Kiren Rijiju warning Khalistan: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर खालिस्तानी समर्थकों और भारत विरोधी तत्वों की एक बेहद शर्मनाक और ओछी हरकत सामने आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के एक कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन कर रहे प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े उपद्रवियों ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का घोर अपमान किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही भारत में भारी आक्रोश फैल गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस हरकत पर कड़ी आपत्ति जताते हुए देशद्रोहियों को खुले लफ्जों में चेतावनी दी है।
मैडिसन स्क्वायर के बाहर क्या हुआ?| Kiren Rijiju warning Khalistan
शनिवार, 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के इंफोसिस थिएटर में ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (AHEAD) द्वारा आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में मोहन भागवत ने 6,000 से ज्यादा भारतीय-अमेरिकियों और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। संघ के शताब्दी वर्ष के वैश्विक आउटरीच के तहत उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और भारत के डीएनए में बसी विविधता का संदेश दिया।
We always said, you have freedom to criticize RSS, BJP or Govt. but don’t abuse our nation.
ध्यान से सुनें.. हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान मत करो। यह तुम्हें बहुत ज़्यादा महंगा पड़ेगा। pic.twitter.com/THH2kT49yc
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) August 30, 2026
लेकिन इसी दौरान थिएटर के बाहर भारत विरोधी बैनर-पोस्टर लेकर खड़े उपद्रवियों ने न केवल देश विरोधी नारे लगाए, बल्कि तिरंगे के साथ बेहद घिनौना बर्ताव किया। वायरल वीडियो में एक प्रदर्शनकारी तिरंगे को अपने पैर से बांधकर कैमरे के सामने पोज देता दिखा, तो वहीं कुछ अन्य लोग दूसरे तिरंगे को फाड़ते और जश्न मनाते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने मोहन भागवत के कट-आउट पर जूतों की माला भी पहनाई।
‘सरकार की आलोचना करो, देश का अपमान नहीं’: किरेन रिजिजू
इस शर्मनाक घटना का वीडियो साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सख्त लहजे में लिखा कि लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन राष्ट्र के अपमान की नहीं।
रिजिजू ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “हमने हमेशा कहा है कि आपको RSS, BJP या सरकार की आलोचना करने की पूरी आजादी है, लेकिन हमारे देश को गाली मत दीजिए। कान खोलकर सुन लीजिए… हमारे राष्ट्रीय ध्वज और मेरे देश का अपमान मत करिए, यह आपको बहुत भारी पड़ेगा।”
वैश्विक मंच पर भारत की धमक से बौखलाहट
आरएसएस प्रमुख के तीन देशों के दौरे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय समुदाय की एकजुटता से आतंकी संगठन SFJ और उसके समर्थक बुरी तरह बौखलाए हुए हैं। जानकारों का कहना है कि विदेशों में भारत की मजबूत होती छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। भारत सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और इसमें शामिल उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कूटनीतिक व कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।












































