Jakarta viral video: चिकन, मटन और मछली से बनी डिशेज आपने खूब देखी और खाई होंगी, लेकिन क्या कभी आपने सांप से तैयार किए गए पकवानों के बारे में सुना है? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए हैं। इस वीडियो में लोग चिकन-मटन की जगह कोबरा के मांस से बने पकौड़े और समोसे खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इस अनोखे फूड मार्केट को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई है।
जकार्ता की सड़कों पर लगती हैं कोबरा मीट की दुकानें| Jakarta viral video
वायरल वीडियो इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के एक खास स्ट्रीट फूड मार्केट का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि यहां की सड़कों पर कई ऐसी दुकानें मौजूद हैं, जहां कोबरा के मांस से अलग-अलग तरह के व्यंजन तैयार किए जाते हैं। जिस तरह भारत में जगह-जगह चाट, पकौड़े और नॉनवेज स्टॉल देखने को मिल जाते हैं, उसी तरह जकार्ता के इस बाजार में कोबरा मीट से बनी डिशेज ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी ट्रैवल व्लॉगर @adnanmusafirofficial ने शेयर किया है। वीडियो पोस्ट होने के बाद इसे बड़ी संख्या में लोग देख और शेयर कर रहे हैं।
https://www.instagram.com/reel/DbhykRXjxtu/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
दुकानों पर रखे जाते हैं जिंदा कोबरा, सुरक्षा के लिए मुंह पर लगाते हैं टेप
वीडियो में सबसे ज्यादा हैरान करने वाला नजारा उन दुकानों का है, जहां बड़ी संख्या में जिंदा कोबरा रखे दिखाई देते हैं। बताया गया है कि दुकानदार इन खतरनाक सांपों से बचाव के लिए उनके मुंह पर टेप लगा देते हैं, ताकि वे किसी ग्राहक या वहां काम करने वाले व्यक्ति को काट न सकें। वीडियो में देखा जा सकता है कि इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रहती है। ग्राहक के ऑर्डर देने के बाद वहां मौजूद महिलाएं कोबरा के मांस से अलग-अलग तरह के पकवान तैयार करती नजर आती हैं। यह पूरा नजारा कई लोगों के लिए डराने वाला है, क्योंकि जिस जीव को आमतौर पर लोग खतरे के रूप में देखते हैं, उसे यहां खाने की चीज के तौर पर बेचा जा रहा है।
कोबरा सूप, टिक्का और सॉसेज भी मिलते हैं
इन दुकानों पर सिर्फ कोबरा के पकौड़े और समोसे ही नहीं बनाए जाते, बल्कि कोबरा मीट से कई दूसरी डिशेज भी तैयार की जाती हैं। दुकानदारों के मुताबिक, यहां कोबरा सूप, टिक्का और सॉसेज जैसी चीजों की भी काफी मांग है। स्थानीय लोगों के लिए यह खाना कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह उनके खान-पान का हिस्सा बन चुका है। हालांकि, इस वीडियो को देखने वाले कई सोशल मीडिया यूजर्स ने हैरानी जताई है। कुछ लोगों ने इसे बेहद अलग अनुभव बताया, तो कुछ ने सांप जैसे खतरनाक जीव को खाने को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।













































