Ritesh Deshmukh Genelia Dsouza love story: आज बॉलीवुड की सबसे चुलबुली और खूबसूरत एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा का बर्थडे है! वैसे तो बॉलीवुड में शादियाँ जितनी जल्दी होती हैं, उतनी ही जल्दी टूटने की खबरें भी आती हैं। पर इस चकाचौंध भरी दुनिया में रितेश और जेनेलिया की जोड़ी पिछले कई सालों से एक मिसाल बनी हुई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज जो कपल हर जगह एक-दूसरे पर जान छिड़कता है, वो पहली मुलाकात में एक-दूसरे को फूटी आँख नहीं सुहाते थे?
आज जेनेलिया के इस खास दिन पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे मुख्यमंत्री का बेटा होने की वजह से जेनेलिया ने रितेश को भारी एटीट्यूड दिखाया और पूरी तरह इग्नोर कर दिया। तो फिर ऐसा क्या हुआ कि इग्नोरेंस से शुरू हुई यह कहानी सात फेरों तक पहुँच गई? तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि कैसे 9 साल के लंबे इंतजार के बाद इस रिश्ते ने शादी का एक खूबसूरत मुकाम पाया!
और पढ़ें: सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री OTT पर राज करता है बिग बी का ये क्राइम स्वैग | Amitabh Bachchan
कैसे हुई थी Ritesh और Genelia मुलाकात
बात साल 2002 की है, जब दोनों की पहली मुलाकात अपनी डेब्यू फिल्म ‘तुझे मेरी कसम’ के सिलसिले में हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर हुई थी। उस समय रितेश के पिता विलासराव देशमुख महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। जेनेलिया (Genelia) को लगा कि सीएम का बेटा होने के कारण रितेश घमंडी, बिगड़ैल और नखरीले होंगे। वह बिल्कुल नहीं चाहती थीं कि कोई यह सोचे कि वह सिर्फ मुख्यमंत्री का बेटा होने की वजह से उनसे बात कर रही हैं।
इसीलिए, उन्होंने रितेश को भारी एटीट्यूड दिखाया और उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज किया। लेकिन, जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई, तब जेनेलिया की यह गलतफहमी दूर हो गई। उन्होंने देखा कि रितेश बिल्कुल भी घमंडी नहीं हैं, बल्कि वह तो सेट पर सबके साथ बेहद तमीज और अपने डाउन-टू-अर्थ स्वभाव से पेश आते थे।
एक-दूसरे को लिखे खत
रितेश के इसी सीधे और डाउन-टू-अर्थ स्वभाव ने जेनेलिया (Genelia) का दिल जीत लिया और दोनों के बीच एक गहरी दोस्ती हो गई। फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद जब दोनों अपने-अपने घर लौटे, तो उन्हें एक-दूसरे की कमी खलने लगी। उस दौर में दोनों फोन और चिट्ठियों के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहे और धीरे-धीरे उनकी यह दोस्ती प्यार में बदल गई।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस कपल ने करीब 9 साल तक एक-दूसरे को डेट किया, लेकिन मीडिया और लाइमलाइट को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। दोनों अपने काम और परिवार पर कोई आंच नहीं आने देना चाहते थे।
तेरे नाल लव हो गया का वो किस्सा
इसी बीच उनकी शादी से जुड़ा एक बेहद मजेदार किस्सा भी हुआ। असली शादी से ठीक एक महीने पहले, दोनों अपनी फिल्म ‘तेरे नाल लव हो गया’ की शूटिंग कर रहे थे। फिल्म के एक सीन में दोनों को दूल्हा-दुल्हन बनना था। सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स ने उनका मज़ाक उड़ाते हुए कहा था कि, ‘तुम दोनों असली जिंदगी में तो एक महीने बाद शादी करने ही वाले हो, चलो आज सेट पर ही इसकी लाइव रिहर्सल कर लो!’
आखिरकार, साल 2012 में रितेश ने शादी से ठीक 5 दिन पहले जेनेलिया (Genelia) को एक क्रूज़ पर ले जाकर, शानदार आतिशबाजी के बीच बेहद फिल्मी अंदाज में प्रपोज किया। इसके बाद 3 फरवरी 2012 को दोनों ने पहले मराठी रीति-रिवाज और फिर अगले दिन चर्च में क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी कर ली। आज शादी के इतने सालों बाद भी यह जोड़ी बॉलीवुड के लिए ‘मेड फॉर ईच अदर’ की सबसे खूबसूरत मिसाल है!












































