Microsoft 365 global outage: दुनिया भर के कॉरपोरेट ऑफिस, प्रोफेशनल्स और आम यूजर्स के लिए बीता समय बेहद परेशानी भरा साबित हुआ, जब दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की प्रमुख क्लाउड सेवाएं अचानक ठप हो गईं। Microsoft 365 में आए इस बड़े तकनीकी आउटेज की वजह से लाखों यूजर्स अपने Outlook इनबॉक्स को एक्सेस नहीं कर पाए और ईमेल भेजने व प्राप्त करने में भारी देरी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, Microsoft Teams और कंपनी के एआई असिस्टेंट Copilot के भी कई जरूरी फीचर्स काम करना बंद कर गए। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर अकेले Outlook से जुड़ी समस्याओं के करीब 1,38,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए।
5 घंटे से ज्यादा चला संकट, ऑस्ट्रेलिया में सरकारी कामकाज भी रुका| Microsoft 365 global outage
भारतीय समयानुसार गुरुवार रात 9:47 बजे मेलबॉक्स से जुड़ी दिक्कतें शुरू हुईं और रात 11:56 बजे तक यह एक बड़े वैश्विक आउटेज में बदल गया। रात 11:30 बजे तक Downdetector पर शिकायतों का आंकड़ा 1,38,058 के शिखर पर पहुंच गया था। कई यूजर्स के लिए यह संकट पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक खिंचा। शुरुआत में कंपनी को लगा कि यह दिक्कत केवल अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देशों तक सीमित है, लेकिन बाद में स्वीकार किया गया कि इसका असर पूरी दुनिया के यूजर्स पर पड़ा है।
इस तकनीकी खराबी का असर सिर्फ निजी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा। ऑस्ट्रेलिया में नागरिकों और व्यवसायों के जरूरी काम निपटाने वाली सरकारी एजेंसी ‘सर्विस एनएसडब्ल्यू’ (Service NSW) को आम जनता से अपील करनी पड़ी कि वे फिलहाल उनके दफ्तरों में न आएं, क्योंकि सर्वर डाउन होने से कई महत्वपूर्ण ट्रांजैक्शन्स अटक गए थे।
क्यों आई खराबी और रिकवरी में क्यों लग रहा है इतना समय?
Microsoft 365 दरअसल Outlook, Teams और SharePoint जैसी ऑफिस सेवाओं का एक बंडल है। इस बार मुख्य खराबी ‘Exchange Online’ में आई, जो ईमेल स्टोर करने, भेजने और कैलेंडर मैनेज करने वाली मुख्य क्लाउड सर्विस है। चूंकि बैकएंड पर Exchange Online ही बैठ गया, इसलिए Outlook ऐप खुलने के बावजूद इनबॉक्स लोड नहीं हो पा रहा था। इसी तरह Teams पर सामान्य चैट और ऑनलाइन कॉल्स तो चल रही थीं, लेकिन कैलेंडर पर निर्भर रहने के कारण नई मीटिंग शेड्यूल करने के फीचर्स पूरी तरह फेल हो गए।
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपडेट देते हुए बताया कि देरी से चल रहे ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए कंपनी ने ईमेल टाइमआउट को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे (IST) तक भारत में कुछ सर्वर कैपेसिटी को बहाल जरूर किया गया, लेकिन सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकीं। कंपनी के अनुसार, रीस्टार्ट किए गए कुछ सर्वर यूजर्स का लोड बढ़ते ही दोबारा क्रैश हो गए। फिलहाल इंजीनियरों की टीम मशीनों के एक छोटे समूह पर पैच की टेस्टिंग कर रही है और नेटवर्क सेटिंग्स में हाल ही में किए गए बदलावों को वापस (रोलबैक) ले रही है।
साइबर हमले से इनकार, ChatGPT और Claude भी हुए प्रभावित
इस बड़े आउटेज के पीछे किसी साइबर अटैक की आशंका को माइक्रोसॉफ्ट ने सिरे से खारिज किया है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने ‘द गार्जियन’ को बताया कि इस खराबी के पीछे किसी साइबर हमले का कोई सबूत नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित कनेक्शन बनाने वाले सॉफ्टवेयर पर अचानक लोड बढ़ने और नेटवर्क सेटिंग्स में हुए बदलावों की वजह से हुआ है।
इस आउटेज की चपेट में लोकप्रिय एआई टूल्स भी आ गए। OpenAI के ChatGPT और Anthropic के Claude के Microsoft 365 कनेक्टर्स फेल हो गए, जिससे यूजर्स के ऑफिस डेटा, ईमेल और कैलेंडर से जुड़े एआई कमांड काम नहीं कर पा रहे थे। खुद माइक्रोसॉफ्ट का Copilot भी इस दौरान ऑफिस फाइल्स और ईमेल्स को रीड करने में असमर्थ रहा।












































