Taj Mahal security breach: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में बुधवार सुबह एक बड़ी सेंध देखने को मिली है। ताज परिसर के बेहद संवेदनशील और प्रतिबंधित हिस्से में बने वॉच टावर नंबर चार (बुर्जी) तक एक विदेशी युगल (कपल) बेरोकटोक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि इसी टावर पर ताजमहल की हवाई सुरक्षा के लिए पुलिस का हाई-टेक एंटी-ड्रोन सिस्टम लगा हुआ है और यहां हर वक्त सुरक्षाकर्मियों का पहरा रहता है। इस घटना का 13 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने ताज सुरक्षा पुलिस से पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
चमेली फर्श की सीढ़ियों से ऊपर चढ़े विदेशी पर्यटक| Taj Mahal security breach
जानकारी के मुताबिक, ताजमहल के पश्चिमी हिस्से में स्थित शाही मस्जिद के उत्तर-पश्चिमी कोने पर वॉच टावर नंबर चार बना हुआ है, जिसे स्थानीय भाषा में ‘बुर्जी’ भी कहा जाता है। इस टावर की ओर जाने के लिए चमेली फर्श की तरफ से सीढ़ियां बनी हुई हैं, जो आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। बुधवार सुबह दोनों विदेशी पर्यटक इन्हीं सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ गए और बुर्जी के पास काफी देर तक चहलकदमी करते रहे। जब वहां मौजूद एक कर्मचारी की नजर उन पर पड़ी, तो उसने तुरंत उन्हें टोका और वापस नीचे उतारा।
कुंडी लगाने में हुई चूक या शिफ्ट चेंज के दौरान ढिलाई?
इस टावर पर सुरक्षा के लिहाज से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के साथ-साथ ताज सुरक्षा पुलिस के जवान भी तैनात रहते हैं। नियमों के अनुसार, सुरक्षाकर्मी जब ऊपर ड्यूटी पर जाते हैं, तो वे नीचे स्थित दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर लेते हैं ताकि कोई बाहरी व्यक्ति ऊपर न आ सके। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि या तो सुरक्षाकर्मी दरवाजे की कुंडी लगाना भूल गए या फिर जवानों की ड्यूटी (शिफ्ट) बदलने के दौरान हुई किसी चूक का फायदा उठाकर यह विदेशी जोड़ा ऊपर तक पहुंच गया। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेड और यलो जोन की सुरक्षा पर उठे सवाल
अति-संवेदनशील स्मारक होने के कारण ताजमहल की सुरक्षा को दो प्रमुख हिस्सों रेड और यलो जोन में बांटा गया है। स्मारक के मुख्य परिसर यानी ‘रेड जोन’ की सुरक्षा का जिम्मा CISF संभालती है, जबकि परिसर के बाहर 500 मीटर के दायरे वाले ‘यलो जोन’ में स्थानीय पुलिस और पीएसी (PAC) की तैनाती रहती है। इतने कड़े सुरक्षा घेरे के बावजूद एंटी-ड्रोन सिस्टम जैसे महत्वपूर्ण उपकरण के पास आम पर्यटकों का पहुंच जाना निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ASI ने भेजा पत्र, शिफ्ट बदलने के समय सतर्कता के निर्देश
इस मामले पर अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि सुरक्षा में हुई इस लापरवाही को लेकर ताज सुरक्षा पुलिस को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षाकर्मियों की शिफ्ट बदलते समय विशेष सावधानी बरती जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न होने दी जाए। फिलहाल अधिकारियों की टीम मामले की जांच कर रही है ताकि चूक के असली कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।












































