Akshay Vs Aamir:बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज का इंतजार उनके फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। यह साल 2007 में रिलीज हुई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम’ का तीसरा पार्ट है। हालांकि फिल्म की रिलीज से पहले एक बार फिर उस दिलचस्प बॉक्स ऑफिस मुकाबले की चर्चा शुरू हो गई है, जब ‘वेलकम’ का सामना आमिर खान की चर्चित फिल्म ‘तारे जमीन पर’ से हुआ था।
जब एक ही दिन रिलीज हुई थीं दो बिल्कुल अलग फिल्में | Akshay Vs Aamir
19 दिसंबर 2007 बॉलीवुड के लिए बेहद खास दिन था। इसी दिन अक्षय कुमार स्टारर ‘वेलकम’ और आमिर खान की ‘तारे जमीन पर’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं। दोनों फिल्मों का विषय और अंदाज पूरी तरह अलग था। एक तरफ ‘वेलकम’ थी, जो कॉमेडी, मनोरंजन और मजेदार किरदारों से भरपूर फिल्म थी। दूसरी तरफ ‘तारे जमीन पर’ एक भावनात्मक और सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म थी, जिसमें डिस्लेक्सिया से पीड़ित एक बच्चे ईशान की कहानी दिखाई गई थी। फिल्म ने उन बच्चों की समस्याओं को सामने रखा था, जिन्हें पढ़ने-लिखने और सीखने में कठिनाई होती है।
आमिर खान ने फिल्म में एक ऐसे शिक्षक की भूमिका निभाई थी, जो बच्चे की प्रतिभा को पहचानता है और उसे आगे बढ़ने में मदद करता है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों का भरपूर प्यार मिला था।
कमाई में ‘वेलकम’ आगे, लेकिन मुनाफे के मामले में ‘तारे जमीन पर’ रही मजबूत
दिलचस्प बात यह रही कि दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थीं। हालांकि कुल कमाई के आंकड़ों में अक्षय कुमार की ‘वेलकम’ आगे रही। बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, ‘वेलकम’ लगभग 48 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने दुनियाभर में करीब 119.47 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं ‘तारे जमीन पर’ का बजट करीब 18 करोड़ रुपये था और फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 87.57 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
अगर केवल कुल कलेक्शन को देखा जाए तो ‘वेलकम’ ने ज्यादा कारोबार किया था। लेकिन बजट और रिटर्न के हिसाब से तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है। ‘तारे जमीन पर’ ने अपने बजट का लगभग 4.83 गुना रिटर्न दिया था, जबकि ‘वेलकम’ ने अपने बजट का करीब 2.47 गुना कलेक्शन किया था। यही वजह है कि मुनाफे के नजरिए से आमिर खान की फिल्म को ज्यादा मजबूत माना जाता है।
अब ‘वेलकम टू द जंगल’ से बड़ी उम्मीदें
करीब दो दशक बाद ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है। ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी मल्टीस्टार कास्ट है। अक्षय कुमार के अलावा फिल्म में सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, अरशद वारसी, राजपाल यादव और जॉनी लिवर जैसे कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में 20 से भी ज्यादा कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
पुराने गानों का भी मिलेगा तड़का
मेकर्स ने फिल्म में पुराने दर्शकों को जोड़ने के लिए ‘वेलकम’ के दो लोकप्रिय गानों को भी शामिल किया है। इनमें फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘वेलकम’ और चर्चित गीत ‘ऊंचा लंबा कद’ शामिल हैं। इससे फिल्म में पुराने दौर की यादें भी ताजा होंगी और नए दर्शकों को भी मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने की उम्मीद है।
क्या दोहरा पाएगी पहले पार्ट की सफलता?
‘वेलकम’ आज भी बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है। ऐसे में ‘वेलकम टू द जंगल’ के सामने दर्शकों की उम्मीsदों पर खरा उतरने की बड़ी चुनौती है। अब सभी की निगाहें 26 जून पर टिकी हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। देखना दिलचस्प होगा कि क्या अक्षय कुमार की यह मल्टीस्टारर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वही जादू दोहरा पाएगी, जो 19 साल पहले ‘वेलकम’ ने किया था।































