Swara Bhasker Padmaavat controversy: संजय लीला भंसाली की 2018 में आई चर्चित फिल्म ‘पद्मावत’ के ‘जौहर’ सीन को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में 31 अगस्त को आयोजित ‘वुमन लाइफ फ्रीडम’ टॉक के दौरान स्वरा ने फिल्म के क्लाइमैक्स में दिखाए गए जौहर के दृश्य पर कड़ा ऐतराज जताया। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई, जिसमें शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी और स्वरा के बीच ऑनलाइन तकरार भी देखने को मिली।
प्रियंका चतुर्वेदी का तर्क: ‘यह महिलाओं का अपना चुनाव था’| Swara Bhasker Padmaavat controversy
स्वरा भास्कर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि जब चुनाव मौत और हमलावरों की रखैल या सेक्स स्लेव बनने के बीच हो, तो कई महिलाओं ने मौत को चुना। उन्होंने कहा कि भले ही कोई इस ऐतिहासिक फैसले से सहमत हो या असहमत, यह उस दौर की महिलाओं का अपना चुनाव था।
स्वरा भास्कर का पलटवार: ‘असल बात महिमामंडन की है’
प्रियंका चतुर्वेदी के पोस्ट पर जवाब देते हुए स्वरा ने लिखा, “प्रियंका जी, आप असल बात नहीं समझ रही हैं! बात उस दौर की महिलाओं की पसंद की नहीं है, उन्होंने एक त्रासदी का सामना किया और मुश्किल फैसला लिया। असली सवाल यह है कि आज हम किस चीज को ग्लोरिफाई (महिमामंडित) कर रहे हैं? क्या यह कि एक महिला की तथाकथित पवित्रता उसकी जान से ज्यादा कीमती है? क्या किसी रेप सर्वाइवर को घटना के बाद जीने का कोई हक नहीं है?”
You are missing the point Priyanka ji! The point is not about choice of the Jauhar committing women. They faced a tragedy and made a tough choice. The point is what are we choosing to glorify? That a woman’s chastity is more valuable than her life?? It’s a simple question. Does a… https://t.co/s4cztfqzAW
— Swara Bhasker (@ReallySwara) September 1, 2026
स्वरा ने एक अन्य पोस्ट में हैरानी जताते हुए कहा कि यह कितनी अजीब बात है कि आज कई लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, इस बुनियादी बात से भड़क रहे हैं कि रेप सर्वाइवर्स को जीने का पूरा अधिकार है।
इवेंट में क्या बोली थीं स्वरा भास्कर?
टॉक शो के दौरान स्वरा ने कहा कि फिल्म का जौहर सीन देखकर उन्हें लगा कि यह समाज में एक खतरनाक संदेश देता है। उन्होंने कहा, “अगर भगवान न करे मैं रेप सर्वाइवर होती, तो यह फिल्म मुझसे क्या कहती? मुझे तो कायर महसूस होता कि मैंने अपनी इज्जत बचाने के लिए खुदकुशी क्यों नहीं की। क्या हम अपने समाज को यह बताना चाहते हैं कि रेप किसी महिला के वजूद का अंत है और अगर वह सचमुच बहादुर होती तो अपनी जान दे देती?”
उन्होंने फिल्म के उस शॉट का भी जिक्र किया जिसमें एक गर्भवती महिला जौहर की आग की तरफ बढ़ती है। स्वरा ने कहा, “उस शॉट को देखकर मैं गुस्से में जोर से चिल्लाई। क्या आप यह दिखा रहे हैं कि पेट में पल रहा बच्चा, जो शायद एक लड़की हो, इसलिए पैदा होने लायक नहीं क्योंकि कोई शासक उसका रेप कर सकता है? इसी गुस्से में मैंने 2018 में भंसाली को खुली चिट्ठी लिखी थी।”
क्या है ‘पद्मावत’ का जौहर सीन?
फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी (रणवीर सिंह) द्वारा महारावल रतन सिंह (शाहिद कपूर) की हत्या और किले पर कब्जे के बाद, रानी पद्मावती (दीपिका पादुकोण) खिलजी के हाथों पकड़े जाने और अपमान से बचने के लिए किले की तमाम महिलाओं के साथ जीवित अग्नि में प्रवेश कर जौहर करती हैं। इसी ऐतिहासिक दृश्य के फिल्मांकन और उसके महिमामंडन को लेकर स्वरा शुरुआत से ही सवाल उठाती रही हैं।












































