Ketan Agarwal murder case: महाराष्ट्र के लोनावला स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से युवा रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धकेल कर मौत के घाट उतारने के सनसनीखेज मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने इस हत्याकांड में उनके तीसरे साथी और कॉलेज क्लासमेट रितेश हांगे को धर दबोचा है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में यह तीसरी गिरफ्तारी है। रितेश पर पुलिस से हत्या की साजिश की जानकारी छिपाने और सबूत मिटाने का संगीन आरोप है।
डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट से खुला राज| Ketan Agarwal murder case
पुलिस जांच में सामने आया है कि रितेश हांगे को चेतन और सिया द्वारा रची गई पूरी साजिश की ए टू जेड जानकारी पहले से थी। 18 जून को वारदात वाले दिन दोनों ने रितेश से केतन को ठिकाने लगाने के लिए लोहागढ़ चलने को भी कहा था, लेकिन वह किसी तरह वहां जाने से बच निकला। हैरानी की बात यह है कि मर्डर के बाद भी रितेश लगातार आरोपियों के संपर्क में बना रहा। अपनी गर्दन बचाने के लिए उसने चेतन के साथ हुई पूरी व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी थी। हालांकि, साइबर सेल के एक्सपर्ट्स ने उसकी चालाकी को नाकाम करते हुए जैसे ही डिलीट की गई चैट्स को रिकवर किया, उसकी पूरी संलिप्तता बेनकाब हो गई।
मूल रूप से बीड जिले का रहने वाला रितेश हांगे पुणे के बालेवाड़ी इलाके में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। सिया, चेतन और रितेश कॉलेज के दिनों से पक्के दोस्त थे और एक ही क्लास में पढ़ते थे। पुलिस ने उसे वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 12 सितंबर तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
जन्मदिन का बहाना, ट्रेकिंग पर बुलावा और खाई में धक्का
पुणे की मशहूर रियल एस्टेट फर्म ‘सक्सेस ग्रुप’ के 26 वर्षीय डायरेक्टर केतन अग्रवाल की सगाई 20 साल की सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी इसी साल नवंबर में तय थी। लेकिन सिया का दिल अपने कॉलेज फ्रेंड चेतन चौधरी पर आ चुका था और वे दोनों केतन को अपने रास्ते का कांटा मान रहे थे।
18 जून को सिया ने अपने जन्मदिन का बहाना बनाया और मंगेतर केतन को लोहागढ़ किले में रोमांटिक ट्रेकिंग के लिए बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे चेतन चौधरी की मदद से सिया ने केतन को चट्टान के किनारे ले जाकर गहरी खाई में धकेल दिया। वारदात के तुरंत बाद दोनों ने बेहद शातिर तरीके से इसे एक हादसा साबित करने की कोशिश की और पुलिस को झूठी कहानी सुनाई कि पैर फिसलने की वजह से केतन नीचे गिर गया।
सीसीटीवी में दिखा हुडी वाला शख्स, कबूल किया जुर्म
लोहागढ़ किले के मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को एक संदिग्ध शख्स हुडी पहने नजर आया। गहन तफ्तीश में पता चला कि वह कोई और नहीं बल्कि सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी था। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और उन्होंने कबूल किया कि अपने प्रेम संबंध के बीच आ रहे केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए उन्होंने यह खूनी खेल खेला था।
फिलहाल मुख्य आरोपी सिया और चेतन यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई चल रही है। अब रितेश की गिरफ्तारी से पुलिस को उम्मीद है कि इस साजिश के कई और अनसुलझे पहलू सामने आएंगे।












































