Vaibhav Suryavanshi debut: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों की नजरें सिर्फ एक सवाल पर टिकी थीं क्या युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी? जैसे ही कप्तान श्रेयस अय्यर टॉस के लिए मैदान पर पहुंचे, इस सस्पेंस से पर्दा उठ गया। 15 साल और 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारत के लिए टी20 डेब्यू करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि, उनके डेब्यू के साथ ही एक नया विवाद भी शुरू हो गया। चर्चा इस बात की होने लगी कि आखिर वैभव को मौका देने के लिए संजू सैमसन को ही क्यों बाहर किया गया।
दरअसल, दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन टीम से बाहर हो गए। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले ने कई पूर्व क्रिकेटरों को हैरान कर दिया और उन्होंने खुलकर अपनी राय रखी।
संजय मांजरेकर ने उठाए सवाल| Vaibhav Suryavanshi debut
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम चयन को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम की जर्सी में वैभव सूर्यवंशी को देखना खुशी की बात है, लेकिन संजू सैमसन को बाहर किए जाने का फैसला समझ से परे है। मांजरेकर ने अंदाजा जताया कि शायद संजू चोटिल होंगे, क्योंकि अगर ऐसा नहीं है तो यह बेहद चौंकाने वाला फैसला है। उनका मानना था कि यदि टीम मैनेजमेंट वैभव को मौका देना ही चाहता था, तो संजू सैमसन को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कराकर दोनों खिलाड़ियों को एक साथ खिलाया जा सकता था।
दिनेश कार्तिक भी आए संजू के समर्थन में
पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी इस फैसले पर निराशा जताई। कमेंट्री के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें संजू सैमसन के लिए बुरा लग रहा है। कार्तिक ने याद दिलाया कि कुछ महीने पहले टी20 विश्व कप के तीन नॉकआउट मुकाबलों में संजू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनका कहना था कि वैभव सूर्यवंशी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का भविष्य उज्ज्वल है और उन्हें मौका मिलने में थोड़ी देर भी हो जाती तो कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन इतने अहम खिलाड़ी को बाहर बैठाना उम्मीद से बिल्कुल अलग फैसला था।
खराब फॉर्म भी बनी वजह?
हालांकि, संजू सैमसन को बाहर करने के पीछे उनकी हालिया बल्लेबाजी भी एक अहम कारण मानी जा रही है। पिछले तीन टी20 मुकाबलों में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में वह कुल सिर्फ 5 रन ही बना सके थे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उनके बल्ले से महज 1 रन निकला। ऐसे में माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट ने युवा प्रतिभा को आजमाने का फैसला किया और वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया। हालांकि, वैभव भी अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए और फिर अपना विकेट गंवा बैठे।
डेब्यू से ज्यादा चर्चा चयन पर
वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम के लिए डेब्यू निश्चित रूप से ऐतिहासिक पल रहा। इतनी कम उम्र में देश का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। लेकिन इस उपलब्धि पर संजू सैमसन को बाहर किए जाने की बहस भी हावी रही।
























