Wellfed startup success story: मेट्रो शहरों में काम करने वाले युवाओं के लिए सबसे बड़ी समस्या होती है रोज का अच्छा, सेहतमंद और घर जैसा खाना। इसी रोजमर्रा की परेशानी को बेंगलुरु के दो आईटी प्रोफेशनल्स ने न सिर्फ समझा, बल्कि इसे एक सफल बिजनेस मॉडल में भी बदल दिया। दीया कृष्णकुमार और आदित्य नटराजन नाम के इस कपल ने घर जैसे पौष्टिक और किफायती खाने की तलाश में अपनी अच्छी-खासी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी और सितंबर 2024 में ‘वेलफेड’ (Wellfed) नाम से एक मील सब्सक्रिप्शन स्टार्टअप की नींव रखी। आज उनकी यह छोटी सी पहल एक बड़े कारोबार का रूप ले चुकी है। कंपनी ने जनवरी से सितंबर 2026 के बीच महज 9 महीनों में 56 लाख रुपये का शानदार रेवेन्यू हासिल किया है और अब तक 55 हजार से ज्यादा मील डिलीवर कर चुकी है।
खुद की परेशानी से निकला स्टार्टअप का आइडिया| Wellfed startup success story
दीया और आदित्य ने बेंगलुरु से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की थी और तीन साल से ज्यादा समय तक आईटी सेक्टर में काम किया। ऑफिस के लंबे वर्किंग आवर्स के कारण दोनों के लिए रोज-रोज खुद खाना बनाना बेहद मुश्किल हो रहा था। वहीं, बाहर का खाना न तो उनकी जेब को सूट कर रहा था और न ही सेहत के लिहाज से घर जैसा लग रहा था।
दोनों को रोजमर्रा के लिए दाल, रोटी, सब्जी और भरपूर प्रोटीन वाला सादा भारतीय खाना चाहिए था। जब काफी तलाश के बाद भी उन्हें ऐसी कोई भरोसेमंद मील सब्सक्रिप्शन सर्विस नहीं मिली, तो उन्होंने खुद ही इस समस्या का हल निकालने की ठान ली। सितंबर 2024 में दोनों ने अपनी जमा-पूंजी मिलाकर करीब 15 लाख रुपये के शुरुआती निवेश से ‘वेलफेड’ की शुरुआत की।
प्लास्टिक से दूरी, स्टील के रीयूजेबल टिफिन में मिलता है घर का स्वाद
‘वेलफेड’ की सबसे बड़ी खासियत इसका सादा लेकिन पौष्टिक मेन्यू और इको-फ्रेंडली पैकेजिंग है:
- घर जैसा मेन्यू: ग्राहकों को रोजमर्रा के खाने में दाल, रोटी, मौसमी सब्जी के साथ-साथ प्रोटीन की जरूरत पूरी करने के लिए चिकन और पनीर जैसे विकल्प दिए जाते हैं।
- सस्टेनेबल पैकेजिंग: खाना पैक करने के लिए प्लास्टिक के डिब्बों का इस्तेमाल करने के बजाय कंपनी ने महाराष्ट्र से खास स्टील की परत वाले रीयूजेबल कंटेनर मंगवाए हैं। इससे खाना गर्म और सुरक्षित रहता है, साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होता।
एक सोशल मीडिया रील से मिले शुरुआती 100 ग्राहक
शुरुआत में दीया और आदित्य ने एक न्यूट्रिशनिस्ट और कुक समेत कुल छह लोगों की छोटी टीम बनाई। बाजार में उतरने से पहले उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार वालों को खाना खिलाकर उनका फीडबैक लिया। जब सर्विस लॉन्च हुई, तो एक न्यूट्रिशनिस्ट की सोशल मीडिया रील वायरल होने से कंपनी को अपने पहले 100 ग्राहक मिल गए।
इसके बाद काम ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि कंपनी अब तक 1,500 से ज्यादा ग्राहकों को अपनी सेवा दे चुकी है। कारोबार के पहले साल में जहां कंपनी का रेवेन्यू करीब 45 लाख रुपये रहा था, वहीं 2026 के शुरुआती नौ महीनों (जनवरी से सितंबर) में ही यह आंकड़ा 56 लाख रुपये के पार पहुंच गया है
क्या हैं सब्सक्रिप्शन प्लान और आगे की योजना?
कंपनी ग्राहकों की सुविधा के लिए तीन तरह के फ्लेक्सिबल प्लान पेश करती है:
- तीन दिन का ट्रायल प्लान: 289 रुपये प्रति मील
- दो हफ्ते का प्लान: 279 रुपये प्रति मील
- मासिक प्लान: 269 रुपये प्रति मील
इन सभी प्लान में लंच और डिनर के विकल्प के साथ-साथ फ्री होम डिलीवरी और न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह भी शामिल है। बेंगलुरु में मिली जबरदस्त सफलता के बाद अब दीया और आदित्य शहर में अपनी पहुंच और बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में हैदराबाद जैसे बड़े बाजारों में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।













































