Jammu Srinagar third Vande Bharat: जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए रेल मंत्रालय ने जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का बड़ा फैसला लिया है। इस नए रूट पर ट्रेन नंबर 26407 और 26408 के रूप में यह नई सेमी-हाई स्पीड ट्रेन दौड़ेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। इस रूट पर पहले से ही दो जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, और तीसरी ट्रेन के आने से घाटी जाने वाले यात्रियों व पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उधमपुर को मिला स्टॉपेज, लोगों ने जताया आभार| Jammu Srinagar third Vande Bharat
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की लंबी मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए उधमपुर को आधिकारिक स्टॉपओवर (ठहराव) के रूप में मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह फैसला स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह ट्रेन दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज ‘चिनाब ब्रिज’ के ऊपर से होकर गुजरेगी, जो सफर को और भी रोमांचक बनाएगा। उधमपुर में ठहराव मिलने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है।
Good news for #Udhampur!
In response to a popular public demand of the local population and an earnest request made by us, the Railway Ministry has agreed to include Udhampur as a stopover for the third and new #VandeBharat Express between Jammu and Srinagar.
This is yet again… pic.twitter.com/QyDizFbxle
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) August 20, 2026
‘वंदे भारत तो ठीक, लेकिन लोकल और पैसेंजर ट्रेन कब चलेगी?’
नई वंदे भारत की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर आम यात्रियों ने लोकल और पैसेंजर ट्रेनों की मांग भी तेज कर दी है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने केंद्रीय मंत्री के पोस्ट पर कमेंट करते हुए सवाल उठाए:
- अंकित सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा कि जम्मू और श्रीनगर के बीच डेली पैसेंजर्स के लिए एक किफायती लोकल ट्रेन चलाने की सख्त जरूरत है।
- वहीं अजय कुमार नाम के यूजर ने पूछा कि यह प्रीमियम ट्रेन आम जनता और रोजमर्रा के यात्रियों की जेब पर कैसे असर डालेगी? हमें श्रीनगर तक पैसेंजर/लोकल ट्रेन की सुविधा चाहिए।
नवरात्र के मौके पर शुरू हो सकती है सेवा
संभावना जताई जा रही है कि रेलवे इस तीसरी वंदे भारत का संचालन अगले महीने नवरात्र के आसपास शुरू कर सकता है। नवरात्र के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद काफी बढ़ जाती है। ऐसे में इस ट्रेन के चलने से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
रूट और टाइमिंग (जम्मू से श्रीनगर व वापसी)
यह ट्रेन जम्मू तवी से रवाना होकर शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर), श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा होते हुए सीधे श्रीनगर पहुंचेगी।
- जम्मू से श्रीनगर (ट्रेन नंबर 26407): सुबह 10:30 बजे जम्मू तवी से चलेगी, 11:30 बजे उधमपुर पहुंचेगी, दोपहर 12:10 बजे कटड़ा और दोपहर 3:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
- श्रीनगर से जम्मू (ट्रेन नंबर 26408): शाम 4:00 बजे श्रीनगर से रवाना होगी, शाम 6:55 बजे कटड़ा, रात 7:30 बजे उधमपुर और रात 8:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।
किराया कितना हो सकता है?
मौजूदा समय में चल रही वंदे भारत ट्रेनों (26401/26403) का किराया एसी चेयर कार के लिए ₹855 से ₹1020 और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए ₹1585 से ₹1780 के बीच है। माना जा रहा है कि इस तीसरी ट्रेन का किराया भी इसी दायरे में तय किया जाएगा।














































