Towhid Hridoy triple century: बांग्लादेश के युवा बल्लेबाज और कप्तान तौहीद हृदोय ने दक्षिण अफ्रीका की धरती पर बल्ले से ऐसा गदर मचाया है कि क्रिकेट जगत देखता ही रह गया। बांग्लादेश ‘ए’ और साउथ अफ्रीका ‘ए’ के बीच पॉचेफस्ट्रूम के सेनवेस पार्क में खेले गए दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में हृदोय ने ऐतिहासिक तिहरा शतक ठोका। अपनी इस ऐतिहासिक मैराथन पारी में उन्होंने न केवल रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी, बल्कि अपनी टीम को मजबूत स्थिति में भी पहुंचाया।
400 का मौका था, लेकिन खुद घोषित कर दी पारी| Towhid Hridoy triple century
मैच के चौथे दिन तौहीद हृदोय ने महज 450 गेंदों में अपना तिहरा शतक पूरा किया। तिहरा शतक जड़ने के बाद भी उनकी रनों की भूख शांत नहीं हुई। उन्होंने 481 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 350 रन ठोक डाले, जिसमें 27 करारे चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनके पास फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने का पूरा मौका था, लेकिन टीम हित को आगे रखते हुए बतौर कप्तान उन्होंने 8 विकेट पर 676 रनों के विशाल स्कोर पर पहली पारी घोषित करने का साहसिक फैसला लिया। यह स्कोर बांग्लादेश ‘ए’ के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर भी बन गया।
300 UP!!!
What an immense innings from Towhid Hridoy!!
1st Bangladeshi to smash 300 vs an SA side!
And it was FLAWLESS!!@BCBtigers @ProteasMenCSA https://t.co/hCQuakXI7H pic.twitter.com/kihlsHtzhG
— Bhubesi🦁👑 (@MpenduloTweets) September 2, 2026
विदेश में तिहरा शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी
इस लाजवाब पारी के साथ तौहीद हृदोय फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले बांग्लादेश के महज तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा रकीबुल हसन (313 रन, 2007) और पूर्व दिग्गज ओपनर तमीम इकबाल (334 रन, 2020) ने किया था। हालांकि, वे दोनों पारियां बांग्लादेश की घरेलू पिचों पर आई थीं। हृदोय विदेशी सरजमीं पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा, उनका 350 रनों का नाबाद स्कोर अब किसी भी बांग्लादेशी द्वारा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है।
Towhid Hridoy DEEEFINITELY deserves his 300!!
What an incredible inns!
— Bhubesi🦁👑 (@MpenduloTweets) September 2, 2026
साउथ अफ्रीका में बना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
हृदोय की यह पारी दक्षिण अफ्रीकी जमीन पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज डैरिल कलिनन के नाबाद 337 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ स्टीफन कुक (390 रन) हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि इसी पॉचेफस्ट्रूम के मैदान पर तौहीद साल 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली बांग्लादेशी टीम का हिस्सा रहे थे, और अब इसी ऐतिहासिक मैदान पर उन्होंने अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली।
मैच का लेखा-जोखा
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ‘ए’ ने 512 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। उनकी तरफ से विकेटकीपर सिनेथेम्बा क्वेशिले ने 128 और ओपनर लेसेगो सेनोकवाने ने 111 रनों की उम्दा पारियां खेली थीं। बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में नईम हसन ने 4 और हसन मुराद ने 3 विकेट चटकाए थे।
जवाब में बांग्लादेश ‘ए’ ने हृदोय की 350 रनों की पारी और विकेटकीपर जाकेर अली (94 रन) व ऑलराउंडर मोहम्मद सैफुद्दीन (87 रन) के दम पर 676 रन बनाए। यह मुकाबला आखिरकार ड्रॉ पर खत्म हुआ। पहले मैच में पारी और 413 रनों की करारी हार के चलते बांग्लादेश ‘ए’ सीरीज 0-1 से जरूर हार गई, लेकिन तौहीद हृदोय ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी से बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।














































