Yuvraj Singh interview: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं से अपील की है कि दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर पूरी स्पष्टता रखी जाए। युवराज का कहना है कि इतने लंबे समय तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को यह नहीं सोचना चाहिए कि उनका भविष्य क्या होगा या वे अगले बड़े टूर्नामेंट की योजनाओं का हिस्सा हैं या नहीं।
युवराज सिंह ने यह भी कहा कि वह खुद अपने करियर के आखिरी दौर में ऐसी स्थिति से गुजर चुके हैं, जब उन्हें अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। उनका मानना है कि किसी भी सीनियर खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए।
और पढ़ें: रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने| Rohit Sharma record
रोहित शर्मा को लेकर तेज हुई हैं चर्चाएं| Yuvraj Singh interview
हाल के दिनों में रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा वनडे उनके करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच रोहित शर्मा ने तीसरे मैच में शानदार शतक जड़कर अपने प्रदर्शन से सभी सवालों का जवाब दिया।
इसके बावजूद कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा को संकेत दे दिया है कि वह आगामी वनडे विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, इस संबंध में BCCI या टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
‘यह फैसला हमारा नहीं, कोच और सेलेक्टर्स का है’
लॉर्ड्स में रविवार को खेले गए तीसरे वनडे के दौरान जियोस्टार से बातचीत में युवराज सिंह ने कहा कि यह फैसला जनता या पूर्व खिलाड़ियों का नहीं होना चाहिए कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को खेलना चाहिए या नहीं।
उन्होंने कहा, “मैं खुद इस स्थिति में रहा हूं, जिसमें आज रोहित और विराट हैं। इसलिए यह तय करना हमारा काम नहीं है कि उन्हें खेलना चाहिए या नहीं। यह फैसला कोच और चयनकर्ताओं का होता है। अगर आप चाहते हैं कि वे विश्व कप खेलें, तो उनके कंधे पर हाथ रखकर साफ-साफ कहिए कि दोस्त, तुम विश्व कप खेल रहे हो।”
एक खराब सीरीज से नहीं होना चाहिए फैसला
युवराज सिंह का मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का मूल्यांकन केवल एक या दो सीरीज के प्रदर्शन के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को हर मैच या हर सीरीज के बाद अपने भविष्य की चिंता नहीं करनी चाहिए। उनके मुताबिक, अगर हर खराब प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों पर टीम से बाहर होने का दबाव बना रहेगा, तो इसका असर उनके खेल पर भी पड़ सकता है। ऐसे खिलाड़ियों को भरोसा और स्पष्ट संदेश मिलना बेहद जरूरी है।
सेलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट से की खुलकर अपील
युवराज सिंह ने चयनकर्ताओं, कप्तान और टीम मैनेजमेंट से भी इस मुद्दे पर खुलकर बात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को यह पता होना चाहिए कि टीम की योजनाओं में उनकी क्या भूमिका है। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने कहा, “आपको कोच, कप्तान और सेलेक्टर्स से स्पष्टता मिलनी चाहिए। मुझे अपने समय में वह स्पष्टता नहीं मिली थी। मुझे लगा कि इतने वर्षों तक भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए।”































