राजनगर एक्सटेंशन कांड से लेकर टिकैत के आंदोलन की चेतावनी तक! | Top 5 Ghaziabad News

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 13 जुलाई 2026, 06:23 PM Updated: 13 जुलाई 2026, 06:23 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की 5 बड़ी खबरें जिन्होंने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। पहली खबर राजनगर एक्सटेंशन से दिल दहला देने वाला पुलिस खुलासा, जहाँ 10 दिन की साज़िश के बाद मासूम भाई को समोसा खिलाकर बहन को अगवा किया गया और फिर दरिंदगी के बाद हत्या कर दी गई। दूसरी खबर किसानों के अधिकारों के लिए फिर गरजे राकेश टिकैत, काजीपुरा भूमि विवाद को लेकर प्रशासन और बिल्डर को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी।

तीसरी खबर गाजियाबाद के परिवार के साथ अमरोहा में भीषण हादसा, कार चला रहे पिता को आई झपकी और सीने में सरिया धंसने से 25 साल के बेटे की मौके पर ही मौत। चौथी खबर IGL गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर कारोबारी से 5.52 लाख की साइबर ठगी, पुलिस ने शुरू की जांच। और पांचवीं खबर लोनी के ट्रॉनिका सिटी से राहत भरी खबर, जलभराव से मुक्ति के लिए यूपीसीडा (UPSIDA) 3.20 करोड़ रुपये से बदलेगा ड्रेनेज सिस्टम का हाल। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।

और पढ़ें: कहीं इंसानियत शर्मसार तो कहीं टला बड़ा हादसा, अस्पताल ठप और नकली किताबों का भंडाफोड़

7 साल की मासूम से दुष्कर्म मामले में हिरासत में संदिग्ध

गाजियाबाद की पहली खबर राजनगर एक्सटेंशन से जहां एक मासूम बच्ची के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी पिछले 10 दिनों से लगातार बच्ची और उसके भाइयों से मेलजोल बढ़ा रहे थे ताकि बच्चों का भरोसा जीता जा सके और उन पर कोई शक न हो।

आरोपियों ने साजिश के तहत बच्ची के मासूम भाई को समोसा खिलाने के बहाने व्यस्त कर दिया। जैसे ही बच्चा समोसा खाने लगा, आरोपी उसकी बहन को चुपचाप अगवा कर ले गए। अपहरण के बाद मासूम के साथ दरिंदगी की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बच्ची का पार्थिव शरीर एक निर्माणाधीन मॉल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की कार्र वाई

गाजियाबाद पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

राकेश टिकेट ने जमीन विवाद को लेकर प्रशासन को दी चेतावनी (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की दूसरी खबर काजीपुर गांव से जहां भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश ने जमीन विवाद को लेकर प्रशासन और बिल्डर को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसानों की मर्जी के बिना उनकी जमीनें जबरन नहीं छीनी जा सकतीं और अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काजीपुरा गांव के किसानों का आरोप है कि 8 जुलाई को एक निजी बिल्डर प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से खसरा संख्या 151 और 158 की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया। जमीन का शांतिपूर्ण विरोध कर रहे कई स्थानीय किसानों को पुलिस द्वारा हिरासत में भी लिया गया था। रविवार को राकेश टिकैत खुद पीड़ित किसानों से मिलने काजीपुरा पहुंचे, उनकी शिकायतें सुनीं और सैकड़ों किसानों के साथ विवादित भूमि का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को कमजोर समझने की भूल न की जाए। आश्वासन देने का समय अब खत्म हो चुका है, या तो अफसर इसका त्वरित समाधान निकालें वरना बड़ा आंदोलन होगा। टिकैत ने किसानों से एकजुट रहने की अपील की है और घोषणा की है कि जल्द ही गांव में एक महापंचायत बुलाई जाएगी। इस महापंचायत में एक विशेष संघर्ष समिति बनाई जाएगी जो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की पूरी रूपरेखा तय करेगी।

नींद की झपकी से बेटे की दर्दनाक मौत (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की तीसरी खबर सड़क हादसे की जहां एक झपकी बनी मौत का कारण, गाजियाबाद के परिवार के साथ अमरोहा में भीषण हादसा, नींद की झपकी आने से बेटे की दर्दनाक मौत, बता दें कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम (शक्ति खंड) में रहने वाले पांडेय परिवार के साथ अमरोहा में एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ है। यह परिवार अपनी कार से गांव (गोंडा) से वापस गाजियाबाद अपने घर लौट रहा था।

अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर हवेली होटल के पास कार चला रहे पिता को अचानक नींद की झपकी आ गई। झपकी आते ही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि लोहे की रेलिंग का सरिया कार को चीरते हुए फ्रंट सीट पर बैठे 25 वर्षीय बेटे सोनू पांडेय के सीने के पार निकल गया। सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार तीन मासूम बच्चों सहित परिवार के कुल पांच लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर कारोबारी से ठगी

गाजियाबाद की चौथी खबर साइबर ठगी से जुड़ी है, जहां शातिर जालसाजों ने IGL गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर एक कारोबारी से लाखों रुपये ठग लिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइबर ठगों ने खुद को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने कारोबारी को झांसा दिया कि उनका गैस बिल अपडेट नहीं है और तुरंत प्रक्रिया पूरी न करने पर गैस सप्लाई बंद कर दी जाएगी। ठगों ने कारोबारी को झांसे में लेकर उनकी नेट बैंकिंग और बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके कुछ ही देर बाद उनके HDFC बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5.52 लाख रुपये उड़ा दिए गए।

पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी

पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर गाजियाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर रही है, जिनके जरिए रकम ट्रांसफर की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने जनता को सचेत किया है कि आईजीएल (IGL) जैसी कोई भी आधिकारिक कंपनी व्हाट्सएप पर एपीके (.apk) फाइल या संदिग्ध लिंक नहीं भेजती। किसी भी अनजान नंबर के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।

जलभराव की समस्या का यूपीसीडा ने निकाला समाधान (Top 5 Ghaziabad News)

गाजियाबाद की पांचवी खबर लोनी से जहां ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी (ट्रॉनिका सिटी) औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी और सकारात्मक खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) ने यहाँ मानसून के दौरान होने वाले गंभीर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपीसीडा (UPSIDA) ने सिग्नेचर सिटी में जलभराव रोकने और जमा पानी को बाहर निकालने (Dewatering) के लिए 3.20 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। मानसून के मौसम में इस पूरे इलाके की सड़कों और फैक्ट्रियों के आसपास भारी पानी जमा हो जाता है, जिससे निजात दिलाने के लिए यह पंपिंग और ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।

किसे मिलेगा इसका फायदा?

बता दें कि जलभराव दूर होने से क्षेत्र की सैकड़ों फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी। पानी भरने के कारण कामकाज ठप होने की नौबत अब नहीं आएगी। सड़कों से पानी हटने के बाद इस क्षेत्र में भारी वाहनों और स्थानीय निवासियों का यातायात बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चल सकेगा।

Rajni

rajni@nedricknews.com

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds