउटर खराब हो गया और हर 4 से 5 सेकंड में 1,000 से ज्यादा कनेक्शन रिक्वेस्ट भेजने लगा। इससे पूरा नेटवर्क ओवरलोड हो गया और देश के 22 में से 17 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर ठप पड़ गए। हालांकि बीते एक हफ्ते की ये सभी तकनीकी घटनाएं आपस में अलग-अलग हैं, लेकिन लगातार हो रहे इन फॉल्ट्स ने अमेरिका के डिजिटल और एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

और पढ़ें: शेख हसीना की वापसी की आहट से सुलगा बांग्लादेश: गृह नगर गोपालगंज में हथियार लेकर सड़कों पर उतरे समर्थक| Sheikh Hasina Bangladesh return

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds