Toxic vs Hanuman Ansh: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त एक बेहद दिलचस्प और हैरान कर देने वाला मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ साउथ सुपरस्टार यश की करीब 500 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ है, जिसका खुमार दूसरे हफ्ते में ही उतरता दिख रहा है। वहीं दूसरी तरफ, महज 2 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हुई नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ है, जो रिलीज के चौथे हफ्ते में भी टिकट खिड़की पर तहलका मचा रही है। आलम यह है कि शोभिनव सत्या स्टारर इस छोटे बजट की भक्ति फिल्म ने दैनिक कमाई के मामले में यश की बिग-बजट फिल्म को पीछे छोड़ दिया है और यह साल 2026 की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट बन चुकी है।
1 सितंबर को हुआ खेल: 26वें दिन ‘टॉक्सिक’ पर भारी पड़ी ‘हनुमान अंश’
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार (1 सितंबर) को ‘हनुमान अंश’ ने अपने 26वें दिन पूरे भारत में 8.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यानी फिल्म ने सिर्फ एक ही दिन में अपनी पूरी लागत से चार गुना से ज्यादा कमाई अपनी झोली में डाल ली। इसके उलट, 500 करोड़ के बजट वाली ‘टॉक्सिक’ अपनी रिलीज के 7वें दिन पूरे देश में सभी पांच भाषाओं (हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम) को मिलाकर महज 8.20 करोड़ रुपये ही जुटा सकी। यानी कुल कमाई में ‘हनुमान अंश’ 30 लाख रुपये आगे निकल गई।
अगर सिर्फ हिंदी भाषा की बात करें तो फासला और भी हैरान करने वाला है। ‘हनुमान अंश’ ने 8.50 करोड़ रुपये सिर्फ हिंदी से कमाए, जबकि ‘टॉक्सिक’ का हिंदी कलेक्शन मात्र 5.60 करोड़ रुपये रहा। इस तरह हिंदी बेल्ट में छोटे बजट की इस फिल्म ने यश की मेगा-बजट मूवी को 2.9 करोड़ रुपये के बड़े अंतर से मात दे दी।
धीमी शुरुआत के बाद कैसे बना आंधी? Toxic vs Hanuman Ansh
7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ का सफर किसी चमत्कार से कम नहीं रहा है। पहले दिन फिल्म ने महज 10 लाख रुपये का बिजनेस किया था और शुरुआती दो हफ्तों में यह सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये ही जुटा पाई थी। लेकिन तीसरे हफ्ते से माउथ पब्लिसिटी (दर्शकों की तारीफ) ने ऐसा जोर पकड़ा कि फिल्म ने 10.40 करोड़ का आंकड़ा छू लिया।
चौथे हफ्ते में रफ्तार बेकाबू हो गई… शुक्रवार को 6.25 करोड़, शनिवार को 9.25 करोड़ और रविवार को 12.75 करोड़ की बंपर कमाई हुई। वीकडेज में भी जलवा बरकरार रहा, जहां सोमवार को 5.50 करोड़, मंगलवार को 8.50 करोड़ और 27वें दिन बुधवार को 7,037 शोज के साथ 7.25 करोड़ रुपये आए। इसके साथ ही 27 दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 61.38 करोड़ रुपये (ग्रॉस 72.32 करोड़) तक पहुंच चुका है।
101 करोड़ की ऐतिहासिक ओपनिंग के बाद धड़ाम हुई ‘टॉक्सिक’
26 अगस्त को रिलीज हुई यश की ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग के साथ इतिहास रचा था, जो ‘धुरंधर 2’ (103 करोड़) के बाद इस साल की दूसरी सबसे बड़ी घरेलू ओपनिंग थी। लेकिन मिली-जुली समीक्षाओं के चलते इसके बाद फिल्म का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा।
गुरुवार को कमाई 37.65 करोड़ रही, शनिवार को 25.15 करोड़ और रविवार को गिरकर 23 करोड़ पर आ गई। सोमवार को 7.65 करोड़, मंगलवार को 7.85 करोड़ और 8वें दिन (बुधवार) को फिल्म सिर्फ 5.10 करोड़ रुपये ही जुटा सकी। आठ दिनों में फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 234.70 करोड़ रुपये (ग्रॉस 280.25 करोड़) हुआ है। 500 करोड़ के बजट को देखते हुए यह रफ्तार बेहद सुस्त मानी जा रही है, और अब इसके लिए 300 करोड़ छूना भी मुश्किल लग रहा है। यश की पिछली फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने महज 5 दिनों में 430 करोड़ से ज्यादा कमा लिए थे, जिसके सामने ‘टॉक्सिक’ काफी पिछड़ती दिख रही है।














































