China AG600 Kunlung aircraft: जंगलों में लगने वाली भीषण आग और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए चीन ने अपनी नई विमानन तकनीक का दमदार प्रदर्शन किया है। चीन के स्वदेशी एम्फीबियस (जल और थल दोनों से उड़ान भरने वाले) विमान AG600 ‘कुनलुंग’ ने महज 2 सेकंड के भीतर 12 टन पानी गिराकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस विमान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे उड़ान भरने या उतरने के लिए सिर्फ जमीन के रनवे की जरूरत नहीं है, बल्कि यह सीधे किसी झील या समुद्र की सतह से भी टेक-ऑफ और लैंडिंग कर सकता है।
20 सेकंड में भरता है 12 हजार लीटर पानी, 2 सेकंड में कर देता है खाली| China AG600 Kunlung aircraft
दुनिया के सबसे बड़े जल-थल विमानों में शुमार AG600 की लंबाई करीब 38.9 मीटर और पंखों का फैलाव लगभग 38.8 मीटर है, जबकि इसका अधिकतम टेक-ऑफ वजन करीब 60 टन है। यह विशाल विमान किसी जलाशय या झील की सतह पर बेहद कम ऊंचाई से गुजरते हुए सिर्फ 20 सेकंड में 12 हजार लीटर (12 टन) पानी अपने टैंकों में भर लेता है। इसके बाद आग प्रभावित इलाके में पहुंचकर यह पलक झपकते ही यानी महज 2 सेकंड में सारा पानी नीचे गिरा देता है।
China’s AG600 “Kunlong”,a homegrown amphibious aircraft, drops 12 tonnes of water in 2 seconds onto a burning forest, putting out the fire in an instant. https://t.co/ELAAtOyKmU
— Mao Ning 毛宁 (@SpoxCHN_MaoNing) November 13, 2026
चोंगकिंग में दिखी ताकत: 12 हजार वर्ग मीटर इलाके में पानी की बौछार
बीते 9 नवंबर को चीन के चोंगकिंग में आयोजित एक बड़े अग्निशमन अभ्यास के दौरान दो AG600 विमानों ने अपनी क्षमता साबित की। जहां एक विमान ने सीधे जलाशय की सतह से पानी भरा, वहीं दूसरे ने जमीनी बेस से पानी लेकर उड़ान भरी। अभ्यास के दौरान एक विमान ने अपने चारों टैंकों के आठों दरवाजे एक साथ खोलकर सिर्फ 2 सेकंड में 12 टन पानी की बौछार की। इससे हवा से जमीन तक करीब 40 मीटर चौड़ी और 300 मीटर लंबी पानी की चादर बन गई, जिसने 12 हजार वर्ग मीटर से अधिक के क्षेत्र को पूरी तरह भिगो दिया।
करीब 4,500 किलोमीटर की व्यावहारिक उड़ान रेंज वाला यह विमान केवल जंगल की आग बुझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे समुद्र में फंसे लोगों के रेस्क्यू ऑपरेशन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए भी खास तौर पर डिजाइन किया गया है।
भारत के ‘बांबी बकेट’ से कितनी अलग है AG600 की क्षमता?
भारत में जब भी जंगलों में आग लगती है, तो भारतीय वायुसेना अपने Mi-17 V5 हेलीकॉप्टरों के जरिए ‘बांबी बकेट’ (Bambi Bucket) तकनीक का इस्तेमाल करती है। यह एक विशेष प्रकार की मजबूत बाल्टी होती है, जिसे हेलीकॉप्टर के नीचे लटकाकर जलाशयों से पानी भरा जाता है और आग पर छिड़का जाता है।
रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में हिमाचल प्रदेश के कसौली के जंगलों में लगी आग बुझाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने हर चक्कर में करीब 2,000 से 2,500 लीटर पानी गिराया था और पूरे अभियान में 93 हजार लीटर से ज्यादा पानी का इस्तेमाल किया था। इसी तरह अरुणाचल प्रदेश के वालोंग में वायुसेना ने विभिन्न उड़ानों के जरिए कुल 1 लाख 39 हजार 800 लीटर पानी गिराकर आग पर काबू पाया था।
अगर क्षमता की तुलना करें, तो कसौली अभियान में इस्तेमाल हुए हेलीकॉप्टरों के मुकाबले चीन का AG600 एक बार में करीब 4.8 से 6 गुना अधिक पानी ले जा सकता है। यहां तक कि साल 2014 में विशाखापत्तनम में इस्तेमाल किए गए 3,500 लीटर क्षमता वाले बड़े बांबी बकेट की तुलना में भी AG600 करीब 3.4 गुना ज्यादा पानी एक ही बार में गिराने में सक्षम है।












































