Swachh Survekshan 2025 Chhattisgarh: सफाई और स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में राज्य के तीन शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ की बिल्हा नगर पालिका ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही स्वच्छ रिवर फ्रंट रैंकिंग में बिलासपुर को दूसरा स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ छत्तीसगढ़’ श्रेणी में पहला स्थान दिया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ये पुरस्कार प्रदान किए।
मंत्री अरुण साव और सफाई मित्रों ने मंच पर लिया सम्मान| Swachh Survekshan 2025 Chhattisgarh
समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विभागीय सचिव सोनमणि बोरा ने पुरस्कार ग्रहण किए। राज्य की इस बड़ी कामयाबी का श्रेय नगरीय निकायों के अधिकारियों, दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों की भागीदारी को दिया जा रहा है। इस बार पुरस्कार वितरण में एक खास व्यवस्था यह रही कि सम्मानित होने वाले हर शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाया गया, जिनमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और स्वच्छता मिशन से जुड़े अधिकारी शामिल थे।
4,751 से ज्यादा शहरों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा
स्वच्छ सर्वेक्षण के इस 10वें संस्करण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 कड़े मानकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे को अलग करना (पृथक्करण), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, सीवेज प्रबंधन, आम लोगों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण जैसे अहम बिंदु शामिल थे। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए 3 हजार से ज्यादा प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने शहरों का मौके पर जाकर जायजा लिया और डिजिटल व GPS आधारित निगरानी का इस्तेमाल किया। इस साल सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।
पिछली बार भी दमदार रहा था रायपुर का प्रदर्शन
अगर पिछले सर्वेक्षण (2024-25) के आंकड़ों पर नजर डालें, तो तब रायपुर ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया था। उस दौरान अहमदाबाद पहले, भोपाल दूसरे और लखनऊ तीसरे पायदान पर रहे थे। रायपुर को कुल 12,500 अंकों में से 11,996 अंक मिले थे। इसमें मुख्य सर्वेक्षण के 10,000 अंकों में से रायपुर ने 9,496 अंक जुटाए थे, जबकि गार्बेज फ्री सिटी (GFC) सर्टिफिकेशन के 1,300 और ODF सर्टिफिकेशन के 1,200 अंकों में पूरे के पूरे 2,500 अंक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की थी।













































