Nepal Flash floods Isha Foundation: नेपाल और तिब्बत सीमा पर अचानक आई प्रलयंकारी बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए सैकड़ों श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तिब्बत-चीन सीमा के पास स्थित ग्यिरोंग (Gyirong) में अचानक आए सैलाब के बाद ईशा योग फाउंडेशन (IYF) के 80 विदेशी नागरिक लापता हो गए हैं। वहीं, भारत से एक निजी ट्रैवल एजेंसी के जरिए गए 57 पर्यटकों में से 37 लोगों का भी कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है, जिनमें पूर्व मुख्य न्यायाधीश (रिटायर्ड चीफ जस्टिस) टी. एस. शिवज्ञानम भी शामिल हैं।
इमिग्रेशन ऑफिस में थे श्रद्धालु, तभी आ गया सैलाब: सद्गुरु| Nepal Flash floods Isha Foundation
ईशा योग फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस संकट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैलाश यात्रा से लौटते समय श्रद्धालुओं का एक जत्था ग्यिरोंग स्थित आव्रजन (इमिग्रेशन) कार्यालय में कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहा था, तभी अचानक भयंकर बाढ़ आ गई। आशंका जताई जा रही है कि इमिग्रेशन दफ्तर और कस्बे का एक बड़ा हिस्सा पानी और मलबे में डूब गया है।
सद्गुरु ने बताया कि वे खुद इस समय सागा (तिब्बत) में मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि वे और उनके स्वयंसेवक जोखिम उठाने को तैयार हैं, इसलिए उन्हें तुरंत ग्यिरोंग जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन और लापता लोगों की तलाश में मदद करने की इजाजत दी जाए।
कैलाश यात्रा के 21 जत्थों की मौजूदा स्थिति:
- कुल 21 समूहों में से 495 श्रद्धालु सुरक्षित लौट चुके हैं।
- 743 लोग फिलहाल तिब्बत के सुरक्षित इलाकों में हैं।
- 148 लोग नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में हैं।
- 77 लोग इमिग्रेशन सेंटर के आसपास और 3 स्वयंसेवक नेपाल के तिमुरे क्षेत्र में मौजूद हैं।
- ग्यिरोंग बाढ़ के बाद से 80 विदेशी नागरिकों का कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
रिटायर्ड चीफ जस्टिस समेत 37 भारतीय पर्यटक लापता
इधर नेपाल के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले 57 भारतीय पर्यटकों के दल में से सिर्फ 20 लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी 37 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें मद्रास और कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस टी. एस. शिवज्ञानम भी शामिल हैं। परिजन उनसे संपर्क न हो पाने के कारण बेहद परेशान हैं। वहीं चेन्नई से चार अलग-अलग समूहों में गए 49 अन्य तीर्थयात्रियों के संबंध में भी आधिकारिक जानकारी जुटाई जा रही है।
तमिलनाडु सरकार अलर्ट: सीएम विजय ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय (MEA) और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से सीधा संपर्क साधा है। सीएम विजय ने दिल्ली स्थित तमिलनाडु हाउस के वरिष्ठ अफसरों को निर्देश दिया है कि वे नेपाल में फंसे तमिल श्रद्धालुओं और उनके परिवारों की मदद के लिए 24 घंटे सक्रिय रहें। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं ताकि अपनों की सही और ताजा जानकारी तुरंत मिल सके।












































