Do Gaz Zameen Ke Neeche: अंधेरी रात, कब्रिस्तान का सन्नाटा और कब्र से बाहर निकलता एक खौफनाक साया… 70 के दशक में जब बॉलीवुड में सिर्फ रोमांस का बोलबाला था, तब क्या आप जानते हैं कि भारतीय सिनेमा की सबसे पहली मॉडर्न हॉरर फिल्म कौन सी थी? 1972 में आई ‘दो गज़ ज़मीन के नीचे’ ने बेहद कम बजट में वो खौफ पैदा किया, जो आज भी लोगों के ज़ेहन में ताज़ा है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं रामसे ब्रदर्स की इस कल्ट क्लासिक फिल्म के पीछे के कुछ रोंगटे खड़े कर देने वाले किस्से।
और पढ़ें: पहली फिल्म से बनीं सुपरस्टार, फिर एक हादसे ने छीन लिया सब कुछ! Mahima Chaudhry Untold Story
70 के दशक रूह कंपा देने वाली फिल्म
इस खौफ की शुरुआत हुई एक नाकामयाबी से। 70 के दशक की शुरुआत में फिल्ममेकर एफ.यू. रामसे की दो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो चुकी थीं। परिवार भारी कर्ज में डूबा था। तभी उनके बेटों— यानी रामसे ब्रदर्स ने एक ऐसा जुआ खेलने का फैसला किया, जिसकी उस दौर में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।
उन्हें आइडिया आया एक ऐसी हॉरर फिल्म बनाने का, जो इससे पहले आई ‘महल’ या ‘बीस साल बाद’ जैसी भूतिया फिल्मों से बिल्कुल अलग हो। वे परदे पर पहली बार एक ‘जॉम्बी’ का खौफ दिखाना चाहते थे।
महज साढ़े तीन लाख में बनी Do Gaz Zameen Ke Neeche
आज फिल्मों का बजट सैकड़ों करोड़ होता है, लेकिन ‘दो गज़ ज़मीन के नीचे’ (Do Gaz Zameen Ke Neeche) महज साढ़े तीन लाख रुपये में बनकर तैयार हुई थी। बजट इतना कम था कि फिल्म को पूरा करने के लिए रामसे परिवार की महिलाओं को अपने गहने तक गिरवी रखने पड़े थे।
फिल्म को असली लुक देने के लिए इसकी शूटिंग महाबलेश्वर के घने जंगलों और एक असली कब्रिस्तान में की गई। रात के सन्नाटे में जब शूटिंग होती थी, तो क्रू मेंबर्स भी डर के साये में रहते थे।
बिना किसी बड़े स्टार के रचा इतिहास
इस फिल्म में न कोई बड़ा सुपरस्टार था और न ही कोई भारी-भरकम सेट। लेकिन 30 दिसंबर 1972 को जब यह फिल्म रिलीज़ हुई, तो सिनेमाघरों के बाहर टिकटों के लिए लंबी कतारें लग गईं। फिल्म ने अपनी लागत से कई गुना ज़्यादा कमाई की और बॉलीवुड को ‘रामसे हॉरर’ का एक नया ब्रांड दे दिया।
आज हॉरर फिल्मों में भूत या जॉम्बी बनाने के लिए हॉलीवुड से मेकअप आर्टिस्ट बुलाए जाते हैं, जिन पर लाखों रुपये खर्च होते हैं। लेकिन 1972 में रामसे ब्रदर्स के पास इतना बजट नहीं था।
किसी प्रोफेशनल आर्टिस्ट ने नहीं मेकअप
आपको जानकर हैरानी होगी कि इस फिल्म में जॉम्बी का वो डरावना मेकअप किसी प्रोफेशनल आर्टिस्ट ने नहीं, बल्कि खुद रामसे ब्रदर्स की माँ और उनकी पत्नियों ने मिलकर किया था! घर की महिलाएं एक तरफ पूरी यूनिट के लिए खाना पकाती थीं, और दूसरी तरफ रूई, गोंद और रंगों से एक्टर के चेहरे पर सड़ी हुई लाश जैसे निशान बनाती थीं।
आज के दौर में वीएफएक्स (VFX) और करोड़ों के बजट से फिल्में लोगों को ज़रूर डराती हैं, लेकिन 1972 में बिना किसी तकनीक के भी रामसे ब्रदर्स ने ‘दो गज़ ज़मीन के नीचे’ (Do Gaz Zameen Ke Neeche) में वैसा ही खौफ पैदा कर दिखाया था। रामसे ब्रदर्स ने साबित कर दिया कि सिनेमा में तकनीक से ज़्यादा जुनून मायने रखता है।
वैसे, आपने रामसे ब्रदर्स की सबसे पहली हॉरर फिल्म कौन सी देखी थी, और किस फिल्म ने आपको सबसे ज़्यादा डराया? कमेंट करके ज़रूर बताएं!













































