किचन में रेंगते कॉकरोच और फ्रीजर से बहता खून! यूपी में टुंडे कबाबी से लेकर वॉव मोमोज तक रेस्टोरेंट्स लाइसेंस हुए सस्पेंड| UP food safety raids

Nandani | Nedrick News Uttar Pradesh Published: 24 सितम्बर 2026, 08:41 PM Updated: 24 सितम्बर 2026, 08:41 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

UP food safety raids: अगर आप भी बाहर का खाना बड़े चाव से खाते हैं और मशहूर ब्रांड्स के नाम पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं, तो यह खबर आपको जरूर चौंका देगी। उत्तर प्रदेश में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले नामी रेस्टोरेंट और फास्ट फूड सेंटर्स पर इस बार गाज गिरी है। राज्य के पांच बड़े जिलों कानपुर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में चलाए गए ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत ताबड़तोड़ निरीक्षण किया गया। इस दौरान किचन और स्टोरेज एरिया में ऐसी भयानक लापरवाही और गंदगी सामने आई कि देखने वालों के होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए 7 प्रमुख यूनिटों के लाइसेंस तुरंत निलंबित करने की सिफारिश कर दी गई है।

और पढ़ें: आजमगढ़ में महामृत्युंजय जाप के दौरान खूनी तांडव: पत्नी, दो पुरोहितों और मासूम बेटे समेत 5 की मौत| Azamgarh firing crime news

कानपुर से बनारस तक: सड़ांध, कीड़े और एक्सपायरी सामान| UP food safety raids

जांच के दौरान कानपुर स्थित मशहूर ‘टुंडे कबाबी’ में साफ-सफाई की हालत बेहद खस्ता मिली। फूड प्रोसेसिंग एरिया से भयंकर बदबू आ रही थी। कच्चे मांस का सही रखरखाव नहीं था और सबसे बड़ी बात यह कि शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को बिना किसी अलगाव के एक ही जगह रखा गया था।

उधर वाराणसी के ‘वॉव मोमोज’ आउटलेट पर तो हद ही हो गई। यहां पैकेट बंद खाने पर आगे की तारीख यानी भविष्य की मैन्युफैक्चरिंग डेट छपी हुई मिली। इतना ही नहीं, वहां बासी व एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक्स और सॉस भी मिले, जिन्हें ग्राहकों को परोसने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। कई जगहों पर नालियों में बजबजाता गंदा पानी और कचरा जमा था, जिससे खाने में गंभीर संक्रमण फैलने का पूरा खतरा बना हुआ था।

आगरा का कुलचा और गाजियाबाद में फ्रीजर से रिसता खून

आगरा के संजय पैलेस के पास स्थित ‘अमृतसरी कुलचा’ आउटलेट में भी नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। दीवारों से पेंट की पपड़ियां उखड़कर खाने में गिरने की नौबत थी, भोजन को अनुपयुक्त कागज में पैक किया जा रहा था और एक्सपायरी सामग्री से व्यंजन तैयार हो रहे थे। इस आउटलेट को सुधार होने तक फौरन बंद करने को कहा गया है।

गाजियाबाद के चार बड़े आउटलेट्स की हालत भी बेहद डरावनी निकली। यहां के एसी एंटरप्राइज में डीप फ्रीजर के भीतर चिकन और मटन से खून रिसकर अन्य खाद्य पदार्थों पर गिर रहा था। शाकाहारी-मांसाहारी सामान एक साथ ठूंसा गया था और बेसमेंट में भारी गंदगी के बीच खुले ढक्कन वाले कूड़ेदान रखे थे। शहर के युवराज नगर स्थित फ्लोको क्लॉक्स में भी डीप फ्रीजर बदहाल मिला, चिमनियों और बर्तनों पर गंदगी की मोटी परतें जमी थीं।

नत्थूज और बीकानेरवाला में कॉकरोच का आतंक, बार-बार तला जा रहा था तेल

गाजियाबाद के राज नगर स्थित प्रसिद्ध ‘नत्थूज’ में भी लापरवाही की सारी सीमाएं टूट गईं। पूरे परिसर में कीड़े-मकोड़े और कॉकरोच रेंग रहे थे, जबकि नालियां चोक होने से बदबू फैली थी। बची हुई बासी मिठाइयों को गलत तरीके से रखा गया था, सब्जियां खुले में सड़ रही थीं और एक ही जले हुए तेल को बार-बार गर्म करके इस्तेमाल किया जा रहा था।

वहीं राजेंद्र नगर के ‘बीकानेरवाला’ में भी किचन के अंदर कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप, खुली डस्टबिन और जाम नालियों से उठती सड़ांध के बीच खाना तैयार होता मिला।

सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी

इन तमाम प्रतिष्ठानों में मिली गंभीर अनियमितताओं के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सख्त हिदायत दी गई है कि सुरक्षित भंडारण, हाइजीन और मानकों के पालन में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे किसी भी केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा।

और पढ़ें: जमुई में छात्रा को गोद में उठाकर झाड़ियों की ओर भागे दरिंदे! 10वीं के छात्र की बहादुरी और राहगीरों की ललकार से बची आबरू| Jamui minor girl molestation

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds