आखिरी सांस तक सिनेमा का जुनून, 1988 की वह शाम जब ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंचे थे Raj Kapoor

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Raj Kapoor: सिनेमा के इतिहास में कई ऐसे पल आए हैं जिन्होंने दर्शकों को रुलाया है, लेकिन साल 1988 की वह शाम कुछ अलग थी। जब भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े शोमैन राज कपूर को उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान—दादासाहेब फाल्के पुरस्कार—दिया जा रहा था, तब वे मंच पर चलकर जाने की स्थिति में भी नहीं थे।

ऑक्सीजन मास्क लगाए, व्हीलचेयर पर बैठे इस महान कलाकार के सम्मान में जब खुद देश के राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल तोड़ा, तो पूरा हॉल भावुक हो उठा। आइए जानते हैं राज कपूर की ज़िंदगी के कुछ अनसुने किस्से और उस शाम की पूरी कहानी, जो इस महान शोमैन की आखिरी झलक बन गई।

और पढ़ें: 70 के दशक की वो भूतिया फिल्म जिसने पूरे देश की उड़ा दी थी नींद, जानें कैसे शुरू हुआ Ramsay Horror का खौफनाक दौर? | Do Gaz Zameen Ke Neeche

Raj Kapoor ने ऐसे की करियर की शुरुआत

कहानी शुरू होती है 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में। एक्टर पृथ्वीराज कपूर के घर जन्मे रणबीर राज कपूर (Raj Kapoor) को विरासत में एक्टिंग मिली थी, लेकिन उनके पिता ने उन्हें सीधे हीरो नहीं बनाया। राज कपूर ने अपने करियर की शुरुआत एक ‘क्लैपर बॉय’ के तौर पर की, जहाँ वे सेट पर झाड़ू तक लगाते थे।

एक बार शूटिंग के दौरान उनसे गलती हुई, तो डायरेक्टर केदार शर्मा ने उन्हें ज़ोरदार चांटा जड़ दिया। राज कपूर रोए नहीं, बल्कि अपनी गलती सुधारी और कुछ ही समय बाद उसी डायरेक्टर ने उन्हें अपनी फिल्म ‘नील कमल’ में हीरो बना दिया।

24 साल की उम्र में शुरू किया स्टूडियो

महज 24 साल की उम्र में राज कपूर (Raj Kapoor) ने खुद का ‘आर.के. स्टूडियो’ शुरू किया। सिनेमा के लिए उनका जुनून ऐसा था कि ‘आवारा’ और ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्मों को बनाने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी के गहने और घर तक गिरवी रख दिए। ‘मेरा नाम जोकर’ फ्लॉप होने पर वे भारी कर्ज में डूब गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और ‘बॉबी’ बनाकर इतिहास रच दिया।

एक आंधी से बिगड़ तबीयत

अपनी फिल्मों से पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले राज कपूर (Raj Kapoor) 80 के दशक के आखिर तक गंभीर अस्थमा से जूझने लगे थे। साल 1988 में जब उन्हें सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ के लिए चुना गया, तो वे 2 मई के समारोह से दो दिन पहले, 30 अप्रैल को मुंबई से दिल्ली पहुंचे।

लेकिन उस दिन दिल्ली में भयंकर धूल भरी आंधी चल रही थी। उनकी बेटी रीमा जैन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जैसे ही प्लेन का दरवाजा खुला, धूल भरी हवा का तेज झोंका राज कपूर से टकराया। अस्थमा का मरीज होने के कारण इस धूल ने उनके फेफड़ों को बुरी तरह जकड़ लिया और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ ऑडिटोरियम पहुंचे थे Raj Kapoor

राज कपूर (Raj Kapoor) की बड़ी बेटी रितु नंदा ने अपनी किताब ‘द वन एंड ओनली शोमैन’ में भी इस दर्दनाक पल का जिक्र किया है। किताब के मुताबिक, गंभीर बीमारी की वजह से उस वक्त राज कपूर के लिए सफर करना भी मुमकिन नहीं था, लेकिन सिनेमा के इस पुजारी ने हार नहीं मानी। बेहद नाजुक और थकी हुई हालत में वे 2 मई 1988 को ऑक्सीजन सिलेंडर और मास्क के साथ दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम पहुंचे।

समारोह में राज कपूर आगे की लाइन में बैठे थे। लेकिन जैसे ही ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ के लिए उनका नाम पुकारा गया, उत्साह और घबराहट के बीच उन्हें अस्थमा का जबरदस्त दौरा पड़ा और उनकी सांसें बुरी तरह उखड़ने लगीं। उन्हें तड़पता देख पूरे हॉल में हलचल मच गई। राज कपूर अपनी सीट से उठने की हालत में भी नहीं थे।

जब राष्ट्रपति ने तोड़ा प्रोटोकॉल

यह देखकर उस समय के राष्ट्रपति राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन ने सरकारी प्रोटोकॉल तोड़ा। वे खुद मंच से नीचे उतरे और राज कपूर (Raj Kapoor) की सीट के पास जाकर उन्हें देश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान भेंट किया। इस भावुक पल को देखकर हॉल में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

समारोह के तुरंत बाद राज कपूर को एंबुलेंस से दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ वे करीब एक महीने तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझते रहे। आखिरकार, 2 जून 1988 को 63 साल की उम्र में भारतीय सिनेमा के इस महान शोमैन ने दुनिया को अलविदा कह दिया।

राज कपूर (Raj Kapoor) आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन ‘जीना यहाँ मरना यहाँ’ का उनका फलसफा और उनकी अमर फिल्में हमेशा हर हिंदुस्तानी के दिल में ज़िंदा रहेंगी। तो दोस्तों, राज कपूर की वह कौन सी फिल्म या गाना है जो आज भी आपके दिल के सबसे करीब है? हमें कमेंट बॉक्स में ज़रूर बताएं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds