34 वार, स्कूल में खून और फिर चौंकाने वाला कबूलनामा… टीचर संध्या हत्याकांड में आरोपी ने खोले कई राज| Sandhya Murder Case

Nandani | Nedrick News Faridabad Published: 05 अगस्त 2026, 09:17 PM Updated: 05 अगस्त 2026, 09:17 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Sandhya Murder Case: फरीदाबाद के एक निजी स्कूल में महिला शिक्षक संध्या की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित ने पूछताछ में दावा किया है कि वह पिछले दो वर्षों से संध्या के संपर्क में था और संबंध खत्म होने के बाद उसने हत्या की साजिश रची। वहीं, मृतका के परिवार ने आरोपी के दावों को स्वीकार नहीं किया है और उसके खिलाफ पहले से लगातार पीछा करने और परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

करीब 33 वर्षीय संध्या की हत्या स्कूल परिसर में उस समय हुई, जब वह ड्यूटी पर थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उन पर चाकू से 34 वार किए। गंभीर रूप से घायल संध्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

और पढ़ें: पहली बार कैमरे पर दिखा लश्कर का खौफ! टॉप आतंकी बोला- 30 से ज्यादा साथी मारे गए| Lashkar-e-Taiba

आरोपी ने पूछताछ में क्या कहा? Sandhya Murder Case

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अमित ने पूछताछ में दावा किया कि वह और संध्या पिछले दो साल से रिश्ते में थे। उसका कहना है कि कुछ महीने पहले संध्या उसके साथ गई थीं और करीब सात दिन तक उसके साथ रहीं। बाद में पति का फोन आने पर वह वापस अपने परिवार के पास लौट गईं। आरोपी का दावा है कि उसने संध्या को अपने साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। आरोपी ने इसी बात से नाराज होकर हत्या करने की बात कबूल की है। हालांकि इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पति ने लगाए पीछा करने के आरोप

संध्या के पति विकास ने आरोपी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि अमित लंबे समय से उनकी पत्नी का पीछा कर रहा था। उनके अनुसार, पहले जिस स्कूल में संध्या पढ़ाती थीं, वहां पैरेंट्स-टीचर मीटिंग के दौरान आरोपी ने उन्हें परेशान किया था। इसके बाद संध्या ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में नौकरी शुरू कर दी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंचकर उन्हें परेशान करता रहा।

विकास ने बताया कि उन्होंने आरोपी के घर जाकर उसके परिवार से भी शिकायत की थी। गांव के सरपंच की मौजूदगी में समझौता भी कराया गया था और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। अब उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की है।

दो महीने से कर रहा था हत्या की तैयारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो महीने से वारदात की योजना बना रहा था। उसने पहले ही चाकू खरीद लिया था और संध्या की दिनचर्या पर नजर रख रहा था। वह स्कूल आने-जाने का समय भी देखता था। पुलिस के मुताबिक, संध्या अक्सर अपने पति के साथ स्कूल आती-जाती थीं, इसलिए आरोपी को मौका नहीं मिल पा रहा था। घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह स्कूल पहुंचा और गैलरी में संध्या पर लगातार चाकू से हमला कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि पुलिस हत्या की साजिश, चाकू खरीदने, रेकी करने और वारदात की पूरी तैयारी समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

10 साल पहले हुई थी लव मैरिज

संध्या ने करीब दस वर्ष पहले विकास उर्फ विक्की से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं एक नौ साल का बेटा और सात साल की बेटी। परिवार गांव में रहता था। संध्या एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।

यहीं से हुई थी पहचान

पुलिस के अनुसार, करीब दो साल पहले संध्या की मुलाकात अमित से उस स्कूल में हुई थी, जहां वह पहले पढ़ाती थीं। स्कूल जिस भवन में संचालित होता था, वह आरोपी के रिश्तेदार का था, जिसके कारण उसका वहां अक्सर आना-जाना रहता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई।

बाद में संध्या ने स्कूल बदल दिया और दूसरे स्कूल में पढ़ाने लगीं, लेकिन परिवार का आरोप है कि आरोपी ने वहां भी उनका पीछा करना नहीं छोड़ा।

आर्थिक स्थिति की भी जांच

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित तीन भाइयों में सबसे छोटा है। परिवार ने उसे संपत्ति से बेदखल कर रखा था और वह दूध बेचकर अपना खर्च चलाता था। पुलिस उसके पारिवारिक, सामाजिक और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में सभी दावों और सबूतों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी के दावों में कितनी सच्चाई है और हत्या के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।

और पढ़ें: इंस्टाग्राम पर दी धमकी को 11 दिन बाद किया सच, छात्रा को 4 गोलियां मार खुद भी दे दी जान| Meerut Shooting Case

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds